बेरहम इश्क़ -बेइंतेहा नफरत से बेपनाह मोहब्बत का सफर Ch. 1

बेरहम इश्क़ -बेइंतेहा नफरत से बेपनाह मोहब्बत का सफर - Chapter 1

Posted by Aarya Rai • Feb 14, 2025 05:42 AM

मुंबई, जुहू

शाम का समय था। आसमान में काले बादल घिर आए थे। हर तरफ घना अंधकार अपना अस्तित्व कायम करता जा रहा था। ऐसा लग रहा था मानो वह अंधकार किसी की ज़िंदगी के सुनहरे प्रकाश को धीरे-धीरे खुद में समेट रहा था, उसकी ज़िंदगी को घने अंधकार में धकेल रहा था।

शाम का वक़्त था, इसलिए जुहू की ओर काफी भीड़ थी। मौसम भी खराब हो रहा था, इसलिए सभी लोग अपने-अपने घरों की ओर रवाना हो गए थे। जिस वजह से सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतार लग चुकी थी। और गाड़ियों की उसी भीड़ में एक टैक्सी फंसी हुई थी, जिसमें बैठी लड़की बार-बार अपनी कलाई में बंधी उस पुरानी सी घड़ी को देख रही थी।

जैसे-जैसे वक़्त गुज़र रहा था, उस लड़की की घबराहट भी बढ़ती जा रही थी। उसने अपने एक हाथ में अपने फ़ोन को जकड़ा हुआ था, जिस पर एक मैसेज शो हो रहा था, शायद कहीं का एड्रेस था और उसे जल्दी से जल्दी वहीं पहुँचना था।

डर और घबराहट उसके चेहरे पर साफ़ नज़र आ रहे थे। पूरा चेहरा पसीने से भीगा हुआ था। कपड़ों पर मिट्टी लगी हुई थी, कोहनी पर छिलने के निशान थे, जिससे हल्का-हल्का खून रिस रहा था। मतलब ज़ख्म ताज़ा था, शायद जल्दबाज़ी में कहीं गिर गई थी।

नीले रंग का सिंपल सा शॉर्ट कुर्ता, जिसका रंग भी कुछ फ़ीका पड़ चुका था, उसके नीचे व्हाइट जीन्स जो गंदी हो चुकी थीं और गले में मल्टी कलर का स्कार्फ़, जिससे वह बार-बार अपने पसीने को पोंछ रही थी।

चौड़ा माथा, जिस पर कुछ छोटे-छोटे बालों की लटें बेतरतीब ढंग से फैली हुई थीं। पतली आइब्रो, जैसे अभी ही बनवाई गई हों। बड़ी-बड़ी भूरी आँखें जो काजल से सजी थीं और बेहद आकर्षक लग रही थीं। पतली, छोटी सी नाक और पतले-पतले करीने से तराशे गए, गुलाब की पंखुड़ियों से कोमल गुलाबी होंठ जो घबराहट की वजह से सूख चुके थे। गोरा मुखड़ा जिसका रंग डर से सफ़ेद पड़ता जा रहा था।

चाँद सा सुंदर मुखड़ा, वह किसी को भी अपना दीवाना बना दे। करीने से तराशा गया बदन, कुदरत का बनाया बेशकीमती रत्न लग रही थी वह लड़की जो सादगी में भी कहर बरपा रही थी। उसकी सुनहरी आँखें ही किसी को भी खुद में डूबने पर मजबूर करने को काफी थीं। उसके गुलाबी लब और उनके ऊपर दाईं ओर अपनी हुकूमत जमाए बैठा वह काला तिल, जो किसी के भी ध्यान को अपनी ओर खींचने का हुनर जानता था। उसकी खूबसूरती को शब्दों में बयाँ करना बेहद कठिन था और उस खूबसूरती पर चार चाँद लगा रहा था उसके लबों पर अपना अधिकार जमाए बैठा वह तिल और उसके चेहरे पर झलकती मासूमियत।

