एक साल की शादी Ch. 3

अनुबंध: रूह और दीवारें - Chapter 3

Posted by kp Queen • Mar 24, 2026 07:00 AM

Welcome to my story 🙂

अब आगे।

अध्याय 3: शेर की मांद में दस्तक

हॉस्टल के उस छोटे से कमरे में सन्नाटा पसरा था, पर ध्वनि के सीने में तूफ़ान उठा हुआ था। उसके हाथ में वह सरकारी नोटिस अब भी कांप रहा था। "नहीं... यह नहीं हो सकता! यह कोई भयानक सपना है," वह खुद से बुदबुदायी, उसकी आवाज़ में यकीन और डर का अजीब मिश्रण था। वह एक पल भी बर्बाद नहीं कर सकती थी। उसने वह लेटर झपटकर अपने झोले में डाला और पागलपन की हद तक दौड़ती हुई हॉस्टल से बाहर निकल गई।

जब वह 'नूर मंज़िल' पहुँची, तो दृश्य देखकर उसका कलेजा मुंह को आ गया। उसकी यादों के आंगन को पीली रंग की बदसूरत टेप से घेरा जा रहा था। उसके बचपन की खिलखिलाहट को जैसे किसी कफ़न में लपेटा जा रहा था। और सबसे दर्दनाक था वह बोर्ड, जो मुख्य द्वार पर निर्लज्जता से लटक रहा था— 'नीलामी: यह संपत्ति अब बिकाऊ है'।

ध्वनि भागकर वहां खड़े अफसरों के पास गई। "सर! मेरी बात सुनिए! आप यह सब रोक दीजिए। ज़रूर कुछ गलतफहमी हुई है। मेरी हवेली गैरकानूनी नहीं है, मैंने सारे टैक्स..."

"देखिए मिस, आप यहाँ से चली जाइए," एक अफसर ने बेरुखी से उसे बीच में ही टोक दिया। "हमें ऊपर से कड़े आदेश मिले हैं। इस हवेली को सील करना और नीलाम करना अब हमारी ड्यूटी है। और अब तो बहुत देर हो चुकी है, यह हवेली बिक भी गई है। अब कुछ नहीं हो सकता।"

"बिक गई?" ध्वनि को ऐसा लगा जैसे किसी ने उसके कान के पास बम फोड़ दिया हो। "पर कैसे? बिना मेरी मर्ज़ी के? क्या आप मुझे बता सकते हैं कि यह किसने खरीदी है?"

अफसर ने अपनी फाइल समेटी और चलते हुए कहा, "इसे शहर के सबसे बड़े रसूखदार, मिस्टर सिद्धार्थ सिंघानिया ने खरीदा है। आगे की जो भी बात करनी है, आप उन्हीं से कीजिएगा। अब हमें अपना काम करने दीजिए।"

तलाश और मायूसी

ध्वनि वहां से बदहवास होकर निकली। सिद्धार्थ सिंघानिया... यह नाम उसके लिए अनजान था, पर उस नाम की धमक उसे डरा रही थी। वह पास के एक साइबर कैफे पहुँची और पागलों की तरह इंटरनेट पर सिद्धार्थ के बारे में जानकारी ढूंढने लगी। उसे जो मिला, वह उसकी उम्मीदों से कहीं ज़्यादा डरावना था। सिद्धार्थ सिंघानिया—मुंबई का सबसे बड़ा बिजनेस टायकून, एक ऐसा इंसान जिसकी मर्जी के बिना शायद मुंबई की हवाएं भी दिशा नहीं बदलती थीं।

हैरानी की बात यह थी कि इतने बड़े आदमी की एक भी साफ फोटो इंटरनेट पर मौजूद नहीं थी। उसकी प्राइवेसी किसी किले की तरह महफ़ूज़ थी। ध्वनि समझ गई कि वह किसी साधारण अमीर आदमी से नहीं, बल्कि एक ऐसे साये से लड़ रही है जिसे कोई देख नहीं सकता, सिर्फ महसूस कर सकता है। उसने दिन भर उसके ऑफिस जाने की, उससे मिलने की कोशिश की, पर सुरक्षाकर्मियों ने उसे गेट से ही दुत्कार कर भगा दिया।

शाम होते-होते ध्वनि थककर चूर होकर अपने हॉस्टल लौटी। उसका हौसला टूट रहा था। उसे लगा जैसे वह एक ऐसे समंदर में हाथ-पांव मार रही है जिसका कोई किनारा नहीं है। वह अपने कमरे की दहलीज पर बैठी ही थी कि उसके कान में दो लड़कियों की बातें पड़ीं।

"यार तुझे पता है? आज सिद्धार्थ सिंघानिया ने 'होटल द इम्पीरियल' में बहुत बड़ी पार्टी रखी है!" एक लड़की उत्साह से कह रही थी।

