लाईफ़ इज़ नॉट अ फैरीटेल....!! Ch. 2

"लाईफ़ इज़ नॉट अ फैरीटेल"....!! - Chapter 2

Posted by Farheen Rajput • Dec 29, 2024 09:59 AM

(मुंबई… (न्यू ईयर नाईट)....कुछ दिन पहले!

(एक हवेली-नुमा घर के अंदर रात के लगभग 12:30 बजे)…

सीढ़ियों से दबे पांव, हाथ में सैंडल पकड़े हुए, एक लड़की चारों तरफ देखते हुए बड़ी सावधानी से नीचे उतरी। उसकी उम्र 19-20 साल की होगी, गहरी भूरी आँखें थीं। उसने अपने कोमल गुलाबी होठों को दांतों तले दबा रखा था। कमर तक के काले, घने बाल और रॉयल ब्लू कलर की घुटनों तक की वेस्टर्न ड्रेस में वह बहुत जच रही थी। वह लड़की दबे पांव उतरते हुए दरवाजे पर पहुँची और चारों तरफ देखकर एक गहरी साँस लेते हुए दरवाजा खोलने के लिए हाथ बढ़ाया ही था कि एकाएक एक आवाज़ से उसके हाथ डर के मारे रुक गए। वह बिना पीछे पलटे, आँखें बंद किए हुए ईश्वर से खुद को बचाने की प्रार्थना करने लगी। हर बढ़ते पल के साथ उसे अपनी तरफ बढ़ते कदमों की आहट महसूस हो रही थी!

एक कड़कदार आवाज़ आई, "कहाँ जा रही हो इतनी रात में तुम!! वो भी ऐसे अकेले?"

लड़की डरते हुए पीछे पलटी। "वो मैं…वो…पापा…वो मैं…मैं…"

"वैसे मुझे नहीं पता था कि तू कभी-कभी बकरी भी बन जाती है!"

लड़की ने जब अपनी नज़रें ऊपर उठाकर देखीं, तो एक गहरी साँस के साथ उसकी जान में जान आई। लेकिन अगले ही पल, वह अपने सामने खड़े शख्स पर चिल्लाने के लिए मुँह खोलने वाली थी कि वह उसके करीब आते हुए उसके मुँह पर हाथ रखकर उसे शोर न करने का इशारा किया। दोनों दबे पांव बाहर का दरवाजा खोलकर बाहर निकल गए। बाहर निकलते ही लड़की उस शख्स को घूरने लगी और अगले ही पल उसे मारना शुरू कर दिया। ब्लैक कलर की जींस पर व्हाइट टीशर्ट और ब्लैक कैज़ुअल ब्लेज़र पहने, होंठों पर शरारती मुस्कान और आँखों में मस्ती लिए हुए वह लड़का भी काफी अच्छा लग रहा था।

लड़का खुद को बचाते हुए बोला, "अरे, अरे!! आरना की बच्ची, मोटी!! रुक जा!! जान ही लेगी क्या अब मेरी?"

"तुझे तो आज मैं छोड़ूंगी नहीं राहुल के बच्चे!!! एक पल को तो मेरी जान ही निकल गई थी पापा की आवाज़ सुनकर!"

"हाँ तो जब तू बिना बताए मुझे अकेले छोड़कर न्यू ईयर पार्टी के लिए जाने का सोचेगी, तो तुझे सबक सिखाने के लिए इतना ड्रामा तो मैं कर ही सकता हूँ!" उसने अपना कॉलर ऊपर उठाया। "वैसे भी, बंदा तो टैलेंटेड ही हूँ मैं!"

"टैलेंटेड माय फ़ुट! और इस खुशफ़ैमी में रहने की बिल्कुल भी ज़रूरत नहीं है कि तुझे मैं अपने साथ लेकर भी जाऊँगी!"

राहुल: "ठीक है फिर! इस बार सच में मैं अंकल को बुला ही लेता हूँ! " (ज़ोर से बोलते हुए) "अंक…"

आरना (राहुल के मुँह पर हाथ रखकर): "अच्छा अच्छा ठीक है! मर…भाव मत खा और शांत रह! चल तू भी!"

राहुल (दाँत दिखाते हुए): "हम्म! अब ठीक है। और वैसे भी, अगर तू मना भी करती तब भी मैं तेरे साथ आता ही, क्योंकि तुम दोनों लड़कियों को इतनी रात में मैं अकेले किसी कीमत पर नहीं जाने दे सकता था!"