वह लड़की कुछ पल घबराई हुई सी, कभी अपने फ़ोन को तो कभी अपनी कलाई पर बंधी घड़ी को देखती रही। पर जब ट्रैफ़िक ने छंटने का नाम नहीं लिया, तो उसने अपने गोद में रखे बैग से पैसे निकालकर उस टैक्सी वाले को दिए और टैक्सी से निकलकर पैदल ही जुहू बीच की ओर दौड़ गई।

वह अभी कुछ दूर पहुँची ही थी कि बादल पूरे जोर के साथ गरजे, जिससे एक पल को वह लड़की घबरा गई और उसके कदम काँप उठे। पर जल्दी ही उसने खुद को संभाला और उस तूफानी बारिश की परवाह न करते हुए बस सड़कों पर भागती रही। कुछ पंद्रह मिनट पूरा दम लगाकर भागने के बाद एक विला के बाहर आकर उसके कदम रुके। दरवाज़ा बन्द था, तो वह वहीं खड़ी हो गई।

भागने की वजह से उसकी साँसें फूलने लगी थीं, इसलिए उसने अपनी दोनों हथेलियों को अपने घुटनों पर टिकाया और हल्का झुकते हुए गहरी-गहरी साँसें लेने लगी। वह पूरी तरह से बारिश में भीग चुकी थी।

कुछ सेकंड बाद, जब उसकी साँसें कुछ नियंत्रित हुईं, तो उसने सर उठाकर देखा। पर अब वह दरवाज़ा बन्द नहीं था, बल्कि खुल चुका था और उस बड़े से काले गेट के दोनों तरफ़ दो गार्ड अपनी ब्लैक यूनिफ़ॉर्म पहने सर झुकाए खड़े थे।

उस लड़की को कुछ समझ नहीं आया। इतने में एक सर्वेंट बाहर आया और उस लड़की के पास आकर बोला, "मैडम, आपको सर ने अंदर बुलाया है।"

वह सर्वेंट उसके आगे सर झुकाकर खड़ा हो गया। वह लड़की उलझी हुई सी आगे बढ़ गई और उस सर्वेंट के पीछे-पीछे चलने लगी। वह घबराई निगाहों से उस बंगले को देख रही थी।

व्हाइट संगमरमर से बना वह बंगला बहुत प्यारा लग रहा था। चारों तरफ़ हरियाली ही हरियाली थी। वह गलियारों से होते हुए अंदर बंगले की ओर बढ़ रही थी। उसके दोनों ओर खुला गार्डन था। दूर-दूर तक हरियाली ही हरियाली थी, बड़े-बड़े पेड़-पौधे लगे थे वहाँ। वातावरण जितना शांत था, उतना ही भयावह भी लग रहा था। बारिश अब भी अपने चरम पर थी और पेड़-पौधे ऐसे लग रहे थे जैसे नहाकर एकदम ताज़ा हो गए थे।

वह लड़की घबराई हुई सी उस सर्वेंट के पीछे चली जा रही थी और वह खुद में सिमटती जा रही थी, क्योंकि एक तो बारिश में भीगने की वजह से उसके कपड़े उसके जिस्म से चिपक गए थे, और दूसरी वजह थी कि पूरी तरह भीगने के वजह से अब उसे ठंड लग रही थी।

उसने जैसे ही गेट के अंदर कदम रखा, उसके कदम ठिठक गए और आँखें हैरानी से बड़ी-बड़ी हो गईं। वहाँ हर जगह सिर्फ़ अंधेरा ही अंधेरा था। इतना घना अंधकार था कि एक हाथ को दूसरे हाथ तक भी न दिखे।

वह लड़की, जिसके पीछे आ रही थी, अब वह सर्वेंट उसे कहीं नज़र ही नहीं आ रहा था। उसे कुछ नज़र ही नहीं आ रहा था, इसलिए वह एंट्रेंस पर ही खड़ी हो गई और घबराई हुई सी सामने फैले घने अंधेरे और अजीब से सन्नाटे को देख रही थी।

अचानक ही उसके कानों में एक सख्त, रौबदार आवाज़ पड़ी, "अंदर आ सकती हो, सही जगह आई हो। पहले ही तुम आधे घंटे लेट हो, अगर अब एक मिनट भी और देर की तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना।"

