Feels like ishq (Contract marriage) Ch. 2

Feels like ishq (Contract marriage) - Chapter 2

Posted by Jahnavi Sharma • Jan 24, 2025 03:03 PM

मीटिंग रूम में बैठे नवीन और आकाश पुराने दोस्त थे। मीटिंग होने के बाद वो दोनों वहां बैठकर अपने बच्चों के बारे में बातें कर रहे थे। नवीन ने उसे अपनी बेटी शगुन के बारे में बताया।

नवीन से शगुन के बारे में सुनने के बाद आकाश ने मुस्कुरा कर कहा, “जैसी उम्मीद थी, वैसा ही पाया। बचपन से ही वो काफी शांत और मासूम टाइप की थी। बहुत साल हो गए उसे देखे हुए... क्या उसने ऑफिस ज्वाइन कर लिया है?”

“नहीं यार, अभी कहां? उसने एमबीए की डिग्री कंप्लीट कर ली। उसके बाद मैंने उससे कहा था कि वो किसी अच्छी कंपनी में जाकर काम करें, खुद को प्रूफ करें कि वो मेरी एंपायर संभालने के लायक है भी या नहीं...” नवीन बोल रहा था, तभी आकाश ने उसकी बात बीच में काटते हुए कहा, “ये कैसी बातें कर रहा है तू? हमारे बच्चों का पूरा हक है हमारी प्रॉपर्टी पर और क्या जरूरत है उसे खुद को प्रूव करने की...”

“हां जानता हूं कोई जरूरत नहीं पर जिंदगी के अनुभव घर बैठे नहीं मिलते। बस यही सोचकर उसे कुछ साल काम करने के लिए बाहर भेज दिया। सोच रहा हूं अगले साल तक रिटायरमेंट ले लूं, तब तक शगुन भी तैयार हो जाएगी।” नवीन ने बताया।

उसकी बात सुनकर आकाश के चेहरे पर मुस्कुराहट के भाव थे। उसे अचानक यूं मुस्कुराता देख कर नवीन ने सवालिया नजरों से उसकी तरफ देखा।

“मेरी तरफ ऐसे मत देख... हम दोनों दोस्त हैं इसलिए हमारी थिंकिंग भी एक जैसी है। तुम्हें यकीन नही होगा लेकिन मैंने भी अपने बेटे अनुभव को यही सोच कर खुद से दूर किसी और कंपनी में काम करने के लिए भेजा ताकि वो तैयार हो सके।”

“क्या सच में? मुझे भी अनुभव से मिले हुए काफी वक्त हो गया। पिछली बार उसे देखा था तब वो हाई स्कूल में था।” नवीन बोले।

“हां हाई स्कूल कंप्लीट करने के बाद भी मैंने उसे आगे की एजुकेशन के लिए बेंगलुरु भेज दिया और अब वो देहरादून की एक कंपनी में काम कर रहा है।” आकाश के बताते ही नवीन ने तुरंत कहा, “क्या सच में? शगुन भी देहरादून में ही है।”

“अरे पहले क्यों नहीं बताया? मैं अनुभव को बोल देता तो वो शगुन बिटिया का ध्यान रख लेता।” आकाश ने कहा।

“वो मेरी बेटी है और सेल्फ इंडिपेंडेंट भी, मुझे नहीं लगता कि उसे किसी के ध्यान रखने की जरूरत है।”

उसकी बात सुनकर आकाश ने हंसकर कहा, “तो क्या पता शगुन ही अनुभव का ख्याल रख लेती। बहुत भोला है मेरा अनुभव, दुनियादारी से बिल्कुल अलग... सादा जीवन उच्च विचार वाली विचारधारा का पालन करने वाला...”

“ये तो सच में अच्छी बात है। हम कितने लकी हैं कि हमारे बच्चे बाकी बिजनेस फैमिलीज के बच्चों की तरह बिगड़े हुए नहीं है। उन्हें घमंड नहीं है कि उनके पास इतना पैसा है।” नवीन ने गर्व से कहा।

