जे अखियां दे सामने नहीं रहना 🍁🍁 Ch. 3

जे अखियां दे सामने नहीं रहना 🍁🍁 - Chapter 3

Posted by Beautiful stories ( R Mann) • Nov 12, 2026 06:12 PM

शाम के पाँच बज चुके थे। छुट्टी होते ही इनायत तेज़ कदमों से ऑफ़िस की बिल्डिंग से बाहर निकली। बाहर की खुली हवा में आते ही उसने एक लंबी, ठंडी साँस ली। आज जो कुछ हुआ था, उसने सपने में भी नहीं सोचा था—कि उसकी ज़िंदगी के पन्ने पलटकर उसे फिर से अजीत इंदर सिंह रंधावा के सामने ला खड़ा करेंगे।

लेकिन अगले ही पल उसने खुद को सँभाला। "यह कोई मुलाकात नहीं थी इनायत, वो बस इस कंपनी का नया बॉस है... तुम्हारा उससे अब कोई वास्ता नहीं है," खुद से यह कहते हुए और अपने मन को शांत करती हुई वह पार्किंग की तरफ़ बढ़ गई, जहाँ उसकी पुरानी-सी स्कूटी खड़ी थी।

जैसे ही इनायत अपनी स्कूटी स्टार्ट करके बिल्डिंग के मेन गेट से बाहर निकली, ठीक उसी वक़्त अजीत इंदर रंधावा की चमचमाती गाड़ी भी गेट से बाहर आई।

गाड़ी के टिंटेड शीशों के पीछे से अजीत की निगाह उस पुरानी-सी स्कूटी पर बैठी इनायत पर ठहर गई। वह उसके बारे में सोचना नहीं चाहता था, पर चाहकर भी खुद को रोक नहीं पा रहा था। कुछ ही पलों में इनायत अपने रास्ते मुड़ गई और अजीत की गाड़ी दूसरी दिशा में निकल गई।

मगर रास्तों के अलग हो जाने से क्या होता है? जब तक़दीर दो लोगों को मिलाने की ज़िद पर आ जाए, तो वह हर हाल में मिलाकर ही रहती है। जब वे एक-दूसरे से जुदा हुए थे, तब शायद उनकी क़िस्मत में साथ लिखा नहीं था—पर अब वक़्त करवट बदल चुका था।

जब इनायत अपने छोटे से किराए के फ्लैट पर पहुँची, तो उसकी फ्लैटमेट  पहले ही आ चुकी थी। दरवाज़ा खुलने की आवाज़ सुनते ही वह हाथ में चाय के दो कप लिए किचन से बाहर आई।

"मुझे पता था, तू बस पहुँचने ही वाली होगी," उसने ने मुस्कुराते हुए एक कप इनायत की तरफ़ बढ़ाया।

   

इनायत ने चाय का कप हाथ में लिया और चुपचाप सिप लेने लगी। उसका उतरा हुआ चेहरा देखकर काव्या को तुरंत अंदाज़ा हो गया कि कुछ तो बात है। वह मुस्कुराते हुए इनायत के पास आकर बैठ गई।

"तू इतनी उदास क्यों है इना? क्या हुआ, आज ऑफ़िस में ज़्यादा डाँट पड़ गई क्या?" काव्या ने हल्के-फुल्के अंदाज़ में पूछा।

"तुम जानती हो न कि हमारी कंपनी बिकने वाली थी... आज उसका नया मालिक आया था," इनायत अरोड़ा ने बेहद धीमे और बुझे हुए स्वर में कहा।

"तो क्या हुआ ? क्या वो तुम्हें नौकरी से निकाल रहे हैं?" काव्या ने फिक्र से पूछा।

"ये पूछो कि वो कंपनी खरीदी किसने है," इनायत ने काव्या की तरफ़ देखते हुए कहा।

"किसने?" काव्या आनंद ने उत्सुकता से पूछा।

"जानती हो... वो कंपनी खरीदने वाला अजीत इंद्र सिंह रंधावा है," इनायत ने एक गहरी साँस लेते हुए कहा।

"तुम्हारे कहने का मतलब है... तुम्हारा हस्बैंड अजीत इंद्र सिंह रंधावा?!" काव्या आनंद की आँखें हैरानी से फैल गईं, "तो क्या उसने तुम्हें पहचान कर कंपनी से निकाल दिया?"

