बेरहम इश्क़ -बेइंतेहा नफरत से बेपनाह मोहब्बत का सफर - Chapter 3
अमीर लड़कों को अपने प्यार के जाल में फँसाकर उनका इस्तेमाल करना, और ज़रूरत पूरी होने के बाद उन्हें तड़पता छोड़ देना—यह उसकी फितरत है। अब मैं उसे एहसास दिलाऊँगा कि तड़पना क्या होता है; कितनी तकलीफ होती है जब कोई अपनी ज़िंदगी को अपने मतलब के लिए नियंत्रित करता है और अंत में आपको मरने के लिए अकेला छोड़ देता है। तन्हाई कैसी टीस पैदा करती है दिल में, इसका एहसास अब उसे होगा।
इस शादी के बाद वह चाहकर भी मुझसे दूर नहीं जा सकेगी, और अपने करीब मैं उसे आने नहीं दूँगा। उसे मुझसे सिर्फ़ और सिर्फ़ नफ़रत मिलेगी, और यह रिश्ता उसे सिर्फ़ ज़िल्लत भरी ज़िंदगी देगा।
न वह मेरी कैद से छूटकर किसी और के पास जाने के काबिल रहेगी, और न ही सुकून से मेरे साथ रह सकेगी। पैसों के लालच में उसने जाने कितनों की ज़िंदगी बर्बाद की है; अब उसे बेशुमार दौलत मिलेगी, पर मान-सम्मान, इज़्ज़त और प्यार—जिसकी उसने कभी क़द्र नहीं की—उसके लिए उसे तड़पना होगा। तरसेगी वह प्यार के लिए, पर उसे सिर्फ़ और सिर्फ़ मेरी नफ़रत मिलेगी।
बहुत आसमान में उड़ने का शौक है उसे; यह शादी उसके पंखों में काटने के लिए कर रहा हूँ मैं। इस सोने के महल में उसे कैद करने के लिए यह ज़रूरी है। उसकी ज़िंदगी को जहन्नुम बनाने के लिए मुझे उसे अपनी ज़िंदगी में शामिल करना ही होगा, और अगर इसमें मेरी ज़िंदगी बर्बाद होती भी है, तो भी मुझे खुद की कोई फ़िक्र नहीं है।
मेरी ज़िंदगी का अब बस एक ही मक़सद है—वह है धृति अवस्थी की बर्बादी। और उसके लिए मुझे जो करना पड़ेगा, मैं करूँगा।
अर्नव की आँखों में नफ़रत और बदले की भावना के साथ धृति को बर्बाद करने का जुनून नज़र आ रहा था। उसका चेहरा एक बार फिर गुस्से से तमतमा उठा।
उस लड़के ने उसके कंधे पर हाथ रखते हुए आराम से कहा,
"मैं तेरे हर फ़ैसले में तेरे साथ हूँ।"
अर्नव ने उसकी बात सुनी तो उसके लबों पर हल्की सी मुस्कान उभर आई, और इसके साथ ही उसके दाहिने गाल पर हल्का सा डिंपल उभर आया; पर अगले ही पल उसका चेहरा एक बार फिर भावहीन हो गया।
उसने सपाट लहज़े में कहा,
"जो कहा था, वह हो गया?"
