Feels like ishq (Contract marriage) Ch. 1

Feels like ishq (Contract marriage) - Chapter 1

Posted by Jahnavi Sharma • Jan 24, 2025 03:03 PM

एक बड़े से मीटिंग रूम में लगभग 25 से भी ज्यादा लोग बैठे थे। ये मुंबई के टॉप रेटेड कंपनी के चेयरपर्सन्स थे, जिनमे आदमी और औरते दोनो थे।

उनके सबके सामने एक लगभग 45 साल की औरत थी। उसके चेहरे के भाव सख्त थे। वो दिखने में किसी मॉडल की तरह लग रही थी। उसने सधे हुए शब्दों में कहा, “आई होप, आपने अपना ड्राफ्ट अच्छे से रेडी कर लिया होगा। यह एक बहुत बड़ा इंटरनेशनल प्रोजेक्ट होने वाला है। इसमें शामिल होने का मौका हर किसी को नहीं मिलता। आप इसमें शामिल है, इसका मतलब आप बहुत खास है। रिजल्ट अगले दो दिनों में अनाउंस हो जाएगा।”

उसके कहते ही सभी ने एक दूसरे की तरफ देखा। उन सब के चेहरे के भाव लगभग एक जैसे थे। सबको यही लग रहा था मानो जीत उन्हीं की होगी। उस मीटिंग में डिजाइनिंग इंडस्ट्री से जुड़े टॉप बिजनेस पर्सन्स थे।

आगे की जरूरी बात बताने के बाद वह औरत वहां से जा चुकी थी। उसके जाने के बाद एक-एक करके वहां मौजूद बाकी के लोग भी चले गए सिवाय दो आदमियों के....।

सब के जाने के बाद उन्होंने एक दूसरे की तरफ तिरछी निगाहों से देखा। दोनों एक दूसरे के आमने सामने बैठे थे।

“सुना है तुम्हारी कंपनी ने इस बार काफी लॉस झेला है। मुझे तो हैरानी हो रही है कि तुम जैसे बिजनेस माइंडेड इंसान को नुकसान हो कैसे सकता है?” उनमें से एक आदमी में कहा। वह मिस्टर आकाश मित्तल थे, जो ड्रेस डिजाइनिंग फील्ड से आते थे। उनका ब्रैंड इंडिया के बाहर और भी देशों में फेमस था।

“हुह....” उसके सामने वाले आदमी ने मुंह बनाया। “पता नही तुझ तक ये गलत खबरें पहुंचाता कौन है? तूने लिस्ट मे मेरा नाम नहीं देखा? मैं सातवें नंबर पर आ गया हूं। तुझसे पूरा एक नंबर आगे....” मिस्टर आकाश मित्तल के सामने बैठे आदमी का नाम मिस्टर नवीन गोयंका था। उसने पूरे एटीट्यूड से जवाब दिया। उनकी कंपनी लोकल और इंटरनेशनल लेवल पर फैशन इवेंट मैनेज करती थी।

“ठीक है, फिर तेरे दो रैंक ऊपर आने की खुशी में पार्टी तो बनती है।” नवीन ने कहा।

“तू आज भी नहीं सुधरा ना? कॉलेज के टाइम में भी तुझे मेरी नई शर्ट खरीदने से लेकर एक नंबर भी ज्यादा आने के लिए पार्टी चाहिए होती थी और अब भी यही हाल है।” आकाश ने जवाब दिया।

“हां तू भी कहां बदला है? पहले भी कंजूस था और अब भी यही हाल है। ना तूने पहले मुझे कभी पार्टी दी और अब तो मैं उम्मीद ही क्या लगाऊं....”