"शायद उसने तो मुझे पहचाना भी नहीं होगा," इनायत ने एक कड़वी मुस्कान के साथ कहा, "कोर्ट में सिर्फ़ एक ही बार तो मुलाकात हुई थी, तब भी उसने मेरी तरफ़ नज़र उठाकर नहीं देखा था, मुझे अच्छे से याद है। और फिर मेरे चेहरे पर हल्का सा दुपट्टा भी था। तीन साल बीत गए... अगर उसे मेरा चेहरा याद होता या मुझसे कोई मतलब होता, तो कभी तो ढूँढता या मिलता।"

"तो फिर प्रॉब्लम क्या है?" काव्या, जो इनायत की पूरी कहानी जानती थी, उसे समझाते हुए बोली।

"पता नहीं यार, बस मन थोड़ा अपसेट हो गया है। चल छोड़ इन बातों को," इनायत ने खुद को संभालते हुए हल्का सा मुस्कुराकर कहा, "मैं कपड़े बदलकर आती हूँ, फिर खाना बनाते हैं। मुझे रात को फिर से अपने डिज़ाइन्स पर काम करना है।"

"चल, तू कहे तो आज हम दोनों बाहर ही कुछ खाकर आते हैं! बहुत दिन हो गए हैं, और वैसे भी तुम्हारे उस अजीत इंद्र सिंह रंधावा के दोबारा टकराने का ग़म भी तो मनाना है!" काव्या, जो बेहद ज़िंदादिल और मज़ाकिया स्वभाव की लड़की थी, उसने माहौल हल्का करते हुए कहा।

उसकी बात पर इनायत के चेहरे पर आखिरकार एक प्यारी सी मुस्कान आ ही गई। "चल ठीक है यार, तू भी क्या याद रखेगी!"

दोनों सहेलियाँ बाहर जाने के लिए तैयार होने लगीं। सच तो यह था कि इनायत को भी इस वक़्त अपने दिमाग को शांत करने और थोड़ा फ्रेश होने की बेहद ज़रूरत थी।

दूसरी तरफ़, अजीत इंद्र सिंह रंधावा भी अंदर ही अंदर बेचैन और परेशान था।

उसकी गाड़ी दिल्ली के सबसे पॉश इलाके में स्थित भव्य 'रंधावा मेंशन' के मुख्य द्वार से अंदर दाखिल हुई। यह एक बेहद आलीशान दो-मंज़िला इमारत थी। निचले फ्लोर पर अजीत इंद्र सिंह रंधावा अपनी 90 साल की दादी बीबी हरपाल कौर रंधावा के साथ रहता था, जबकि ऊपरी फ्लोर पर उसके चाचा-चाची का परिवार रहता था।

इस दो-मंज़िला मेंशन की बनावट ऐसी थी कि निचले और ऊपरी फ्लोर का आपस में कोई सीधा ताल्लुक नहीं था—हर किसी की अपनी अलग प्राइवेसी थी। हाँ, बाहर फैला विशाल लॉन, गाड़ियों की पार्किंग और सर्वेंट क्वार्टर ज़रूर साझा थे। वैसे कानूनी तौर पर यह पूरा मेंशन अजीत इंद्र सिंह रंधावा के ही नाम था।

अजीत खुद तो कई सालों बाद विदेश से इंडिया लौटा था, लेकिन उसकी दादी हरपाल कौर हमेशा यहीं रहती थीं और अजीत भी समय-समय पर उनके पास आता-जाता रहता था। हरपाल कौर यहाँ निचले फ्लोर पर नौकरों की एक बड़ी फ़ौज के साथ अकेली रहती थीं, क्योंकि अपने छोटे बेटे, बहू और उनके बच्चों के साथ उनकी बिल्कुल भी नहीं बनती थी। उन्हें इंडिया में अपनी इसी कोठी में रहना पसंद था, इसलिए उन्हें यहाँ किसी बात की कोई कमी या दिक्कत नहीं थी। 90 साल की उम्र होने के बावजूद हरपाल कौर पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त, तंदुरुस्त और तेज़ दिमाग वाली थीं—और आज भी पूरे रंधावा खानदान पर उन्हीं का रोब और हुकुम चलता था।

अजीत इंद्र सिंह रंधावा गाड़ी से उतरकर मेंशन के अंदर दाखिल हुआ। उस वक़्त उसकी दादी मुख्य हॉल में बैठी उसी का इंतज़ार कर रही थीं। हॉल की एक तरफ़ पूरी कांच की दीवार थी, जिसके पर्दे एक तरफ़ सरकाए हुए थे और बेबे बाहर की तरफ़ ही देख रही थीं। अजीत को देखते ही उनके झुर्रियों भरे चेहरे पर एक चमकदार मुस्कान आ गई। उन्हें अपना पोता अजीत इंद्र अपनी जान से भी ज़्यादा प्यारा था।

