modern day vaidya Ch. 1

modern day vaidya - Chapter 1

Posted by roma sharma • Nov 04, 2026 03:30 PM

(अनजान हीलर और निकम्मा दामाद)

“नहीं!... मेरा बेटा!... कोई तो इसकी मदद करो…”

एक तीस पैंतीस साल की साधारण सी दिखने वाली औरत उस बड़े से अस्पताल में अंदर आते हुए रोते हुए बोल रही थी जिसकी गोद में एक आठ-दस साल का बेहोश लड़का था।

“ए अंदर कहां बढ़ती जा रही है तुझे पता है ना कि इस अस्पताल में इलाज के लिए कितने पैसे चाहिए, जाओ जाकर किसी सरकारी अस्पताल में इसका इलाज करवाओ।” एक गार्ड ने उसे बाहर करते हुए कहा।

वो औरत उस गार्ड के पैरों के पास घुटनों के बल बैठ गई और गिड़गिड़ाते हुए बोली -”भगवान के लिए ऐसा मत कहिए… मैंने इसे सरकारी अस्पताल में दिखा दिया है लेकिन इसका इलाज नहीं हो पाया बल्कि इसकी हालत बिगड़ ही रही है भगवान के लिए दया करो।”

“तुझे एक बार में समझ नहीं आता क्या?” बोलते हुए वो गार्ड उस महिला को बाहर खदेड़ने ही वाला था तभी उस महिला का पति वहां आया और बोला -”माफ कर दीजिए ये बेचारी औलाद की वजह से पागल हो गई है… चलो भाग्यवान यहां से।”

वो महिला रोते हुए बोली -”मेरी बात सुनिए गुड्डू के बापू, अब यही लोग हमारे बच्चे को बचा सकते हैं कुछ कीजिए ना…”

उस आदमी ने अपनी पत्नी के चेहरे पर हाथ रखा और रूआंसी आवाज में कहा -”अब कुछ नहीं हो सकता गुड्डू की मां… बेहतर होगा कि हम इसे घर लेकर चलें।” बोलकर वो उसे अपने साथ ले गया वहीं अस्पताल के अंदर मौजूद सारे लोग वापस अपने अपने कामों में लग गए।

इसी दौरान इस सारे घटनाक्रम को कोई तो था जो अपनी आंखों से देख रहा था लेकिन वो सब देखकर भी अंजान बनने का नाटक कर रहा था।

जब सब लोगों का ध्यान अपने अपने कामों में दोबारा लगा तो वो रहस्यमई हुडधारी शख्स उस अस्पताल के कोरिडोर से बाहर की ओर बढ़ने लगे।

वो उन दोनों पति पत्नी को ढूंढते हुए उस अस्पताल के आगे मौजूद मेन रोड तक आ पहुंचा था जहां से कुछ आगे वो पति पत्नी भी खड़े थे।

वो रहस्यमई शख्स उनके पास आया और बोला -”आपके बेटे को क्या हुआ है?”

उस महिला को उस रहस्यमई शख्स में अपने बेटे के बचने की एक उम्मीद नजर आई और वो रूआंसी आवाज में बोली -”पता नहीं इसे क्या हो गया था, इसे बुखार हो गया था फिर वो बुखार बढ़ता ही गया और अब तो ये बेहोश ही हो चुका है और सरकारी अस्पतालों के डाक्टरों ने तो हाथ ही खड़े कर दिए हैं… आप अगर मेरे गुड्डू को बचा पाएं तो मैं आपका ये एहसान जिंदगी भर नहीं भूलूंगी।” वो महिला बोलते जा रही थी और वो रहस्यमई शख्स उस बच्चे की हाथ की नस चेक कर रहा था।

वो शख्स बिल्कुल शांति से कुछ महसूस कर रहा था और तभी वो बोला -”ये ठीक हो सकता है…” इसके बाद उसने उस बच्चे की छाती के पास वाले हिस्से को हल्के से दबाया और ऐसा करने के कुछ देर बाद ही उस बच्चे की आंखें खुलने लगी!