"Hmm, जैसा कि तूने कहा था, सब वैसा ही किया था। कुछ ही देर में उन्हें होश आ जाएगा, और आगे भी सब वैसे ही होगा जैसा हमने सोचा है।"
अर्नव ने हामी भर दी। उसके माथे पर अब चिंता की लकीरें उभर आईं; उसने एक पल को अपनी आँखें बंद कर लीं, फिर बिना किसी भाव के बोला,
"मेरे रूम के डेकोरेशन का काम शुरू करवा दे।"
उसकी बात सुनकर उस लड़के के माथे पर भी चिंता की लकीरें उभर आईं, पर वह चाहकर भी कुछ कह न सका, और नौकरों को कुछ समझाकर ऊपर भेज दिया।
वह बात कह ही रहे थे कि पंडित जी ने मुहूर्त होने की बात कह दी। अर्नव की भौंहें सिकुड़ गईं; उसकी गुस्से भरी निगाहें उस कमरे की ओर घूम गईं, जहाँ एक घंटे पहले धृति गई थी।
जैसे ही उसने निगाहें उस ओर घुमाईं, अगले ही पल माधुरी के साथ धृति ने उस कमरे से बाहर कदम रखा। अर्नव ने एक नज़र उसे देखा और घृणा से अपनी निगाहें फेर लीं; वहीं दूसरे लड़के की निगाहें जब धृति पर पड़ीं, तो वह उसे देखता ही रह गया।
सुनहरे रंग का डिज़ाइनर लहंगा जो बहुत ही प्यारा लग रहा था। लंबे रेशमी बालों को जूड़े में बाँधकर उन पर गजरा लगाया हुआ था। बालों की कुछ लटों को जूड़े से बाहर निकाला हुआ था, जो उसके गालों पर अटखेलियाँ कर रही थीं। उस गोल्डन लहंगे पर ग्रीन और रेड के कॉन्ट्रास्ट का हैवी दुपट्टा था, जिसको उसके सर पर सेट करने के बाद कंधे से लेकर कमर पर सेट किया हुआ था।
चाँद सा सोना मुखड़ा जिस पर हल्का मेकअप किया हुआ था। चौड़ा माथा-पट्टी जिस में से निकलती छोटी-छोटी लड़ियों से उसका आधा माथा ढँक चुका था। बीच में लटकता सुंदर सा गोल्डन कलर का माँगतिक्का उसके माथे पर सजा हुआ था। उसके ठीक नीचे छोटी सी स्टोन वाली लाल बिंदी लगाई हुई थी। बड़ी-बड़ी कजरारी काजल से सनी आँखें, जिस पर पलकों का पहरा था। हल्के गुलाबी गाल, नाक में पहनी बड़ी सी नथ जिसने उसके सुरख़ लबों को आधा ढँक दिया था और उसके गालों से होते हुए उसे बालों पर सेट किया हुआ था।
गले में गले से सटा जड़ाऊ हार और उसके बाद दो थोड़े बड़े हार। कानों में उस हार के सेट का हैवी झुमका पहना हुआ था। गोरी कलाईयों में लाल और क्रीम कलर का भरा-भरा चूड़ा और उसमें लगे कलीरे। पाँचों उँगलियों में पहनी रिंग से जुड़ा ब्रेसलेट जो उसकी कलाई पर बाँधा हुआ था। दुपट्टे के ऊपर से पहनाया गया कमरबंद जो उसकी पतली कमर को और ज़्यादा आकर्षक बना रहा था। पैरों में भारी पायल जो उसके पैरों में बेड़ियों जैसी लग रही थीं।
बेहद हसीन लग रही थी वह इस वक़्त। इस क़दर दिलकश लग रही थी कि अगर इस वक़्त कोई लड़का उसे देख ले, तो उसकी धड़कनें थम जाएँ और वह खुद को उसके प्यार से डूबने से रोक न सके।
उस दूसरे लड़के ने ऊपर से नीचे तक उसे देखा और उसके चेहरे पर नफ़रत के भाव उतर आए; उसने अपना चेहरा फेर लिया।
धृति का उदास, निष्छेज चेहरा उसकी बेबसी बताने को काफ़ी था। इतनी तकलीफ़ में थी वह इस वक़्त कि उसकी आँखें आँसुओं से लबालब भरी हुई थीं। मेकअप से लबों के ऊपर का तिल छुप गया था।
