बेरहम इश्क़ -बेइंतेहा नफरत से बेपनाह मोहब्बत का सफर - Chapter 2
दो रास्ते थे तुम्हारे पास।...ये जानते हुए कि इस शादी से तुम्हें सिर्फ़ दर्द, अपमान, धिक्कार मिलेगी, मुझसे शादी करके अपने परिवार को मेरी कैद से आज़ाद करवा लो या फिर मेरी बात को न मानो और यहाँ से चली जाओ। पर फिर अपने परिवार की लाश देखने के लिए भी तैयार रहना, या अपनी ज़िंदगी बर्बाद होने से बचा सकती हो, जिसका मतलब होगा कि तुम अपने परिवार को हमेशा-हमेशा के लिए खो दोगी। या फिर अपने परिवार को एक नई ज़िंदगी देने के एवज़ में खुद को मौत से बदतर ज़िंदगी जीने के लिए तैयार कर लो।... फैसला तुम्हारा है और तुम्हारे पास सोचने के लिए सिर्फ़ पाँच मिनट हैं। अगर इन पाँच मिनट के अंदर तुमने मुझसे शादी करने के लिए हाँ नहीं कही और यहाँ से जाने के लिए कदम आगे बढ़ाया, तो मेरा बस एक फ़ोन कॉल और तुम्हारे परिवार का नामोनिशान इस दुनिया से मिट जाएगा। उसके बाद तुम दुनिया में कहीं भी क्यों न छुप जाओ, मैं तुम्हें ढूँढ निकालूँगा और उसके बाद तुम्हारा जो हश्र होगा, तुम उसकी कल्पना भी नहीं कर सकोगी।"
अर्नव के चेहरे पर गुस्से के साथ नफ़रत के भाव भी उभर आए थे। अब वह अपने फ़ोन को अपने हाथों में घुमाते हुए धृति को घूर रहा था। वहीं धृति के पैर वहाँ जम से गए थे। कानों में अर्नव की कही बातें गूंज रही थीं और आँखों के आगे अपने परिवार का चेहरा घूम रहा था।
अर्नव की निगाहें उसी पर टिकी थीं और अब चेहरे पर कोई भाव नहीं था। शायद वह पहले से ही धृति का फैसला जानता था, इसलिए एकदम शांत था। पर बाहर से जितना शांत वह नज़र आ रहा था, अंदर से उतना ही ज़्यादा अशांत था।
धृति कुछ पल परेशान सी सब बातों के बारे में सोचती रही। अपनी बेबसी पर आज उसको तरस आ रहा था। आँखें आँसुओं से लबालब भर चुकी थीं। उसने कुछ देर सोचने के बाद अपने हाथों से अपने आँसुओं को पोछ लिया और उसकी ओर पलटते हुए बोली,
"अगर मैं आपसे शादी करती हूँ, तो आप मेरी फैमिली को छोड़ देंगे? दोबारा अपने मकसद को पूरा करने के लिए या मुझे मजबूर करने के लिए उन्हें बीच में तो नहीं लाएँगे?"
"एक बार मेरी तुमसे शादी हो जाए, उसके बाद मुझे उनकी कोई ज़रूरत नहीं।"
धृति ने उसकी बात सुनी। बहुत हिम्मत के साथ उसने आगे कहा, "ठीक है। मैं आपसे शादी करने को तैयार हूँ। आप जब और जहाँ कहेंगे, मैं आपसे शादी कर लूँगी, बस आप मेरी फैमिली को छोड़ दीजिए।"
आखिर में धृति उसके आगे झुक ही गई। यह देखकर अर्नव के लबों पर तिरछी मुस्कान फैल गई। उसने उसकी ओर कदम बढ़ाते हुए, इंटेंस निगाहों से उसे देखते हुए कहा, "गुड। इंटेलिजेंट लगती हो तुम। बहुत अच्छा फैसला लिया है तुमने। अब जब डिसीड कर ही लिया है, तो देर किस बात की? शादी अभी और इसी वक़्त होगी और एक बार शादी संपन्न हो जाए, उसके बाद मैं तुम्हारे परिवार को आज़ाद कर दूँगा।"
उसकी बात सुनकर धृति एक बार फिर चौंक गई। वह आँखें फाड़े उसे देखते हुए हैरानी से बोली, "अभी शादी होगी? इसका क्या मतलब?"