“उसे कंजूस होना नही, पैसे की वैल्यू समझना कहते है।” नवीन बोला।

नवीन और आकाश अपनी जगह से उठे और फिर एक दूसरे के गले लग गए। नवीन ने अलग होकर कहा, “एक ही शहर में रहते हुए भी मुद्दत हो गई एक दूसरे से मिले हुए।”

“हां तू तो इतना कंजूस है कि किसी के पार्टी में भी नहीं जाता। क्या पता कल को फिर तुझे भी पार्टी देना पड़े और उन्हें बुलाना पड़े।” आकाश ने हंसकर कहा।

“अब बस भी कर। तुझे पार्टी देकर भी क्या फायदा है? शराब के तो तू हाथ भी नहीं लगाता, नॉनवेज तुझे खाना नहीं होता। फिर क्या घास फूस खिलाने के लिए तुझे पार्टी दूं? ” नवीन ने मुंह बनाकर कहा।

आकाश ने टॉपिक को तुरंत बदला, “चल इसे छोड़, और बता घर पर सब कैसे हैं? शगुन बिटिया? अब तक तो वह बहुत बड़ी हो गई होगी। उम्मीद है वो तुझ पर बिल्कुल नहीं गई होगी।”

“बिल्कुल मुझ पर ही गई है मेरी बेटी। मेरी ही तरह संस्कारी है। मैंने अपनी बेटी को बिल्कुल अलग तरीके से पाला है। उसे हमारी दौलत का घमंड ना हो इसलिए मैंने उसे हमेशा खुद से दूर रखा। मेरी इकलौती होने के बावजूद उसे जरूरत के हिसाब से ही पैसे दिए। एक बार भी उसने मुझसे यह नहीं कहा कि इतने पैसों का आप क्या करेंगे या इन पर मेरा हक है। बहुत संस्कारी है मेरी शगुन, रोज मंदिर जाती है और भगवान से मेरी अच्छी सेहत की कामना करती हैं।” नवीन जी अपनी बेटी के बारे में बता रहे थे। उनके चेहरे पर सुकून के भाव थे और आंखों में अपनी बेटी के बारे में बताते हुए गर्व।

___________

देहरादून की पहाड़ियों पर एक सुकून देने वाली शांति थी। वहां पहाड़ियों पर अलग-अलग देवी-देवताओं के मंदिर बने हुए थे। उन्हीं में एक मंदिर, जो ज्यादा बड़ा नहीं था, वहां एक लड़की महादेव की मूर्ति के सामने बैठी थी। उसके अलावा वहां और कोई मौजूद नहीं था।

वह दिखने में दुबली पतली, हल्की गोरी रंगत लिए थी। उसने डिजाइनर सूट पहन रखा था। उनके सीधे बाल कमर से थोड़े छोटे थे।

उसने भगवान के सामने अपने दोनों हाथ जोड़ रखे थे और आंख बंद करके प्रार्थना कर रही थी। आस पास कोई नहीं होने की वजह से वह मन में बोलने के बजाय थोड़ा तेज हो रही थी।

“हे भगवान..! मैं रोजाना आपके मंदिर आती हूं। रोज प्रसाद चढ़ाती हूं। पंडित जी ने बताया था कि सोलह सोमवार का व्रत रखने से हर मनोकामना पूरी होती है। पूरे तीन बार सोलह सोमवार के व्रत रखे है मैने। अब तो मेरी मनोकामना पूरी कर दीजिए। मैंने पूरे दिल से आपके व्रत किए थे। अब तो सब कहने भी लगे हैं कि उपवास कर करके मैं पतली हो गई हूं। मुझ पर ना सही लेकिन मेरे पतले शरीर पर तो तरस खाइए।”

वह प्रार्थना कर रही थी, तभी उसके पास में एक अधेड़ उम्र की औरत आई। उसने उसकी सारी बात सुनी और फिर उसके कंधे पर हाथ रखा।

उसके हाथ रखते ही लड़की ने झट से आंखें खोली। उस औरत ने उसे सहलाते हुए कहा, “घबराओ मत बेटी, मैं तुम्हारी तरफ से भगवान से प्रार्थना कर देती हूं।” उस औरत ने भगवान के सामने हाथ जोड़े और बोली, “भगवान आप इस लड़की की मनोकामना पूरी क्यों नहीं कर देते। यह तो व्रत रख रख कर दुबली पतली भी हो गई। अगर इसने और व्रत रखे तो सच में इसे कोई लड़का नहीं मिलेगा। शक्ल भी कुछ खास नहीं है।” फिर वो उस लड़की की तरफ देखकर बोली, “उम्र क्या होगी तुम्हारी?”