“मेरा गुड्डू!...” बोलते हुए उस महिला की आंखें भर आई।

उस बच्चे के होश में आते ही उस शख्स ने अपनी ट्राउजर की जेब में हाथ डाला और कुछ टटोला, उसके ऐसा करते ही उसके चेहरे पर एक मुस्कान आ गई और वो बोला -”अब ये पूरी तरह से ठीक है बस आज रात हल्का खाना देना।” और इसके बाद वो शख्स वहां से तेजी से चला गया वहीं उसके पीछे से वो महिला बोली -”हमारे बच्चे को बचाने वाले फ़रिश्ते अपना नाम तो बताते जाईए।”

लेकिन वो शख्स नहीं रूका और तेजी से वहां से चला गया।

आज मुंबई जैसा महानगर एक बहुत बड़ी समस्या से जूझ रहा था और वो थी बढ़ती बिमारियां… और इन सबकी चपेट में सबसे ज्यादा गरीब तबके के लोग आ रहे थे, महंगाई बढ़ रही थी जिसकी वजह से ये गरीब लोग अपनों का ढंग का इलाज भी नहीं करवा पा रहे थे।

मुंबई जैसे बड़े शहर में जहां ऊंची-ऊंची इमारतों की चमक दूर से दिखाई देती थी, वहीं उन्हीं इमारतों के पीछे कई ऐसे परिवार थे जिनके लिए एक दिन का इलाज भी भारी पड़ जाता था।

सरकारी अस्पतालों में लंबी लाइनें थीं, प्राइवेट अस्पतालों में महंगा इलाज था, और इन दोनों के बीच पिस रहा था आम इंसान… लेकिन इसी बीच मुंबई में एक नाम तेजी से फैल रहा था।

अनजान हीलर।……

किसी ने कहा था कि उसने एक ऐसे मरीज की मदद की थी जिसे डॉक्टरों ने जवाब दे दिया था!... किसी ने कहा था कि उसने बिना किसी फीस के गरीबों की मदद की।

और किसी ने तो यहां तक कह दिया था कि उसके हाथों में कोई ऐसी शक्ति है, जिसे विज्ञान भी नहीं समझ सकता।

सोशल मीडिया पर उसकी चर्चा होने लगी थी, चाय की दुकानों से लेकर बड़े-बड़े ऑफिसों तक...

हर जगह बस एक ही सवाल था… “आखिर ये अनजान हीलर है कौन?”

लेकिन किसी के पास इस सवाल का जवाब नहीं था, किसी ने उसका पूरा चेहरा तक नहीं देखा था, किसी को उसका पता नहीं मालूम था।

और सबसे बड़ी बात...

किसी को यह भी नहीं पता था कि वह मुंबई में ही रहता है!... लेकिन मुंबई में ही एक आलीशान बंगले में रहने वाला एक युवक यह सब जानता था।

क्योंकि...

वही था अनजान हीलर।

उसका नाम था, ऋषभ, लेकिन जिस समय पूरा शहर उसकी तारीफ कर रहा था… उसी समय ऋषभ एक आलीशान घर की रसोई में खड़ा प्याज काट रहा था।

आंखों में पानी प्याज की वजह से था… या जिंदगी की वजह से… ये तो ऋषभ ही जानता था।

“ऋषभ!” बाहर से एक कड़क आवाज आई।

ऋषभ ने तुरंत जवाब दिया, “जी सासू मां!”

“सब्जी अभी तक नहीं बनी?” वही आवाज दोबारा आई।

“बस बन ही रही है।”

“और चाय?”

ऋषभ ने चाकू नीचे रखा, “चाय भी बना देता हूं।”

“और नाश्ता?”

ऋषभ ने गहरी सांस ली, “वो भी बना देता हूं।”

तभी उसकी सास रसोई के दरवाजे पर आकर खड़ी हो गईं, उन्होंने रसोई में नजर दौड़ाई, फिर मसालों के डिब्बे देखने लगीं, एक डिब्बा उठाया… फिर दूसरा… फिर तीसरा… उनका चेहरा अचानक बिगड़ गया।

“ये क्या है?”

ऋषभ ने पलटकर देखा, “क्या हुआ मां जी?”

सास ने मसाले का डिब्बा हवा में उठाते हुए कहा, “रसोई के मसाले बहुत जल्दी खत्म हो जाते हैं, ना जाने क्या करता रहता है इतने मसालों का!”

ऋषभ कुछ सेकंड तक उन्हें देखता रहा, फिर बहुत मासूमियत से बोला, “मां... खाना बनाता हूं।”

“तो क्या खाना बनाने में पूरा मसाला खत्म कर दोगे?” उसकी सास आंखें दिखाते हुए बोली।

“लेकिन खाना भी तो पूरा घर खाता है।”

सास ने आंखें तरेर दीं, “बहुत जवाब देने लगे हो!”