“हां बिल्कुल... अनुभव को मैंने कार्ड दे रखे है पर आज भी वो अपनी जरूरत के हिसाब से ही पैसे खर्च करता है। कभी-कभी सोचता हूं कि मैंने अपने बेटे को बाकी बच्चों से पीछे तो नहीं रख दिया, जहां आजकल के बच्चे पार्टी, शराब और लड़कियों में डूबे रहते हैं, वही अनुभव को किताबें पढ़ना बहुत पसंद है। ज्यादा शोर से तो उसका सिर दर्द होने लगता है... मैं भी तुम्हारी तरह रिटायरमेंट प्लान कर रहा हूं। अब अनुभव भी पूरी तरह तैयार है।” आकाश ने बातों ही बातों में अपने बेटे अनुभव के बारे में बताया।

दोनों दोस्त एक दूसरे से अपने अपने बच्चों की बात करके काफी खुश थे। काफी समय से उनके बच्चे उनसे दूर थे लेकिन उनके बारे में बात करते हुए ऐसे लग रहा था जैसे वो उनके पास ही बैठे हो।

“अच्छा अनुभव इस बार आए तो बताना। मैं उससे जरूर मिलूंगा।” नवीन ने कहा।

“हां हां क्यों नहीं, मैं भी शगुन बिटिया से मिलना चाहता हूं। रचना और वाणी तो एक दूसरे से मिलती रहती है। हम दोनों ही हैं जो काफी टाइम बाद मिल रहे हैं।” आकाश ने जवाब दिया।

साथ में बातें करते हुए उन्होंने लंच लिया और उसके बाद अपने अपने ऑफिस के लिए निकल गए।

___________

रात के 2:00 बज रहे थे। दून सिटी के एक क्लब में लाउड म्यूजिक बज रहा था। क्लब में मौजूद लड़के लड़कियां ज्यादातर नशे में ही थे और साथ में डांस कर रहे थे।

उन सब के बीच एक लड़का अपनी गर्लफ्रेंड के कमर में हाथ डालकर म्यूजिक के साथ थिरक रहा था। वो दिखने में लम्बा और काफी फिट नजर आ रहा था। उसका गोरा चेहरा क्लब की लाइट्स में चमक रहा था। उसके बाल माथे पर बिखरे थे। उसके होठों के नीचे तिल था और क्लीन शेव्ड चेहरा काफी मासूम लग रहा था। ये अनुभव मित्तल था।

“अरे कोई रोमांटिक म्यूजिक प्ले करो यार। ये क्या सड़ा हुआ गाना लगा रखा है...” अनुभव ने चिल्लाकर कहा। उसकी आवाज से साफ लग रहा था कि वो नशे में था।

“अब बस भी करो, हमें घर पर जाना है।” उसके पास मौजूद लड़की ने कहा। वो भी हाइट में काफी लंबी और खूबसूरत थी। उसने वन पीस रेड शॉर्ट ड्रेस पहना था।

“बिल्कुल नहीं स्वीटहार्ट... अभी तो हमें आए हुए यहां सिर्फ 3 घंटे ही हुए हैं... पूरी रात बची है एंजॉय करने को... लेट्स हैव फन बेबी...” बोलते हुए अनुभव ने उसे गले लगा लिया। “आई लव यू सो मच प्रार्थना...” उसने उसके गले लगे हुए कहा।

“हां हां ठीक है। चलो अब चलते हैं... मुझे कुछ देर खुली हवा में वॉक करना है। पता नहीं तुम इतने लाउड म्यूजिक में कैसे रह लेते हो। तुम्हारा सर दर्द नहीं करता क्या?” प्रार्थना ने अपना सिर पकड़ कर कहा। वो अनुभव का हाथ पकड़ कर उसे वहां से ले जाने लगी।

दोनो बिल भरने के लिए काउंटर पर आए। बिल देखने के बाद उसकी आंखें बड़ी हो गई।

“इतने सारे पैसे? लेकिन मैंने तो कुछ खास पी भी नहीं...” अनुभव ने आंखें तरेर कर कहा। फिर उसने प्रार्थना की तरफ देखा, जो उसे घूर कर देख रही थी।

उसके इस तरह देखने पर अनुभव हंसा और फिर बोला, “सॉरी मैं भूल गया था। मुझे टेंशन लेने की क्या जरूरत है? अरे मैं अनुभव मित्तल हूं... दी अनुभव मित्तल, जो इतने बड़े एंपायर का मालिक है। सॉरी बेबी, मुझे याद नहीं रहा। मुझे लगा मैं वही छोटी सी जॉब करने वाला कोई नॉर्मल सा एंप्लॉय हूं और उस सैलरी के हिसाब से बिल देखकर मेरी सांसे अटक गई थी।”

“लगता है, इसको चढ़ गई।” काउंटर पर खड़े एक आदमी ने कहा।

“तुम्हें क्या लगता है मैं झूठ बोल रहा हूं?” अनुभव ने उसकी तरफ आंखें घूर कर देखा। फिर उसने अपनी जैकेट और घड़ी दिखाते हुए कहा, “ये दोनों ही बहुत महंगी है.. और ब्रांडेड भी। नहीं, तुम्हें ऐसे यकीन नहीं आएगा...”