अर्नव उसके ठीक सामने आकर खड़ा हो गया। उसने तिरछी मुस्कान के साथ उसे देखते हुए चुटकी बजाई और इसके साथ ही वह जगह रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठी।
जैसे ही धृति की नज़र सामने पड़ी, उसके होश उड़ गए।
लिविंग रूम के बड़े से हॉल के बीचों-बीच फूलों से सजा खूबसूरत सा मंडप बनाया हुआ था जहाँ शादी के लिए आवश्यक सभी सामग्री पहले से मौजूद थी। वहाँ पंडित जी और दुल्हा-दुल्हन के बैठने के लिए आसन भी लगे थे और बीच में हवन कुंड बना हुआ था जिसमें अभी आग नहीं जल रही थी।
धृति को अपनी आँखों पर विश्वास नहीं हो रहा था। उसने अविश्वास भरी नज़रों से अर्नव को देखा। उसने बिना किसी भाव के सवाल किया, "शादी अभी और इसी वक़्त होगी। अगर अपने परिवार की जान बचाना चाहती हो, तो तुम्हें मेरी हर बात खामोशी से माननी होगी क्योंकि कोई मेरी बात का विरोध करे, यह मुझे बिल्कुल पसंद नहीं।"
उसने सख्त भाव से उसे चेताया। शादी शब्द सुनकर धृति की आँखों में नमी उतर गई। उसने नम आँखों से उस मंडप को देखा, जहाँ उसकी बर्बादी की कहानी लिखी जानी थी, जिसे इतनी खूबसूरती से सजाया ही इसलिए गया था ताकि वहाँ उसकी किस्मत को दुखों, तकलीफों और अपमान से जोड़ा जाए।
फिर उसने खुद को संभालते हुए सख्त भाव से कहा, "मैं आपसे शादी करने को तैयार हूँ। आप अभी इसी वक़्त शादी करना चाहते हैं, तो मैं अभी ही मंडप पर बैठ जाऊँगी। पर उससे पहले आपको मेरी फैमिली को अपनी कैद से आज़ाद करना होगा। जो इंसान मुझे इस जबरदस्ती की शादी के लिए राज़ी करने के लिए इस हद तक गिर सकता है कि एक लड़की के परिवार को निशाना बनाए, उसकी मजबूरी का फ़ायदा उठाकर अपने मकसद में पूरा करना चाहे, मैं उस शख्स पर विश्वास कैसे कर लूँ कि अपने मकसद के पूरे होने के बाद वह अपना वादा निभाएगा?
मुझे आप पर विश्वास नहीं। क्या पता आप मुझसे शादी करने के बाद अपनी बात से मुकर जाएँ और मेरे परिवार को अपनी कैद से आज़ाद न करें ताकि आगे भी आप उन्हें निशाने पर रखकर मुझसे अपनी बात मनवा सकें। इसलिए पहले आप मेरी फैमिली को आज़ाद कीजिए। जब मैं उन्हें सही-सलामत अपने घर पर देख लूँगी, तो उसके बाद आप जो और जैसा कहेंगे, मैं बिना कोई सवाल किए, आपकी हर बात मान लूँगी।"
उसकी बातें सुनकर अर्नव की मुट्ठी गुस्से से कस गई। उसने जबड़े भींचते हुए, बेहद गुस्से में पर धीमी आवाज़ में कहा, "इस वक़्त तुम्हारे पास मुझ पर विश्वास करने और खामोशी से मेरी बात मानने के अलावा और कोई चारा है ही नहीं। इसलिए अपना यह गुमान मुझे दिखाने की ज़रूरत नहीं है।... वैसे भी जिसकी खुद की फ़ितरत में धोखा देना शामिल हो, जिसके खून में छल-कपट, धोखेबाज़ी और चालाकी बहती हो, उसके मुँह से विश्वास की बातें सुनना कुछ ठीक नहीं लगता।
तुम भरोसा करो या न करो, पर मैं तुम्हारी तरह धोखेबाज़ नहीं हूँ। अपने दिए वादे से मुकरना मेरी नहीं, तुम्हारी फ़ितरत है। मेरी ज़ुबान से एक बार जो बात निकल गई, वह पत्थर की लकीर होती है। मैंने कह दिया कि शादी के पूरे होते ही तुम्हारा परिवार सही-सलामत तुम्हारे घर पहुँच जाएगा, तो मतलब पहुँच जाएगा। अब अगर तुमने एक और शब्द अपने ज़ुबान से निकाला, तो मुझे अपना फ़ैसला बदलने में वक़्त नहीं लगेगा। इसलिए अगर अपने परिवार को ज़िंदा देखना चाहती हो, तो अपना मुँह बंद रखो और चुपचाप जो कहा जाए, वह करो।"
अर्नव का चेहरा गुस्से से तमतमा रहा था। इतने इल्ज़ाम लगाए उसने धृति पर, लेकिन उसे यह तक समझ नहीं आया कि आखिर उसने क्या किया है? उसके किस गुनाह की सज़ा मिल रही है उसे?