एकदम से उस दिल दहला देने वाली आवाज़ को सुनकर वह लड़की एकदम से काँप उठी। पहले तो वह डर गई, पर फिर जैसे ही उसने उसके बात पर ध्यान दिया, उसे कुछ याद आया। फिर उसने अपने दिल को मज़बूत किया। फिर उसने अपनी हथेली को आगे करते हुए अंधेरे में ही कदम आगे बढ़ा दिया।

वह अभी कुछ कदम चली ही थी कि उसके हाथ किसी के शरीर को छू गए। तो उसने हड़बड़ाहट में अपनी हथेलियों को पीछे हटाते हुए कहा, "सॉरी..."

वह आगे कुछ कह पाती, उससे पहले ही किसी ने उसकी पीछे हटती बाँह को थामकर उसे झटके से अपनी ओर खींच लिया। उस लड़की का सर सामने खड़े इंसान के चौड़े सीने से टकरा गया। वह पाषाण जैसा सीना, उससे टकराकर लड़की का सर एक पल को चकरा गया। अगले ही पल उसने कानों में एक बार फिर वही गुस्से भरी भयावह आवाज़ पड़ी,

"Welcome to hell, मिस धृति अवस्थी।"

लड़की, मतलब धृति के कानों में उसके कहे शब्द पड़े तो, एक अंजान के मुँह से अपना नाम सुनकर उसकी आँखें हैरानी से बड़ी-बड़ी हो गईं। बाकी बातों पर उसने गौर ही नहीं किया। उसके मुँह से अपना नाम सुनकर उसने चौंक कर सर उठाकर देखा, पर उसे कुछ नज़र ही नहीं आया, बस उस अंधेरे में टिमटिमाती किसी की काली, गहरी, डरावनी आँखें जो उसी पर टिकी थीं। उसे देखकर धृति का गला सूखने लगा। तभी उसे कुछ याद आया और उसने तुरंत अपनी हथेलियों से उस लड़के को खुद से दूर धक्का देते हुए गुस्से से चिल्लाकर कहा,

"मुझे ऐसे यहाँ बुलाने का क्या मतलब हुआ?"

वह ठीक से उससे दूर भी नहीं जा सकी थी कि एक बार फिर उसकी बाँह उस लड़के की पकड़ में आ चुकी थी और इस बार उसकी पकड़ इतनी सख्त थी कि धृति के मुँह से दर्द भरी आह निकल गई। वह दर्द से छटपटाते हुए अपनी बाँह को उससे छुड़ाने की कोशिश करने लगी, पर उस लड़के ने एक बार फिर उसकी बाँह पकड़कर उसे खुद से सटा लिया और उसकी बाँह को बड़ी ही बेरहमी से मोड़ते हुए उसकी पीठ से सटा दिया।

धृति दर्द से तड़प उठी। उसने दर्द से तिलमिलाते हुए निगाहें उठाकर उस शक्ल को देखा, जिसकी वह सिर्फ़ आँखें ही देख पा रही थी।

धृति की आँखें आँसुओं से भरी हुई थीं, दर्द चेहरे पर उभर आया था। पर उस लड़के के भाव एकदम सख्त थे और आँखों में नफ़रत की ज्वाला धधक रही थी।

धृति ने जैसे ही कुछ कहने के लिए अपने लबों को खोलना चाहा, उसके दोनों गालों को पकड़ते हुए उस शख्स ने उसके मुँह को दबा दिया, जिससे वह कुछ कह न सकी, बस भरी निगाहों से उस भयानक, डरावनी काली आँखों को देखने लगी।

उस लड़के ने उसकी एक बाँह को पकड़कर उसकी पीठ से लगाकर उसे खुद से एकदम सटाया हुआ था, दोनों के जिस्म एक-दूसरे को छू रहे थे। दूसरी हथेली से उसने उसके मुँह को दबाया हुआ था, जिससे वह चाहकर भी वह कुछ कह नहीं सकती थी।