आरना (मुँह बनाते हुए): "हाँ, जैसे तू तो बड़ा खली है! हमें अच्छे से खुद को संभालना आता ही नहीं है ना!! "

राहुल: "जी हाँ! क्योंकि एक तू है आधा दिमाग और दूसरी तरफ वो तेरी दोस्त और खाली दिमाग नैना!"

"अच्छा मैं खाली दिमाग हूँ… वेरी बेड राहुल… मैं हमेशा तुम्हारी साइड रहती हूँ और इसके बावजूद तुम मेरे लिए ऐसा बोलते हो!"

ग्रीन कलर की वेस्टर्न ड्रेस में, होंठों पर लाल डार्क लिपिस्टिक और कर्ली बालों के साथ आरना की दोस्त नैना राहुल को घूर रही थी।

राहुल: "अरे मेरा मतलब ये नहीं था! बल्कि मैं तो ये कह रहा था कि तुम बहुत भोली हो और साथ ही दोनों लापरवाह भी। और वैसे भी आज न्यू ईयर पार्टी है, जाने कैसे-कैसे लोग आते हैं, इसीलिए तुम दोनों किसी कीमत पर भी अकेले नहीं जाओगी! " उसने अपने हाथ बाँध लिए। "अब फैसला तुम्हारा है कि जाना है कि नहीं?"

नैना और आरना एक-दूसरे की तरफ देखती हैं और फिर आखिर में राहुल को अपने साथ ले जाने के लिए हामी भर देती हैं। तीनों राहुल की गाड़ी में साथ ही निकल पड़े।

आरना जाने-माने बिज़नेस मैन मिस्टर राघव कपूर की बेटी थी। जब उसका जन्म हुआ, तब ही उसकी माँ चल बसी थी। फैमिली के नाम पर उसके पास राहुल था, जो मिस्टर कपूर के एक बहुत अच्छे दोस्त मिस्टर मेहरा का बेटा था। एक कार एक्सीडेंट में उनके और उनकी बीवी के मरने के बाद वह बचपन से ही आरना और मि. कपूर के साथ उनके घर में रहता था। मि. कपूर उसकी बहुत सराहना और तारीफ करते थे। आरना के लिए राहुल एक दोस्त, मेंटर और अपनी हर बात और दुख-सुख शेयर करने वाला इंसान था। दूसरी तरफ थी नैना, जो आरना की स्कूल टाइम से उसकी दोस्त थी और वक्त के साथ दोनों की दोस्ती गहरी हो गई थी। दोनों के घर भी कुछ ही दूरी पर थे। इन दोनों के सिवा उसकी ज़िंदगी में थे उसके पिता मि. कपूर, जिनसे खुद की एक तारीफ सुनने और प्यार के एक बोल के लिए आरना हमेशा अपनी जान लगा देती थी, लेकिन हमेशा ही उसे तिरस्कार और नफ़रत के बोल ही सुनने को मिलते थे। वह आज तक समझ ही नहीं पाई थी कि आखिर क्यों उसके पिता उससे सौतेलों जैसा व्यवहार करते हैं और क्यों उससे नफ़रत भरे शब्दों से ही बात करते हैं। वह लाख कोशिश कर ले, लेकिन आज तक अपने पिता के चेहरे पर अपनी किसी बात से खुशी या सुकून नहीं दे पाई। उसे लगता था कि उसकी वजह से उसकी माँ की जान चली गई; शायद यही वजह है उसके पिता की उससे नफ़रत करने की। कभी-कभी उनके तीर जैसे शब्द सीधा उसके दिल को छलनी कर जाते और वह पूरी तरह टूट जाती, लेकिन फिर खुद को हौसला देकर अपने पापा का विश्वास और प्यार पाने का संकल्प भी करती। राहुल और नैना दोनों आरना की इस हालत से बखूबी वाकिफ़ थे और दोनों लाख कोशिशों के बाद भी उसकी परेशानी दूर नहीं कर पाए थे। यही वजह थी कि दोनों उसे अपने साथ ज़्यादा से ज़्यादा खुश रखने की कोशिश करते और उसका ध्यान भटकाने की कोशिश करते। आरना भी यह बात अच्छे से समझती थी और ऐसे दोस्त पाकर ईश्वर का धन्यवाद करती थी। ये दोनों जहाँ भी जातीं, राहुल इनके साथ साये की तरह रहता था। आज भी तीनों न्यू ईयर पार्टी के लिए साथ ही निकले थे। राहुल और आरना आगे बैठे और नैना पीछे। कुछ ही देर में इन तीनों की गाड़ी मुंबई के एक बड़े और फ़ेमस डिस्को क्लब के आगे रुकी। तीनों अपनी गाड़ी पार्क करने के बाद एक्साइटेड होकर अंदर गए। आमतौर पर भी यह क्लब लड़के और लड़कियों की भीड़ से भरा रहता था, आज तो फिर न्यू ईयर था, तो आज तो यहाँ हद से ज़्यादा ही रश था। पूरा क्लब रंग-बिरंगे कपड़े पहने नई उम्र के लोगों से भरा हुआ था। यहाँ आकर आरना को उनके बाकी दोस्त और क्लासमेट भी मिले।

