The Beast Heartbeat - Chapter 3
स्वाभिमान, चिल्लर और ब्लैक कार्ड
सुबह की सुनहरी धूप जब कमरे के आलीशान, भारी मखमली पर्दों को चीरती हुई रूहानिका की आँखों पर पड़ी, तो उसका सिर दर्द के मारे बुरी तरह फट रहा था। उसने भारी पलकों को धीरे-धीरे खोला और गहरी सांस ली। उसके गले में अजीब सी खुश्की थी और दिमाग पूरी तरह सुन्न था। लेकिन जैसे ही उसने अपने आस-पास के माहौल को देखा, उसके बदन में एक सिहरन दौड़ गई। वह अपने घर के उस टूटे-फूटे, सीलन भरे कमरे में नहीं थी, जहाँ उसकी सौतेली मां के ताने उसका सुबह-सुबह स्वागत करते थे। वह एक बेहद आलीशान, किंग-साइज़ बेड पर लेटी हुई थी। चारों तरफ ब्लैक और डार्क ग्रे इंटीरियर का शाही तालमेल था। कमरे की हर एक चीज़ से रसूख और बेहिसाब दौलत की बू आ रही थी।
रूहानिका ने झटके से उठने की कोशिश की, जिससे उसके सिर में एक तेज़ टीस उठी। उसने हड़बड़ा कर अपने पास देखा। वह मखमली बिस्तर का दूसरा हिस्सा बिल्कुल खाली था। वहाँ कोई नहीं था, लेकिन चादरों पर पड़ी सिलवटें साफ गवाही दे रही थीं कि कुछ ही घंटों पहले वहां कोई मौजूद था। कल रात की धुंधली, कटी-कटी यादें उसके जेहन में बिजली की तरह कौंधने लगीं। वह धुंधला सा कॉरिडोर, वे बदमाश लड़के, एक पहाड़ जैसा फौलादी सीना, ठंडे शावर की बौछारें और... और एक बेहद जुनूनी, मदहोश कर देने वाला फ्रेंच किस!
रूहानिका ने डर और घबराहट में तुरंत अपनी चादर हटाई। राहत की बात यह थी कि उसके बदन पर उसकी वही ब्लैक शिमरी ड्रेस मौजूद थी, जो अब पूरी तरह सूख चुकी थी। हालांकि, उसके बाल पूरी तरह बिखरे हुए थे और उसकी हालत किसी बवंडर से गुज़री हुई कली जैसी थी। वह गहरी सांसें लेते हुए बिस्तर से नीचे उतरी। उसका दिल ज़ोर-ज़ोर से धड़क रहा था। वह इस अजनबी और खौफनाक जगह से जितनी जल्दी हो सके, भाग जाना चाहती थी।
वह जैसे ही साइड टेबल के पास से गुज़री, उसकी नज़र वहां रखी एक चीज़ पर टिक गई।
वहां एक बेहद चमकीला, मैट-ब्लैक रंग का मेटल कार्ड रखा हुआ था। वह कोई साधारण कार्ड नहीं था, बल्कि एक बेहद रसूखदार ग्रुप का कस्टमाइज्ड विजिटिंग कार्ड था। रूहानिका ने कांपते हाथों से उस कार्ड को उठाया। उस कार्ड पर सोने के अक्षरों में कोई पूरा नाम नहीं लिखा था, बल्कि सिर्फ नाम का पहला अक्षर और सरनेम का पहला अक्षर बेहद आक्रामक और शाही फॉन्ट में छपा हुआ था—'A.S.' (अथर्व सिंघानिया)। कार्ड के नीचे छोटे अक्षरों में लिखा था: सिंघानिया ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज।
उस कार्ड को देखते ही रूहानिका का खून खौल उठा। उसकी आँखों में डर की जगह एक बेहिसाब गुस्सा तैरने लगा। उसका स्वाभिमान, जो उसकी सौतेली मां के रोज़-रोज़ के जुल्मों के बाद भी कभी नहीं मरा था, इस वक्त बुरी तरह तमतमा उठा था।
"क्या समझ कर गया है यह आदमी मुझे??" रूहानिका ने गुस्से में अपने दांत भींचे। उसकी आवाज़ में एक अजीब सी कड़वाहट थी। "कल रात उसने मेरी मदद की, इसका मतलब यह है कि वह मुझे कोई बिकाऊ लड़की समझ रहा है? अपनी दौलत का रौब दिखाने के लिए यह काला कार्ड यहाँ छोड़ कर गया है? ताकि मैं सुबह उठूं और इसके पैसों के जाल में फंस जाऊं? बदमाश कहीं का!"