धृति आँसुओं से लबालब भरी आँखों से उसकी गहरी काली, डरावनी आँखों में झाँक रही थी।

वह लड़का कुछ पल बेहद गुस्से से उसे घूरता रहा। फिर उसने गुस्से से जबड़े भींचते हुए कहा, "यहाँ किसी की इतनी हिम्मत नहीं कि अर्नव सिंह राइज़ादा के सामने निगाहें उठाकर भी देख ले, ऊँची आवाज़ में बात करना तो बहुत दूर की बात है। और तुम्हारी तो इतनी भी औक़ात नहीं कि मेरे सामने खड़ी रह सको और तुम हो कि मुझ पर अपना रौब दिखा रही हो। जानती नहीं हो अभी मुझे... कोई मुझसे ऊँची आवाज़ में बात करे ये मुझे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं। अगर तुम्हारी जगह किसी और ने ये गुनाह किया होता तो अभी तक अपनी ज़िंदगी से हाथ धो बैठा होता, पर तुम्हें इतनी आसान मौत नहीं मिल सकती। तुम्हें मौत ज़रूर मिलेगी, पर उसके लिए तुम्हें पल-पल तड़पना होगा, मुझसे मौत की भीख माँगनी होगी, महसूस करना होगा कि हर पल एक नई मौत मरने का दर्द कैसा होता है... तुम्हें तो ऐसी मौत दूँगा कि तुम्हारी रूह भी काँप उठेगी। पर उससे पहले तुम्हें इतना दर्द दूँगा कि तुम तड़पोगी मरने के लिए, पर तुम्हें मौत भी नसीब नहीं होगी क्योंकि मेरी इज़ाज़त के बिना तुम्हें मरने की भी इज़ाज़त नहीं मिलेगी। न तो तुम्हें सुकून से जीने दूँगा और न ही चैन से मरने... बहुत शौक है न दूसरों की ज़िंदगी, उनकी फ़ीलिंग्स के साथ खेलने का, अब बस देखती जाओ कि मैं तुम्हारी ज़िंदगी का क्या हश्र करता हूँ, मिस धृति अवस्थी।"

उस शख्स ने एक-एक शब्द बेहद गुस्से में चबाते हुए कहा। धृति पहले तो उसकी गुस्से भरी डरावनी आवाज़ को सुनकर सहम गई, पर जैसे-जैसे वह कहता गया, धृति के चेहरे के भाव बदलते गए।

अर्नव की घूरती निगाहें अब भी उस पर ही टिकी थीं, जिसे धृति बखूबी महसूस कर पा रही थी। अर्नव ने उसे बेहद टाइटली पकड़ा हुआ था, न वह हिल पा रही थी और न ही कुछ कह पा रही थी।

उसने अपने दूसरे हाथ से उसके हाथ को अपने मुँह पर से हटाया। फिर उससे दूर होने की कोशिश करते हुए बोली,

"है कौन आप?... चाहते क्या है मुझसे?... कैसे जानते हैं मुझे? मैं तो आपको नहीं जानती..."

वह आगे कुछ कह पाती, उससे पहले ही अर्नव ने उसे झटके से खुद से दूर धकेल दिया और गुस्से से चीख उठा, "तुम मुझे नहीं जानती, पर मैं तुम्हें और तुम्हारी फ़ितरत को बहुत अच्छे से पहचानता हूँ। तुम्हारी इतनी औक़ात नहीं कि तुम मेरे बारे में कुछ जानो। फिर भी तुम्हें इतना बता देता हूँ कि मैं दुश्मन हूँ तुम्हारा... तुमसे बेइंतेहा नफ़रत करता हूँ और इस नफ़रत की आग में तुम्हें पल-पल जलने पर मजबूर करने वाला हूँ। मैं वो तूफ़ान हूँ जो तुम्हारी ज़िंदगी को तबाह करने आया है।"

उसकी बातें बेचारी धृति के सर के ऊपर से जा रही थीं। उसके यूँ अचानक धकेलने की वजह से धृति ज़मीन पर गिर गई थी और अब वह सर उठाकर सहमी सी, हैरान-परेशान सी उस लड़के को देख रही थी।