उसके क़दम अब उसका साथ नहीं दे रहे थे। इतना हैवी जोड़ा, उस पर इतने हैवी गहने, और पैरों में पड़ी वे बेड़ियाँ, और दिल में दफ़्न दर्द। वह चाहकर भी अर्नव की ओर क़दम बढ़ाने की हिम्मत नहीं कर पा रही थी। हर बढ़ते क़दम के साथ वह अपनी बर्बादी के नज़दीक जा रही थी—इसका एहसास था उसे, शायद इसलिए उसके क़दम आगे बढ़ने को राज़ी नहीं थे।
वह बेहद धीमी चाल से आगे बढ़ रही थी, और उसके हर बढ़ते क़दम के साथ उस सन्नाटे में उसके पायलों की छन-छन की आवाज़ गूंज रही थी, जो अर्नव के कानों में शीशे सी चुभ रही थी। उसका गुस्सा धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा था।
कुछ पल तो वह ख़ामोशी से उसके तरफ़ पीठ किए खड़ा रहा, फिर मुड़कर गुस्से में उसकी ओर बढ़ गया। धृति की कलाई को अचानक ही किसी ने कसके पकड़ लिया, जिससे उसके हाथ में पहने ब्रेसलेट में लगे स्टार्स उसकी कलाई में चुभने लगे। धृति जो अपनी ही सोच में गुम, माधुरी के साथ धीमे क़दमों से आगे बढ़ रही थी, दर्द होते ही उसने अपनी निगाहें उठाईं और भरी निगाहों से अर्नव को देखने लगी, जो सामने देखते हुए उसकी कलाई थामे तेज़ क़दमों से आगे बढ़ रहा था।
धृति उसके पीछे-पीछे खींची चली जा रही थी। यह नज़ारा देखकर माधुरी हतप्रभ सी वहीं खड़ी रह गई, और उस लड़के, जिसका नाम कबीर है, उसकी निगाहें भी उन दोनों पर चली गईं।
अर्नव ने धृति को मंडप के पास लाकर झटके से उसके हाथ को छोड़ा, तो वह बमुश्किल गिरते-गिरते बची।
उसने भरी निगाहों से, अचरज से उसे देखा, पर अर्नव के माथे पर एक शिकन तक नहीं थी। उसने नौकर की ओर गुस्से भरी निगाहें घुमाईं, तो दो नौकर तुरंत हाथों में बड़ी-बड़ी थाल लेकर वहाँ उपस्थित हो गए, जिसमें वरमाला रखी हुई थी।
अर्नव ने अबीर को देखकर आँखों से ही कुछ इशारा किया, फिर वरमाला उठाकर धृति की ओर बढ़ते हुए बोला,
"अपने ये सड़े से एक्सप्रेशन हटाकर ज़रा मुस्कुराकर दिखाओ। आख़िर शादी है...हमारी दुल्हन को देखकर लगना चाहिए कि वह यह शादी किसी दबाव में आकर नहीं कर रही है।"
धृति ने उसकी बात सुनकर अपनी पलकें झुका लीं। यह देखकर अर्नव की भौंहें तन गईं। उसके गालों को दबाते हुए उसके चेहरे को ऊपर किया और दाँत पीसते हुए बोला,
"जो बोला जाए, उसे एक बार में सुनने की आदत डाल लो, क्योंकि मुझे पसंद नहीं कि कोई मेरे हुक्म की अवहेलना करे। और अब तुम्हें सारी ज़िंदगी यहीं रहना है मेरे साथ, और मेरे दिए हर दर्द को मुस्कुराकर सहना है; इसलिए अभी से दर्द में मुस्कुराने की आदत डाल लो तो बेहतर होगा तुम्हारे लिए। वरना मेरी बात न मानने के जुर्म में मैं तुम्हारे साथ क्या करूँगा, तुम सोच भी नहीं सकोगी...चलो अब मुस्कुराओ, तुम्हें देखकर लगना चाहिए कि यह शादी तुमने अपनी मर्ज़ी से की है।"
धृति की आँखें छलक आईं; उसके आँसू देखकर अर्नव ने उसके चेहरे को छोड़ दिया। नफ़रत करता था उससे, पर इन आँसुओं ने उसे बेचैन कर दिया था।
धृति ने एक बार फिर अपना सर झुका लिया। अपने आँसुओं को अपनी हथेलियों से पोंछने के बाद उसने अपने दर्द को अपनी झूठी मुस्कान के पीछे छुपा लिया।