ऋषभ तुरंत चुप हो गया, “जी।”

“बस यही आता है तुम्हें, जी, जी, जी!” सांस गुस्से में बोली।

लेकिन ऋषभ दोबारा फिर बोला, “जी।”

सास ने माथा पकड़ लिया, “हे भगवान! पता नहीं मेरी बेटी ने इसमें क्या देखा था।”

ऋषभ बोला, “मुझे भी नहीं पता सासू मां... ये सवाल तो मैं भी रोज खुद से पूछता हूं।”

तभी पीछे से एक जबान लड़की की आवाज आई, “मां, सुबह-सुबह उसे इतना मत सुनाया करो।”

सास तुरंत पलटीं और बोली “तुम चुप रहो इशिता… तुम्हें तो अपने पति की कोई कमी दिखाई ही नहीं देती।”

इशिता ने ऋषभ की तरफ देखा, ऋषभ फिर से सब्जी काटने लगा।

“लेकिन मां, वो घर का इतना काम तो करता है।” इशिता बोली।

सास हंस पड़ीं, “घर का काम?”

इशिता बोली, “हां।”

“काम करने और काम के नाम पर घर में पड़े रहने में फर्क होता है।”

इशिता कुछ बोलती, उससे पहले उसका बड़ा भाई वहां आ गया।

“मां, जीजा जी से कहो आज बाजार भी चले जाएं।”

सास बोलीं, “हां! और सब्जियां भी लेकर आएं। राशन की लिस्ट मैंने बना दी है।”

ऋषभ ने हाथ बढ़ाया, “लाइए।”

भाई हंसते हुए बोला, “वाह जीजा जी! आपकी नौकरी तो बड़ी पक्की है।”

दूसरा भाई भी हंस पड़ा, “सुबह रसोई, दोपहर बाजार और शाम को सफाई।”

सास ने ताना मारा, “कम से कम घर के काम तो आ रहे हैं, कमाई तो वैसे भी कुछ नहीं है।” फिर पूरी रसोई में हंसी गूंज गई।

ऋषभ चुपचाप लिस्ट लेकर बाहर चला गया और इशिता जाते हुए उसे देखती रही, उसके चेहरे पर हमेशा की तरह शांति थी, इशिता को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे कि वो क‌ई राज खुद में समेटे हुए थी!

बाजार से वापस लौटते समय ऋषभ के हाथों में कई थैले थे, सब्जियां, दूध, दाल, मसाले,फल।

रास्ते में अचानक कुछ लोग एक छोटी सी मेडिकल दुकान के सामने खड़े दिखाई दिए, उनकी बातचीत ऋषभ के कानों में पड़ी।

“सुना है अनजान हीलर ने फिर किसी की मदद की।”

“हां, वीडियो देखा मैंने।”

“कौन है वो?”

“कोई नहीं जानता।”

“अगर इतना बड़ा हीलर है तो सामने क्यों नहीं आता?”

ऋषभ कुछ पल के लिए रुक गया, फिर मन ही मन बुदबुदाया “सामने आ गया तो मैं भी मेरे परिवार की तरह मारा जाऊंगा...” और फिर वह आगे बढ़ गया।

घर पहुंचते ही उसकी सास ने थैलों को देखा, और कहा “इतनी देर क्यों लगा दी?”

ऋषभ ने थैले नीचे रखे और कहा “मंडी में भीड़ थी।”

प्रतिभा जी ने आंखें तरेरते हुए कहा “अच्छा? तो अब भीड़ को भी तुम पर तरस खाना पड़ेगा?”

ऋषभ चुप रहा।

“चलो, ये सामान रसोई में रखो।”

“जी।”

“फिर दोपहर का खाना बनाओ।”

“जी।”

“फिर ऊपर वाले कमरे की सफाई।”

“जी।”

“और शाम को मेरे लिए चाय।”

“जी।”

सास कुछ पल उसे घूरती रहीं, और बोली “तुम्हारे पास और कोई शब्द नहीं है क्या?”

ऋषभ ने कहा “है।”

“क्या?”