लड़का जैसे ही चुप हुआ, धृति ने खड़े होते हुए थोड़ा आराम से कहा, "देखिए, मैं आपको नहीं जानती... मेरा आपसे कोई लेना-देना नहीं है, मुझे नहीं पता आप क्या और क्यों कर रहे हैं? नहीं जानती कि क्यों आप इस क़दर मुझसे नफ़रत करते हैं जबकि मैंने पहले कभी न आपको देखा है और न ही आपका पहले कभी नाम ही सुना है... मुझे बस इतना पता है कि आप जो कर रहे हैं वो ग़लत है, मैंने आपका कुछ नहीं बिगाड़ा और न ही मेरे परिवार की आपसे कोई दुश्मनी है... आपने मुझे यहाँ बुलाया तो मैं आ गई। अब मेरे परिवार और मुझे बख्श दीजिए... उन्हें छोड़ दीजिए।"

धृति उससे विनती कर रही थी, पर अर्नव पर जैसे कोई असर ही नहीं हो रहा था। धृति बोल ही रही थी कि अचानक एक भयानक हँसी की आवाज़ वहाँ गूंज गई, जिससे धृति एकदम से ख़ामोश हो गई और हैरान-परेशान सी अपने सामने खड़े अर्नव को देखने लगी जो उसे देखकर ऐसे हँस रहा था मानो उसका उपहास उड़ा रहा हो।

अर्नव कुछ देर तक हँसता रहा, फिर एकाएक उसने धृति की बाँह पकड़कर उसे अपनी ओर खींच लिया। वह उसे बेहद डरावना लग रहा था और उसकी गुस्से भरी निगाह धृति पर टिकी हुई थी।

उसने धृति की बाँह पर अपनी पकड़ मज़बूत करते हुए दाँत पीसते हुए कहा, "ग़लत कर रहा हूँ मैं? जो तुमने किया उसके सामने तो ये कुछ भी नहीं, मिस धृति अवस्थी। बहुत शौक है न तुम्हें लोगों की ज़िंदगियों के साथ खेलने का। आज जब बात तुम्हारे अपनों की आई तो इतनी जल्दी तिलमिला उठी..."

धृति अब भी परेशान सी उसे देख रही थी और उसकी बातों को समझने की कोशिश कर रही थी। बाँह में दर्द हो रहा था उसे, पर अभी उसे इसका होश ही नहीं था। वह तो अर्नव के लगाए इल्ज़ाम सुनकर स्तब्ध सी उसे देखे जा रही थी।

अर्नव ने अब शैतानी स्माइल के साथ उसे देखा, फिर उसकी बाँह को उसकी पीठ से लगाकर उसे अपने और करीब करते हुए एविल मुस्कान के साथ बोला,

"सही कहा तुमने, मेरा तुम्हारे परिवार से कोई लेना-देना नहीं है, मेरी दुश्मनी तो तुमसे है और वो बेचारे तो तुम्हारे और मेरे बीच पिस रहे हैं। आखिर थोड़ी सज़ा तो उन्हें भी मिलनी चाहिए न, तुम जैसी बेटी को पैदा करने की... पर तुम चिंता मत करो, मैं उन्हें कुछ नहीं करूँगा, मैं तो यहाँ सिर्फ़ तुम्हारी ज़िंदगी को जहन्नुम बनाने आया हूँ और वो बस मेरे मोहरे हैं जो मुझे मेरी मंज़िल तक पहुँचाने में मेरे काम आने वाले हैं... जानना नहीं चाहोगी कि मेरा उन्हें किडनैप करने और तुम्हें यहाँ बुलाने के पीछे आखिर मेरा मक़सद क्या था?"

धृति उसके एक्सप्रेशन देखकर घबराने लगी, उसे कुछ ग़लत होने का अंदेशा हो रहा था। अर्नव की आँखों में उसने अपने लिए नफ़रत देखी थी, बेइंतेहा नफ़रत, जिसकी वजह तक वह नहीं जानती थी, पर अर्नव की बातें उसके दिल दहलाने को काफी थीं।

उसने घबराते हुए धीरे से पूछा, "क्या चाहते हैं आप मुझसे...?"