उसने गुस्से से उस कीमती ब्लैक कार्ड को ज़ोर से बेड पर पटक दिया। उसका पूरा बदन गुस्से से कांप रहा था। वह किसी भी अमीरज़ादे के अहसान तले नहीं दबना चाहती थी, खासकर ऐसे इंसान के, जो उसे इस तरह सुबह लावारिस छोड़ कर चला गया हो।
"अगर उसने मेरे ऊपर कल रात कोई खर्चा किया है, या मुझे यहाँ रखने की कोई कीमत समझी है, तो मैं रूहानिका मेहरा हूँ... किसी का अहसान मुफ्त में नहीं लेती!" उसने बड़बड़ाते हुए कमरे के सोफे पर पड़े अपने छोटे से हैंडबैग (पर्स) को ढूंढा।
उसने अपने पर्स की ज़िप खोली और उसमें हाथ डालकर सीधे पैसों की तलाश करने लगी। लेकिन जैसे ही उसने अपने पर्स के अंदर झांका, उसका गुस्सा पल भर के लिए एक बेहद अजीब और फनी लाचारी में बदल गया। उसने पर्स को उल्टा किया, तो बेड पर कुछ नोट और ढेर सारे चिल्लर (सिक्के) बिखर गए।
रूहानिका ने बेड पर बैठकर उन पैसों को गिनना शुरू किया।
"अरे यार..." उसने अपना सिर पकड़ लिया। "मेरे पास तो सिर्फ और सिर्फ कुल मिलाकर 50 रुपए ही हैं!"
उसका चेहरा लटक गया। एक तरफ उसका भारी-भरकम स्वाभिमान था और दूसरी तरफ उसकी जेब की यह कड़वी सच्चाई। वह उन 50 रुपयों को देखकर सोचने लगी। कल रात की मदद का हिसाब तो उसे चुकाना था, लेकिन उसकी अपनी कुछ बेहद ज़रूरी प्राथमिकताएं भी थीं।
"अरे यार! शाम को मुझे मार्केट के कोने वाले ठेले से 20 रुपए का गुपचुप (पानीपुरी) भी तो खाना है... अगर ये सारे पैसे इस 'A.S.' नाम के खूसट को दे दिए, तो मेरे पास क्या बचेगा? 50 में से 20 गए, तो सिर्फ 30 बचेंगे। और ऑटो वाले को भी तो पैसे देने हैं..." उसने उंगलियों पर हिसाब लगाना शुरू किया।
वह गहरी सोच में डूब गई। उसका मासूम और ज़िंदादिल दिमाग इस गंभीर माहौल में भी अपनी गुपचुप की क्रेविंग को नहीं भूल पा रहा था। उसने सिक्कों को इधर-उधर पलटा।
"अगर मैंने इसे ज़्यादा पैसे दिए, तो मेरे पास सिर्फ 10 रुपए ही बचेंगे। 10 रुपए में तो आज के ज़माने में सूखी पपड़ी भी नहीं मिलती! एक काम करती हूँ..." रूहानिका ने एक बेहद शातिर और मासूम फैसला लिया। "इस आदमी ने मुझे यहाँ लाकर रखा, इसके लिए इसे 10 रुपए देना ही काफी है। हाँ, इसको मैं सिर्फ 10 रुपए ही देती हूँ। वरना अगर मेरे गुपचुप के पैसे कम हो गए, तो मेरी अपनी भूख के मारे ऐसी की तैसी हो जाएगी!"