कोई और रास्ता था ही कहाँ उसके पास, सिवाय खामोशी से अर्नव की बात मानने और न चाहते हुए भी इस जबरदस्ती के रिश्ते में बंधने के, जिससे उसे सिर्फ़ तकलीफ़ ही मिलने वाली थी।
उसने अपना सर झुकाकर खामोश स्वीकृति दे दी। अर्नव ने घृणा भरी नज़र उस पर डाली, फिर तेज आवाज़ में चीखा, "माधुरी..."
उसकी आवाज़ इतनी तेज थी कि धृति का पूरा बदन काँप उठा। वहीं अगले ही पल किचन से एक २५ साल की लड़की भागते हुए वहाँ पहुँची और अर्नव के आगे आकर सर झुकाकर बोली, "जी सर।"
"इन्हें कमरे में लेकर जाओ और अच्छे से दुल्हन की तरह तैयार करके लेकर आओ। याद रहे, अगर कहीं कोई कमी रह गई, तो तुम्हें कल से ऑफ़िस आने की कोई ज़रूरत नहीं है।"
अर्नव ने धृति की ओर इशारा किया और उसे लेकर जाने का कहने के साथ ही उसे भी धमकी दे डाली। उसने तुरंत हाँ में सर हिलाकर धृति को देखकर उसे चलने को कहा। धृति खामोश सी, धीमे कदमों से उसके पीछे चली गई।
उसके वहाँ से जाते ही अर्नव ने किसी को फ़ोन किया और सीढ़ियों की ओर बढ़ गया।
करीब एक घंटे बाद अर्नव सीढ़ियों से नीचे उतरा। गोल्डन कलर की एम्ब्रॉइडेड शेरवानी, सर पर गुलाबी रंग का साफ़ा बाँधा हुआ था, जिस पर गोल्डन कलर में मोर डिज़ाइन वाला ब्रोच लगा हुआ था। कंधे पर राजसी स्टाइल में डाला हल्के गुलाबी रंग का दुपट्टा, गले में मोतियों की चार लड़ी वाली माला पहनी हुई थी। पैरों में ट्रेडिशनल जूती।
चेहरे पर सख्त भाव, गहरी काली आँखों में बेहिसाब गुस्सा और नफ़रत कैद थी; खड़ी नाक जिस पर गुस्सा सवार था; पतले-पतले गुलाबी लब जो गुस्से में भींचे हुए थे। हैंडसम तो था ही, पर चेहरे पर मौजूद हल्की बियर्ड्स और उसके सख्त भाव उसे किलर लुक दे रहे थे। छः फुट हाइट, जिम बनाई मस्क्युलर बॉडी जिसके उभार उस फ़िटेड शेरवानी में साफ़ नज़र आ रहे थे।
कमाल की पर्सनैलिटी थी उसकी, जो एक बार देख ले, सीधे उसके दिल में उतर आए। चेहरे पर झलकता रौब उसकी पर्सनैलिटी का अहम हिस्सा था जो उसे सबसे जुदा बना रहा था। दूध सा गोरा चेहरा जो गुस्से में हल्का लाल हो रखा था।
बेहद दिलकश लग रहा था वह और दुल्हे के लिबास में तो और ज़्यादा हॉट लग रहा था।
वह बड़े ही रौब से चलते हुए नीचे आया तो मंडप के पास उसी की उम्र का एक लड़का खड़ा था। देखने में काफ़ी हैंडसम था और एकदम फ़ॉर्मल लुक में वह अलग ही नज़र आ रहा था। वह पंडित जी से कुछ बात कर रहा था। तभी अर्नव उसके पास पहुँचा तो उस लड़के ने निगाहें उसकी ओर घुमाईं, फिर उसे लेकर साइड में आ गया।