"शादी करना चाहता हूँ तुमसे।" अर्नव ने बिना किसी भाव के ही जवाब दिया। उसका जवाब सुनकर धृति के होश फाख्ता हो गए। वह फटी आँखों से उसे देखते हुए हैरानगी से बोली,

"शादी?"

"हाँ, शादी। और ये सोचने की भूल भूल से भी मत करना कि मैं तुम्हें चाहता हूँ इसलिए तुमसे शादी करना चाहता हूँ। मैं तुम्हें तिल-तिल करते मरते देखना चाहता हूँ... तुम्हें मौत के लिए तड़पते देखना चाहता हूँ... बहुत खेल ली तुम औरों की ज़िंदगी से, पर तमाशा तुम्हारी ज़िंदगी का बनेगा... तुमसे शादी करके मैं तुम्हारी ज़िंदगी और तुम्हारी खुशियों को तबाह कर दूँगा। इतना दर्द दूँगा तुम्हें कि तुम्हारे आँसू तक तुम्हारा साथ छोड़ देंगे... तुम्हें इतना अकेला कर दूँगा कि तड़पोगी तुम दर्द से, मरना चाहोगी, पर मैं तुम्हें मौत भी नसीब नहीं होने दूँगा।"

धृति जो अब तक शादी की बात सुनकर सदमे में थी, वह एकाएक जैसे होश में लौट आई। उसने अपनी पूरी ताक़त लगाकर अर्नव को खुद से दूर धकेल दिया। अर्नव को इसकी उम्मीद नहीं थी, इसलिए वह दो कदम पीछे हट गया। गुस्से से उसका चेहरा तमतमा उठा, पर वह कुछ कहता या कर पाता, उससे पहले ही धृति उस पर गुस्से से चीख पड़ी,

"समझ क्या रखा है आपने खुद को? मैं तब से कुछ कह नहीं रही, शांति से पेश आ रही हूँ तो मुझ पर हावी होने की कोशिश कर रहे हैं। तब से सुन रही हूँ जो मुँह में आ रहा है, बस बोले जा रहे हैं... अपना ज़ोर आज़मा रहे हैं मुझ पर, ऐसे इल्ज़ाम लगा रहे हैं जिसकी वजह तक मुझे नहीं पता। तब से मैं ख़ामोश थी तो आपने मेरी ख़ामोशी को मेरी कमज़ोरी ही समझ लिया। पर मैं कमज़ोर नहीं हूँ... आप कौन हैं, क्या हैं, क्यों यहाँ आए हैं? क्यों कर रहे हैं ये सब? किस बात का बदला लेना चाहते हैं मुझसे? मैं कुछ नहीं जानती और न ही मेरा आपकी बकवास बातों के पीछे की वजह को जानने में कोई दिलचस्पी है। मैं बस इतना जानती हूँ कि मेरे परिवार को अपना मोहरा बनाकर आप ठीक नहीं कर रहे। मैं आपको शांति से कह रही हूँ कि उन्हें छोड़ दीजिए, वरना..."

"वरना क्या?" एकाएक अर्नव ने आकर उसकी बाँह पकड़कर उसे मोड़कर उसकी पीठ से लगाते हुए उसे अपने करीब खींच लिया, जिससे धृति चौंक कर उसे देखने लगी।

अर्नव जबड़े भींचे अपनी आग धधकती आँखों से उसे घूर रहा था। कुछ पल बाद धृति को होश आया कि वह उसके कितने करीब है तो उसने उससे दूर होने के लिए छटपटाते हुए कहा, "अगर आपने अभी मुझे यहाँ से नहीं जाने दिया और मेरे परिवार को अपनी कैद से आज़ाद नहीं किया तो मैं पुलिस के पास जाऊँगी।"