“सताइस साल...” उसने जवाब दिया।

“ओहहो.. इसकी तो शादी की उम्र भी निकलने वाली है”

उसके ऐसा कहने पर वह लड़की उसकी तरफ घूर कर देखने लगी। वो वहां से उठकर जाने को हुई तभी उस औरत ने हाथ पकड़कर उसे वापिस नीचे बैठा लिया।

“यहां तुम्हारे नाम की एक खास पूजा रखवा देती हूं... अच्छा नाम क्या है वैसे तुम्हारा?” औरत ने पूछा।

“शगुन....” लड़की ने धीमी आवाज में जवाब दिया।

“देखो तो कितना प्यारा नाम है। तुम्हारी शक्ल पर तो बिल्कुल नहीं जच रहा। पर कोई बात नहीं, भगवान में इतना यकीन रखती हो तो अच्छे दिल की ही होगी। हे महादेव! आप इसी साल शगुन के लिए एक अच्छा वर ढूंढ कर इसकी शादी करवा देना।”

“क्या? शादी?” शगुन ने आंखें बड़ी करके कहा। फिर वह खड़ी हुई और भगवान के सामने दोनों हाथ हिला कर जोर से चिल्ला कर बोली, “बिल्कुल नही.. बिल्कुल भी नहीं भगवान जी... आप इस औरत की बात बिल्कुल नहीं सुनेंगे। अरे व्रत मैंने रखे हैं, तो मेरी सुनिए ना....” उसके बाद शगुन ने उस औरत की तरफ घूरकर देखा और कहा, “और आपको क्या लेना देना है मेरी शक्ल से? मैं कब से देख रही हूं, आप मेरी शक्ल की बुराई कर रही है। क्या कमी है इसमें...? अब मुझे डिस्टर्ब मत कीजिए... मुझे भगवान जी से बहुत कुछ मांगना है।”

“मुझे समझ नही आया अगर तुम्हें अच्छा पति नहीं चाहिए तो फिर क्यों भगवान के सामने गिड़गिड़ा रही हो?” वह औरत शगुन की बात सुनकर हैरान थी।

उसकी बात सुनकर शगुन के चेहरे पर मुस्कुराहट थी। वो भगवान की मूर्ति की तरफ मुड़ी और बोली, “मुझे अच्छा पति नहीं अपने पापा का बिजनेस चाहिए भगवान जी.... आप क्या चाहती है, मेरी शादी हो जाए और मैं अपने पापा का घर और उनका बिजनेस छोड़कर चली जाऊं? बिल्कुल नहीं.... मैं उनकी इकलौती औलाद हूं। बहुत मेहनत की है मैंने खुद को इस लायक बनाने की ताकि उनके एंपायर को संभाल सकूं। सुन रहे हैं ना आप भगवान जी, पिछले 6 सालों से मैं उन की बात बिना सवाल किए मान रही हूं। उन्हें छोड़ो आपको पटाने में भी कितनी मेहनत लगी। जिसने भी जो पूजा बताई, मैंने की.... लेकिन अब बहुत हो गया। मुझे मेरा हक चाहिए। इस बार जब मैं घर जाऊं तो प्रॉपर्टी मेरे नाम हो जानी चाहिए।” शगुन ने भगवान की मूर्ति के सामने उंगली दिखाकर कहा और पूरे एटीट्यूट के साथ वहां से चली गई।

“बाप रे, भगवान को उंगली दिखा रही है। अजीब लड़की है। ऐसा कौन करता है? बोलो, इसे अपने बाप के पैसे चाहिए। मुझे तो लगा अच्छे पति के लिए भगवान को मना रही होगी और यह है कि.... कितनी लालची है।” वह औरत अभी भी शगुन की तरफ हैरानी से देख रही थी।

शगुन ने अपने बाल झटकाए और  बेफिक्र होकर वहां से जा रही थी।

★★★★

100%