"हाँ यार! सुना तो मैंने भी है। वैसे कितना हैंडसम है वो! मैंने बस एक बार उसकी छोटी सी झलक देखी थी जब वो अपनी ब्लैक रोल्स रॉयल्स से उतरा था," दूसरी ने आह भरते हुए कहा।

पहली लड़की फिर बोली, "सुना है वो वहां अपने नए मॉल प्रोजेक्ट का ऐलान करने वाला है। काश! मेरी किस्मत अच्छी होती और मेरी शादी उसके साथ हो जाती।"

"पागल है क्या? उसे अपने आस-पास लड़कियों का फटकना तक पसंद नहीं है। पत्थर दिल है वो, उसने तो अभी तक शादी के बारे में सोचा भी नहीं।"

उनकी बातें सुनते ही ध्वनि की आँखों में अचानक एक चमक लौट आई। उसके पास अब सिर्फ यही एक रास्ता था। उसे उस पत्थर दिल इंसान की मांद में घुसना ही होगा।

माँ की धरोहर और एक नई हिम्मत

वह तेज़ी से अपने कमरे के अंदर गई। "चाहे जो हो जाए, आज मैं उस सिद्धार्थ सिंघानिया से मिलकर रहूँगी और अपनी हवेली वापस पाकर रहूँगी!" उसने खुद से वादा किया। पर फिर उसकी नज़र अपनी साधारण सी ड्रेस पर पड़ी। इतनी बड़ी पार्टी... बड़े-बड़े लोग... वह वहां इस हाल में कैसे जाएगी? उसके पास तो कोई ढंग का जोड़ा भी नहीं था।

तभी उसे याद आया कि उसके संदूक के नीचे उसकी माँ की एक पुरानी साड़ी दबी पड़ी है। उसने उसे बाहर निकाला। वह गहरे नीले रंग की शुद्ध सिल्क की साड़ी थी, जिसके बॉर्डर पर सोने की तारों का महीन काम किया गया था। वह साड़ी नहीं, उसकी माँ का आशीर्वाद था।

ध्वनि ने तैयार होना शुरू किया। उसने साड़ी पहनी, अपने लंबे घने बालों को खुला छोड़ दिया जो उसकी कमर पर रेशम की तरह ढल रहे थे। उसने कोई बनावटी मेकअप नहीं किया, बस आँखों में हल्का सा काजल लगाया। कानों में अपनी माँ के सोने के झुमके पहने और माथे पर वही छोटी सी काली बिंदी। आईने में उसने खुद को देखा—वह सादगी की मूरत लग रही थी, पर उसकी आँखों में जो दृढ़ता थी, वह किसी योद्धा से कम नहीं थी।

होटल द इम्पीरियल: खौफ का स्वागत

शहर का सबसे आलीशान होटल 'द इम्पीरियल' आज किसी दुल्हन की तरह सजा था। होटल की हर दीवार सुनहरी रोशनी से जगमगा रही थी। अंदर का हॉल शहर के सबसे रसूखदार चेहरों से भरा था। हर तरफ मंहगी परफ्यूम की खुशबू और बिजनेस की चर्चाएं थीं। मीडिया के कैमरे दरवाज़े पर जमे थे, सबका इंतज़ार सिर्फ एक शख्स के लिए था।

अचानक, होटल के बाहर सन्नाटा छा गया। 10 से 15 काली लग्जरी गाड़ियाँ एक काफिले की तरह आकर रुकीं। गाड़ियों से सबसे पहले काले सूट पहने 30 से ज़्यादा निजी बॉडीगार्ड्स उतरे। उनकी कद-काठी और आँखों पर चढ़े काले चश्मे ही किसी को भी डराने के लिए काफी थे। उनकी शर्ट के कॉलर पर चांदी के धागों से एक लोगो बना था— 'S.S.'।

वे सब एक घेरा बनाकर खड़े हो गए। तभी बीच वाली 'रोल्स रॉयल्स' का दरवाज़ा खुला। सबसे पहले लेदर के काले और मंहगे हाथ से बने जूते ज़मीन पर टिके। और फिर बाहर निकला— सिद्धार्थ सिंघानिया।

थ्री-पीस ब्लैक सूट, सफ़ेद कड़क शर्ट, और चेहरे पर वही घातक शांति। उसकी आँखों में ऐसा रोब था कि वहां मौजूद मीडियाकर्मी भी अपनी जगह से हिल नहीं पाए। वे उसकी तस्वीर लेना चाहते थे, पर सुरक्षा का घेरा इतना मज़बूत था कि कोई भी उसके करीब नहीं जा सकता था। सिद्धार्थ बिना किसी की तरफ देखे, अपने ट्रेडमार्क अंदाज़ में होटल के अंदर दाखिल हुआ। उसे नहीं पता था कि इसी भीड़ में, एक कोने में खड़ी नीली साड़ी वाली वह लड़की उसकी सल्तनत को चुनौती देने आई है।

100%