उसकी बात सुनकर अर्नव शैतानी हँसी हँसने लगा। धृति असमंजस भरी निगाहों से उसे देखने लगी, एक बार फिर अर्नव की शैतानी हँसी उसे डरा रही थी।

कुछ पल हँसने के बाद अर्नव ने उसके गाल पर अपनी दूसरी हथेली की उंगलियों को बेतरतीब ढंग से घुमाते हुए एविल मुस्कान के साथ कहा, "पुलिस को बताओगी तुम? और क्या करेगी पुलिस? आकर मुझे पकड़ेगी और तुम्हारी फैमिली को आज़ाद करवा देगी मुझसे?... बहुत बड़ी ग़लतफ़हमी में जी रही हो तुम... पुलिस क्या, तुम कमिश्नर के पास भी चली जाओगी, तब भी तुम्हें कुछ हासिल नहीं होगा। अर्नव सिंह राइज़ादा नाम सुनते ही सब अपने कदम पीछे हटा लेंगे और तुम एकदम अकेली रह जाओगी, बेबस हो जाओगी क्योंकि तब न तुम खुद को मुझसे बचा पाओगी और न ही तुम्हारा परिवार को मेरी कैद से रिहाई मिलेगी। बेचारे तुम बेवकूफी की वजह से बेमौत मारे जाएँगे।"

उसकी बात सुनकर धृति का चेहरा डर से पीला पड़ने लगा। अर्नव का रुतबा वह बहुत अच्छे से समझ चुकी थी। उसके इरादों को जानने के बाद शक की कोई गुंजाइश नहीं रह गई थी कि चाहे जो हो जाए वह अपने मक़सद को पूरा करके रहेगा।

अपने परिवार को दाव पर लगा देख धृति की हिम्मत कमज़ोर पड़ने लगी थी। कितनी ही कोशिशें करने के बाद भी वह उसकी पकड़ से आज़ाद नहीं हो पा रही थी।

अर्नव चेहरे पर सख्त भाव लिए उसे घूर रहा था। धृति अब उसके आगे हारती जा रही थी। अर्नव ने अब भी उसकी बाँह को बेरहमी से मरोड़ा हुआ था और दर्द से धृति की आँखों में आँसू भर आए थे।

वह थक गई थी उससे छूटने की कोशिश करते-करते, अपने परिवार की जान को ख़तरे में देख, उसकी हिम्मत जवाब देने लगी थी। उसने अब रुआँसी होकर उससे सवाल किया,

"क्यों कर रहे हैं आप ये?... ऐसा क्या किया है मैंने जो आप मेरी ज़िंदगी बर्बाद करना चाहते हैं?... जब इतनी ही नफ़रत है मुझसे तो मुझे मार दीजिए न, क्यों मुझसे शादी करके अपनी ज़िंदगी और अपने घर में मुझे जबरदस्ती घुसाना चाहते हैं?"

उसकी नम आँखें देखकर अर्नव के दिल को सुकून मिलने लगा था। पर आँखें अब भी ज्वालामुखी सी धधक रही थीं। उसने जलती आँखों से उसे घूरते हुए कहा,

"नहीं जानती तुमने क्या किया है? इतनी भोली नहीं हो तुम जितना बनने की कोशिश कर रही हो। मैं तुम्हारे असली चेहरे से बहुत अच्छे से वाक़िफ़ हूँ, इसलिए अपना ये बेचारी होने का नाटक तुम्हें मेरे सामने करने की कोई ज़रूरत नहीं है, क्योंकि अर्नव सिंह राइज़ादा आग का दहकता गोला है जिसने तुम्हें ये झूठे आँसू कभी ठंडा नहीं कर सकते। तुम मरना चाहती हो न ताकि अपने गुनाहों से तुम्हें छुटकारा मिल जाए, पर तुम्हारे गुनाहों की सज़ा इतनी छोटी नहीं हो सकती। इतनी आसान मौत नहीं मिल सकती तुम्हें? जैसे तुम्हारी वजह से आज मैं पल-पल तड़प रहा हूँ, वैसे ही तुम भी तड़पोगी... तुमसे शादी करने का मेरा सिर्फ़ और सिर्फ़ एक मक़सद है... तुम्हारी बर्बादी। मैं वो तूफ़ान हूँ जिसने तुम्हारी ज़िंदगी में दस्तक ही तुम्हें तबाह करने के लिए ली है। दूसरों की ज़िंदगी के साथ बहुत खेल ली तुम, अब बारी मेरी है... अब मैं तुम्हें दिखाता हूँ कि अपने स्वार्थ की सिद्धि के लिए किसी की ज़िंदगी, उसकी फ़ीलिंग्स के साथ खेलने का क्या अंजाम होता है। शादी तो तुम्हारी मुझसे ही होगी और उसके बाद मैं तुम्हारी ज़िंदगी का जहन्नुम से भी बदतर बना दूँगा।"