उसकी दर्द भरी मुस्कान देखकर अर्नव ने अपना चेहरा फेर लिया; अगले ही पल बिना किसी भाव के उसने धृति के गले में वरमाला डाल दी।
धृति बुत बनी खड़ी रही, तो अर्नव ने उसे गुस्से से घूरकर देखा। उसका बढ़ता गुस्सा देखकर माधुरी दौड़कर धृति के पास आई और वरमाला उसे पकड़ाते हुए धीमी आवाज़ में बोली,
"मैम, इससे पहले ही सर का गुस्सा भड़क जाए, उन्हें वरमाला पहना दीजिए।"
धृति के कानों में उसकी बात पड़ी, तो उसने भरी निगाहों से पहले उसे देखा; उसकी आँसुओं से भरी आँखें देखकर माधुरी को बड़ा दुख हुआ, पर वह कर भी क्या सकती थी? जॉब थी उसकी यह।
धृति ने अब अपने हाथ में पकड़ी वरमाला को देखा, फिर निगाहें झुकाते हुए आगे बढ़कर अर्नव को वरमाला पहना दी।
अर्नव ने अब उसका हाथ पकड़ा और उसे लेकर मंडप की ओर बढ़ गया। धृति बेजान गुड़िया की तरह उसके साथ खींची चली गई।
अर्नव ने उसे मंडप पर बिठाया, फिर खुद उसके बगल में बैठते हुए पंडित को खा जाने वाली निगाहों से घूरकर देखा, तो उन्होंने तुरंत ही मंत्रोच्चारण के साथ शादी की विधियों को प्रारंभ कर दिया।
घड़ी की सुई के आगे बढ़ते के साथ शादी की विधियाँ भी आगे बढ़ रही थीं। अर्नव के चेहरे पर कोई भाव नहीं थे, और धृति बुत बनी बैठी, सुनी निगाहों से उस हवन कुंड में प्रज्जवलित अग्नि को देख रही थी, जिसमें ज़िंदगी, स्वतंत्रता, खुशियाँ, स्वाभिमान, सुकून सब स्वाहा होता जा रहा था। शाम से रात हो चुकी थी।
पंडित जी ने फेरों के लिए दोनों को खड़ा होने को कहा, तो अर्नव तो खड़ा हो गया, पर धृति अब भी वैसे ही बैठी हुई थी और एकटक उस अग्नि को देखे जा रही थी। उसे यूँ बैठी देखकर माधुरी ने तुरंत आगे बढ़कर उसे खड़ा किया।
गठबंधन हो चुका था, और अब पंडित जी के बताए मंत्रों को दोहराते हुए वे उस पवित्र अग्नि के फेरे ले रहे थे। धृति किसी यंत्र-चालित गुड़िया के तरह जो कहा जाता था, सब कर रही थी, और अर्नव—वह तो मन ही मन उन वचनों के उलट वचन ले रहा था।
सात फेरे समाप्त हुए, तो धृति को अर्नव के वाम भाग में बिठाया गया। पंडित जी ने एक थाल अर्नव के आगे बढ़ा दी। उस थाल में सोने सा छोटा सा लाल और काले मोतियों में गुँथा प्यारा सा मंगलसूत्र और सिंदूर की सुंदर सी डिब्बी के साथ चाँद का एक सिक्का भी रखा हुआ था।
पंडित जी के कहने पर अर्नव ने उस मंगलसूत्र को उठाकर धृति के गले में ऐसे पहनाया, जैसे उसके गले में फाँसी का फंदा बाँध दिया हो। धृति को ऐसा लगा जैसे उसका दम घुटने लगा हो, पर वह ख़ामोश बैठी रही और अपनी आँखों के सामने चल रहे अपनी बर्बादी के मंज़र को ख़ामोशी से देखती रही।
मंगलसूत्र के बाद सिंदूर की बारी आई, तो माधुरी ने आकर धृति के माँगतिक्के के ऊपर उठा दिया। अर्नव ने सिक्के से सिंदूर न लेते हुए, नीचे दूसरी थाल में रखे सिंदूर को अपनी मुट्ठी में भर लिया और उसकी मांग में ऐसे भरा कि उसके बाल, माथा और चेहरा सब पर सिंदूर फैल गया। माँगतिक्का अपनी जगह से हिल गया; धृति का शरीर काँप उठा और पलकें झुक गईं।
अब तक जिन आँसुओं को उसने रोका हुआ था, वे उसकी झुकी पलकों के नीचे से निकलकर उसके गालों को भिगोने लगे।
आगे....