अजीत हॉल के अंदर आया और आते ही, "बेबे, पैरीं पैना!" कहते हुए उनके पैरों की तरफ़ झुका।

"जींदा रह, जवानियां मान पुत्तरा! तेरा नाम पूरी दुनिया विच होवे, तैनूं किसी चीज़ दी कमी ना रहे। जल्दी से तेरा ब्याह हो जाए और मैं तेरे छोटे-छोटे बच्चों को अपनी गोद में खिलाऊँ..." बेबे ने आधी पंजाबी और आधी हिंदी में अपने पोते पर ढेर सारी दुआओं की बौछार कर दी।

अजीत इंद्र हल्का सा मुस्कुराया और बेबे के पास ही सोफ़े पर बैठ गया। बेबे ने अपनी मेड को चाय लाने का इशारा किया और फिर प्यार से कहने लगीं, "कैसे नहीं होंगी मेरी दुआएं पूरी? ज़रूर पूरी होंगी! तेरे दादाजी और तेरे माता-पिता के पास जाने से पहले मुझे यह सब देखना है। तभी तो 90 साल की उम्र में भी अभी तक ज़िंदा बैठी हूँ। ऊपर जाकर उन्हें बताऊँगी न कि मेरे पोते के दो बेटे और दो बेटियां हैं, तो वो लोग भी कितने खुश हो जाएंगे!" यह कहते हुए बेबे के चेहरे पर एक बेहद सुकून भरी बड़ी सी मुस्कान खिल उठी।

"बेबे, तू मुझे छोड़कर कहीं नहीं जा सकती। कौन है मेरा तेरे बिना?" अजीत इंद्र ने बेहद संजीदा और भावुक स्वर में कहा।

"तभी तो कहती हूँ, तू शादी कर ले और मुझे अपने बच्चों का मुँह दिखा दे, फिर ही जाऊँगी तेरे माता-पिता और तेरे दादाजी के पास। और सुन, मुझे भी वहीं लेकर जाना—अपने पिंड 'पक्की कलां', अपनी ज़मीनों में... जहाँ तेरे माता-पिता सोए हैं, जहाँ तेरे दादाजी सोए हैं। वहीं तेरे दादाजी के पास ही जाकर मुझे भी सोना है," कहते-कहते बेबे भावुक हो गईं और उनकी आँखें नम हो गईं।

"बस बेबे! अब मैं तेरे नाल गल नहीं करदा!" अजीत इंद्र ने नकली गुस्से और तकलीफ़ से कहा, "तू हमेशा मरने की बातें करने लग जाती है!" वह नाराज़गी जताते हुए अपनी जगह से खड़ा हो गया।

"चंगा, बैठ जा... हुण नहीं करदी मैं मरण दियां गल्लां! बैठ जा पुत्तरा, अब मैं सिर्फ़ तेरे ब्याह दियां गल्लां करूंगी," बेबे ने उसका हाथ पकड़कर वापस बैठने का इशारा किया।

अजीत इंद्र वापस बैठ गया। इतने में नौकर चाय भी ले आया। चाय की चुस्की लेते हुए बेबे तुरंत एक नई लड़की की बात छेड़ने लगीं, जो उन्हें अजीत के लिए पसंद आई थी।

"देख अजीत, लड़की मैंने देख ली है। अब कोई कोर्ट मैरिज करने की ज़रूरत नहीं है। कोई फ़र्क नहीं पड़ता कि कागज़ों और कोर्ट में तेरी वाइफ कोई भी रहे, मगर अब तुझे पूरे रीति-रिवाज़ से गुरुद्वारा साहिब में 'आनंद कारज' करना होगा। तभी वो तेरी असली जीवनसाथी बनेगी, और फिर घर में बच्चों की किलकारियां गूँजेंगी..." बेबे फिर से अपने सुनहरे सपनों की दुनिया में खोने लगीं।

अजीत इंद्र चुपचाप चाय पीते हुए अपनी बेबे को देख रहा था—जो इस हफ़्ते में ही उसके लिए तीसरा नया रिश्ता लेकर आई थीं, और साथ ही पोते-पोतियों के सपने भी सजा बैठी थीं। उसके दिल में कहीं न कहीं इनायत का चेहरा घूम गया।

100%