अनुभव वहां से डीजे के पास गया और उसने माइक लिया। उसने जोर से माइक में चिल्लाकर कहा, “आज यहां पर जो भी लोग मौजूद है, उनकी पार्टी मेरी तरफ से, मैं सब का बिल पे करूंगा। गाइज, जिसे जितना इंजॉय करना है, मजे से कीजिए।”

उसके ऐसे करने पर प्रार्थना के चेहरे पर मुस्कुराहट थी। अनुभव ने अपना कार्ड निकाला और वहां मौजूद सभी लोगों का बिल भरा। उसके बाद वो प्रार्थना के साथ बाहर आ गया।

“आई एम इंप्रेस्ड... पहली बार लगा कि तुम सच में अमीर हो।अच्छा बेबी, तुम अपने पापा को हमारे बारे में कब बताने वाले हो? और तुम कब ये मामूली सी नौकरी छोड़ कर अपना बिजनेस संभालोगे। मैं तो अपने फ्रेंडस से तुम्हारे बारे में बता भी नहीं सकती। तुम जॉब करते हो.. और मुझे ये बताते हुए ही शर्म आती है।” प्रार्थना उसके साथ चलते हुए बातें कर रही थी। दोनों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़ रखा था।

“अरे बेबी, जल्द ही बताऊंगा। इस बार जब मुंबई जाऊंगा, तब उन्हें हम दोनों की लव लाइफ के बारे में हर एक बात बताऊंगा और कहूंगा कि एंपायर मिलने के तुरंत बाद वो हम दोनों की शादी करवा दे।”

“क्या सच में? वो हमारी शादी करवा तो देंगे ना? मैंने सीरियल या मूवीस में देखा है कि अक्सर बिजनेस फैमिली में उनके बच्चे अरेंज मैरिज ही करते हैं, वो भी किसी बड़ी हाई क्लास फैमिली में...” प्रार्थना ने रुककर कर पूछा।

“तुम्हें क्या लगता है कि मेरी फैमिली बाकी फैमिलीज की तरह है? अरे ये तो मैं अपनी मर्जी से यहां काम करने के लिए आया था। मेरे पापा तो मुझे सारा काम संभालने के लिए दे रहे थे बस मैं चाहता था कि थोड़ा जॉब एक्सपीरियंस लूं...”

“ठीक है, कभी-कभी तुम्हारी बातों पर यकीन नहीं होता लेकिन जब तुमने सबका बिल पे किया तो एक बार के लिए मुझे हैरानी हुई। तुम सच में बहुत रिच हो और काफी दिलदार भी... अच्छा तुम्हारे पापा तुम्हें कुछ कहेंगे तो नहीं ना, तुमने इतना सारा खर्च किया है।” प्रार्थना ने पूछा।

उसके पूछने पर अनुभव हंसने लगा और फिर जवाब में कहा, “वो मुझे क्यों कुछ कहेंगे? सब कुछ आखिर मेरा ही तो है। उन्हें कोई प्रॉब्लम नहीं है। कहना तो दूर की बात है वो तो मुझसे पूछेंगे तक नहीं कि मैंने इतने पैसे कहां उड़ाए...”

अनुभव ने अपनी बात पूरी भी नहीं की थी कि उसके फोन पर उसके पापा का कॉल आ रहा था। अचानक उसके एक साथ इतने सारे पैसे खर्च करने पर आकाश मित्तल हैरान थे और उसके बारे में जानने के लिए उन्होंने अनुभव को कॉल किया।

★★★★

शगुन और अनुभव अपने अपने पेरेंट्स के एक्सपेक्टेशन से बिल्कुल अलग है। क्या ऐसे में उन दोनों की लाइफ आसानी से बीत पाएगी। आगे की कहानी के लिए बने रहिए मेरे साथ और समीक्षा करके जरूर सपोर्ट करिएगा।

100%