सब लोग पूरी मस्ती और जश्न के मूड में थे। आरना भी दुनिया-जहाँ की सारी परेशानियाँ भूलकर नैना के साथ डांस फ़्लोर पर थिरक रही थी। इस बात से बिल्कुल बेखबर कि किसी की नज़रें सिर्फ़ उस पर ही टिकी हैं। उसे एक-दो बार महसूस भी हुआ कि जैसे उस पर किसी की नज़रें जमी हैं, लेकिन चारों तरफ देखने के बाद भी जब उसे कोई नज़र नहीं आया, तो वह इसे अपना वहम समझकर वापस से अपने डांस में मगन हो गई थी। वह कभी भी ड्रिंक नहीं करती थी, इसीलिए आज भी उसने हमेशा की तरह अपने लिए सॉफ़्ट ड्रिंक ही ऑर्डर की थी। लेकिन आज पता नहीं, इसे पीने के बाद उसे कुछ अजीब ही नशा सा महसूस हो रहा था। राहुल अपने बाकी कॉलेज दोस्तों के साथ बातों में बिज़ी था और नैना एक बार फिर उसे खींचकर डांस फ़्लोर पर ले आई थी। दोनों फिर से गाने की ताल पर थिरकने लगीं। तभी अचानक डिस्को की सारी लाइट बिल्कुल डीम होकर गोल-गोल घूमने लगीं और इसी के साथ अब आरना का सर भी जोरों से घूमने लगा था। वह अपना बैलेंस खोकर बस फ़्लोर पर गिरने ही वाली थी कि दो मज़बूत हाथ उसे अपनी बाहों में थाम लेते हैं। आरना के नथुने उस शख्स के अपने करीब आते ही एक कठोर और दिल-नशीं खुशबू से टकराते हैं और उसका दिल जोरों से धड़क उठा। वह अपनी बोझिल और अधखुली आँखों से उस शख्स के चेहरे को देखने की कोशिश करती है, लेकिन उसके चेहरे पर लगे मास्क से सिर्फ़ उसकी खूबसूरत और मंत्रमुग्ध करने वाली आँखें झाँक रही थीं। इन्हें देखकर आरना कुछ पल तक अपने आस-पास चल रहे वातावरण को बिल्कुल भूल ही गई थी। साथ ही, वह उसका चेहरा न देख पाने की वजह से फ़्रस्ट्रेट भी हो रही थी। वह अपनी ही धुन में सवार उस शख्स का चेहरा देखने के लिए, उसका मास्क हटाने के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाती है, लेकिन वह शख्स बीच में ही उसका हाथ पकड़कर उसे अपने करीब खींच लेता है। आरना का सर उसकी पत्थर जैसी छाती पर ठहर जाता है और वह अपना बैलेंस और खुद को गिरने से बचाने के लिए उसके मज़बूत कंधों को थाम लेती है और लगभग आधी नींद और नशे के हाल में बड़बड़ाते हुए उसे पूछने लगती है:

आरना (लड़खड़ाती ज़ुबान में): "ह…हू आर यू?"

शख्स (सर्द आवाज़ में आरना के कान के पास जाकर धीरे से): "योर डेस्टिनी!"

आरना ने जब उस शख्स की सर्द आवाज़ सुनी और उसके होठों के इतना करीब होने की वजह से उसकी गरम साँसों की तपिश को अपनी गर्दन और कान पर महसूस किया, तो उसके पूरे बदन में एक झुरझुरी सी दौड़ पड़ी थी। लाख कोशिशों के बाद भी अब अपनी आँखें खोलना उसके लिए बहुत मुश्किल हो रहा था। कुछ पल बाद ही वह गहरे अंधेरे के आगोश में चली गई थी। इसी के साथ वह शख्स आरना को अपनी मज़बूत बाहों में उठाकर डांस फ़्लोर की भीड़ को चीरता हुआ वहाँ से बाहर निकल आया…..

100%