अर्नव बिना किसी भाव के उसके साथ चला आया। दूसरे लड़के ने अब उसे देखते हुए गंभीरता से सवाल किया,
"अर्नव, तू श्योर है न कि तू यह करना चाहता है? मतलब देख यार, मैं समझता हूँ कि तू उसे तकलीफ़ देना चाहता है, उसकी ज़िंदगी बर्बाद करना चाहता है, बदला लेना चाहता है उससे, पर उसके तो और भी कई तरीके हैं न? फिर तू क्यों उससे शादी करके अपनी ज़िंदगी बर्बाद करना चाहता है? देख यार, मैं तेरी फ़ीलिंग्स को समझता हूँ और तेरे हर फ़ैसले में तेरे साथ खड़ा हूँ, पर यार शादी ज़िंदगी का एक बेहद अहम फ़ैसला होता है, उसको यूँ गुस्से में या बदले के लिए लेना ठीक नहीं है। तू उससे शादी उसकी ज़िंदगी बर्बाद करने के लिए करना चाहता है, पर उसके साथ-साथ तेरी ज़िंदगी भी ख़राब हो जाएगी।
नफ़रत से जुड़ा यह रिश्ता अगर उसे दर्द और तकलीफ़ देगा, तो तुझे भी ज़िंदगी भर का दर्द ही मिलेगा इस रिश्ते में बंधकर। एक बार फिर सोच ले यार। हम कोई और तरीका ढूँढ लेंगे उससे बदला लेने का। तुझे उसके लिए उस धोखेबाज़ लड़की से शादी करने की कोई ज़रूरत नहीं है।"
वह लड़का काफ़ी परेशान लग रहा था। अर्नव खामोशी से उसकी बात सुन रहा था। उसके एक्सप्रेशनलेस चेहरे को देखकर यह बता पाना बेहद मुश्किल था कि आखिर उसके दिमाग में इस वक़्त चल क्या रहा है?
वह लड़का खामोश हुआ तो कुछ पल वहाँ गहरी खामोशी पसरी रही। फिर अर्नव ने भावहीन, कठोर लहज़े में कहना शुरू किया,
"ठीक कहा तूने, उसे दर्द देने के और भी तरीके हैं, पर जो तकलीफ़ मैं उसे अपनी ज़िंदगी में शामिल करने के बाद दूँगा, उसकी बात ही अलग होगी।... हर पल उसे उसके गुनाहों का एहसास दिलाऊँगा। उसने जो किया, उसके बाद उसे चैन से जीने का कोई हक़ नहीं है और यह रिश्ता उसकी ज़िंदगी से सुख-चैन और खुशियों को हमेशा-हमेशा के लिए छीन लेगा।
बहुत शौक़ से उसे अपने हुस्न के जाल में मासूम लड़कों को फँसाकर उनके दिल और जज़्बातों के साथ खेलने का, एक बार शादी हो जाए, उसके बाद मैं उसकी ज़िंदगी के साथ ऐसा खेल खेलूँगा कि वह उस पल को कोसेगी जब वह मेरी ज़िंदगी में आई थी।
अमीर लड़कों को अपने प्यार के जाल में फँसाकर उनका इस्तेमाल करना और ज़रूरत पूरी होने के बाद उन्हें तड़पता छोड़ देना फ़ितरत है उसकी। अब मैं उसे एहसास दिलाऊँगा कि तड़पना क्या होता है। कितनी तकलीफ़ होती है जब कोई अपनी ज़िंदगी को अपने मतलब के लिए कंट्रोल करता है और अंत में आपको मरने के लिए अकेला छोड़ देता है। तन्हाई कैसी टीस पैदा करती है दिल में, इसका एहसास अब उसे होगा।..."