"मैं नहीं करूँगी आपसे शादी... जब तक आप मुझे ये नहीं बता देते कि क्यों आप ये सब कर रहे हैं, मैं आपकी कोई बात नहीं मानूँगी।"

धृति ने दृढ़ता से अपना फ़ैसला सुना दिया, जिसे सुनकर अर्नव ने उसे आज़ाद कर दिया और कदम पीछे हटाते हुए बेफ़िक्री से मुस्कुराते हुए बोला,

"ठीक है, मत मानो मेरी बात, नहीं बताऊँगा मैं तुम्हें कुछ भी... मत करो मुझसे शादी, पर इतना ध्यान रहे कि यहाँ तुम्हारे कदम इस घर से बाहर पड़ें और वहाँ तुम्हारा परिवार इस दुनिया को छोड़कर चला जाएगा।"

धृति जो उससे आज़ाद होते ही वहाँ से भागने की फ़िराक़ में थी, उसके कदम ठिठक गए उसकी बात सुनकर। एक पल को वह भूल ही गई थी कि उसका परिवार अब भी इस राक्षस के कब्ज़े में है और यह उनके साथ कुछ भी कर सकता है।

अर्नव ने उसे रुकते देखा तो उसके लबों पर तिरछी मुस्कान फैल गई। उसने सख्त लहज़े में आगे कहा,

"दो रास्ते हैं तुम्हारे पास... ये जानते हुए कि इस शादी से तुम्हें सिर्फ़ दर्द, अपमान, धोखा मिलेगा, मुझसे शादी करके अपने परिवार को मेरी कैद से आज़ाद करवा लो या फिर मेरी बात को न मानते हुए यहाँ से चली जाओ, पर फिर अपने परिवार की लाश देखने के लिए भी तैयार रहना। या तो तुम अपनी ज़िंदगी बर्बाद होने से बचा सकती हो, जिसका मतलब होगा कि तुम अपने परिवार को हमेशा-हमेशा के लिए खो दोगी, या फिर अपने परिवार को एक नई ज़िंदगी देने के एवज़ में खुद को मौत से बदतर ज़िंदगी जीने के लिए तैयार कर लो... फ़ैसला तुम्हारा है और तुम्हारे पास सोचने के लिए सिर्फ़ पाँच मिनट हैं। अगर इन पाँच मिनट के अंदर तुमने मुझसे शादी करने के लिए हाँ नहीं कही और यहाँ से जाने के लिए कदम आगे बढ़ाया तो मेरा बस एक फ़ोन कॉल और तुम्हारे परिवार का नामोनिशान इस दुनिया से मिट जाएगा, उसके बाद तुम दुनिया में कहीं भी क्यों न छुप जाओ, मैं तुम्हें ढूँढ़ निकालूँगा और उसके बाद वो तुम्हारा हश्र होगा, तुम उसकी कल्पना भी नहीं कर सकती।"

अर्नव के चेहरे पर गुस्से के साथ नफ़रत के भाव भी उभर आए थे और अब वह अपने फ़ोन को अपने हाथों में घुमाते हुए धृति को घूर रहा था। वहीं धृति के तो पैर जैसे वहाँ जम से गए थे। कानों में अर्नव की कही बातें गूंज रही थीं और आँखों के आगे अपने परिवार का चेहरा घूम रहा था।

100%