उसने मुस्कुराते हुए बिस्तर पर बिखरे चिल्लरों में से एक-एक के और दो-दो के कुछ सिक्के बटोरे और कुल मिलाकर 10 रुपए अलग कर लिए। उसने उन 10 रुपयों के सिक्कों को बेहद सलीके से उस चमकीले, करोड़ों के ब्लैक कार्ड के ठीक ऊपर रख दिया। 10 रुपए के वो खुरदरे सिक्के उस शाही मेटल कार्ड पर ऐसे लग रहे थे जैसे किसी पांच सितारा होटल की थाली में सूखी रोटी रख दी गई हो।
"लो मिस्टर 'A.S.', तुम्हारा पूरा हिसाब चुकता! अब यह मत कहना कि रूहानिका मेहरा तुम्हारी कर्ज़दार है," उसने गर्व से अपनी ठुड्डी ऊपर की, मानो उसने कोई बहुत बड़ा किला फतह कर लिया हो।
वह यह सोचकर अंदर ही अंदर कुढ़ रही थी कि उस घमंडी आदमी ने रूहानिका को कोई गरीब या बेसहारा लड़की समझ लिया था, जो सुबह उठकर उसके इस कार्ड को देखकर इम्प्रेस हो जाएगी। उसे क्या पता था कि यहाँ उसका पाला एक ऐसी लड़की से पड़ा है जो अपनी ज़िंदगी को अपनी शर्तों पर, भले ही जेब में कम पैसे हों, पर पूरे स्वाभिमान के साथ जीती थी।
वह लड़का—यानी हमारा हीरो अथर्व सिंघानिया—कब का उठकर वहां से जा चुका था। वह कोई ऐसा-वैसा लड़का नहीं था कि सुबह उठकर रोमांस करता या लड़कियों की तरह बिस्तर पर पड़ा रहता। वह शहर का सबसे व्यस्त और बेरहम माफिया किंग था, जिसकी एक सुबह की मीटिंग करोड़ों का खेल बदल देती थी। वह सुबह पांच बजे ही उठकर, रूहानिका को सोता हुआ छोड़, अपने काम पर निकल चुका था। उसे लड़कियों के करीब आने से जो एलर्जी थी, वह कल रात रूहानिका के मामले में कहाँ गायब हो गई थी, इसी कशमकश में वह खुद भी था। इसलिए वह बिना उसे जगाए चला गया था, यह सोचकर कि यह ब्लैक कार्ड उसकी सुरक्षा और ज़रूरत के काम आएगा।
इधर रूहानिका ने अपना पर्स संभाला और तुरंत अपना फोन निकाला। उसने अपनी सबसे पक्की सहेली को कॉल लगाया।
"हेलो, सिया! यार तू कहाँ है? जल्दी से अपनी स्कूटी लेकर 'द क्लब एलीज़ियम' के पीछे वाले वीआईपी गेट के पास आ। मैं किसी मुसीबत में नहीं हूँ, बस... बस तू जल्दी आ, मुझे यहाँ से निकलना है। और हाँ, रास्ते में आते वक्त गुपचुप वाले ठेले के पास रुकना, आज बहुत तगड़ी भूख लगी है!"
फोन रखकर रूहानिका ने एक आखिरी बार उस बिस्तर और उस 10 रुपए के सिक्के वाले ब्लैक कार्ड को देखा। उसने अपने बिखरे बाल ठीक किए, एक गहरी सांस ली, और दबे पांव कमरे का दरवाज़ा खोलकर बाहर निकल गई। उसे अंदाज़ा भी नहीं था कि उसने जिस 'A.S.' के कार्ड पर 10 रुपए का चिल्लर छोड़ा है, वह इंसान जब वापस आएगा, तो इस बगावत का क्या हश्र करेगा।