“ठीक है।”

सास ने तुरंत कहा, “ज्यादा चालाक बनने की जरूरत नहीं है, जाओ जाकर अपना काम करो।”

ऋषभ ने सिर झुकाकर कहा “जी।” और फिर वो वहां से चला गया।

ऋषभ घर के सारे काम करता और उसे उस घर में बिल्कुल इज्जत नहीं मिलती, लेकिन बाहर...

अनजान हीलर की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही थी।

बाहरी दुनिया के लोग उसे फरिश्ता कहते थे, लेकिन घर में वो एक निकम्मा दामाद था।

उसे इस बात पर कभी गुस्सा नहीं आता था।

क्योंकि ऋषभ जानता था कि असली ताकत वही होती है जिसे दुनिया से छिपाकर रखा जाए।

और उसके पास सिर्फ एक पहचान नहीं थी।

उसके पास एक रहस्य था।

एक ऐसा रहस्य...

जिसका संबंध उसके पूरे परिवार के अतीत से था।

रात हो गई, घर के सभी लोग सो चुके थे, वहीं इशिता और ऋषभ भी अपने कमरे में आराम से सो रहे थे, इशिता अपने बेड पर सो रही थी जबकि ऋषभ चादर लेकर जमीन पर लेटा हुआ था। कुछ देर बाद ऋषभ को किसी की फुसफुसाहट की आवाज आई -”ऋषभ!... “

ऋषभ की आंखें खुली तो उसने आसपास देखा लेकिन वहां कोई भी नहीं था, उसने दोबारा सोने के लिए अपनी आंखें बंद की लेकिन तभी वो आवाज दोबारा आई -”ऋषभ!..”

ऋषभ ने पाया कि वो आवाज उसकी अलमारी में से आ रही थी! उसने जब अलमारी खोलकर देखी तो उसने पाया कि उसकी अलमारी में रखा एक संदूक बुरी तरह से चमक रहा था!

ऋषभ को डर तो लग रहा था लेकिन फिर भी उसने हिम्मत करके वो संदूक खोला, उसके अंदर एक सफेद पत्थर था जो कि बुरी तरह से चमक रहा था!

ऋषभ ने अपनी आंखें मसली और धीमे से बुदबुदाया “शायद मुझे सच में आराम की जरूरत है।”

फिर अगले ही पल उस पत्थर में से बहुत हल्की आवाज आई, “टक!”

ऋषभ रुक गया! उसने पत्थर को ध्यान से देखा, लेकिन अब सब सामान्य था, “हम्म... शायद मेरा वहम है।” बोलकर वह सोने ही वाला था कि… पत्थर अचानक हल्की रोशनी से चमक उठा!

तभी उसे वही आवाज दोबारा सुनाई दी “ऋषभ…”

ऋषभ ने चारों तरफ देखा और कहा “कौन है?”

लेकिन कोई जवाब नहीं आया, उसने पत्थर को कसकर पकड़ लिया और मन ही मन बुदबुदाया -”पिताजी ने एक बार मुझसे कहा तो था कि इस पत्थर में एक रक्षक का वास है और सही समय आने पर वो इस पत्थर के एक सौ आठ सूत्रों का ज्ञान सही व्यक्ति को देती है!... तो क्या इसका मतलब मैं वो चुना हुआ इंसान हूं!”

ऋषभ यही सब सोच ही रहा था कि तभी कमरे की दीवार पर एक अजीब सा निशान उभरने लगा।

वही निशान… जो ऋषभ ने अपने पिता की पुरानी चीजों में कई साल पहले देखा था।

उसकी सांस रुक गई, “ये निशान यहां कैसे...?”

कमरे में अचानक एक धीमी आवाज गूंजी, “क्योंकि तुम आखिरकार तैयार हो गए हो...”

ऋषभ का चेहरा बदल गया।

“कौन है?”

सामने की खाली जगह पर धीरे-धीरे एक स्त्री की आकृति बनने लगी… लंबे बाल… रहस्यमयी चेहरा… और आंखों में ऐसी गहराई, जैसे वह ऋषभ की जिंदगी का हर राज जानती हो।

ऋषभ एक कदम पीछे हट गया, “तुम... कौन हो?”

वह स्त्री मुस्कुराई, “तुम मुझे बहुत जल्द पहचान जाओगे।”

ऋषभ ने एक नजर पत्थर की तरफ देखा, फिर उसकी तरफ… और फिर कहा “क्या तुम इस पत्थर से जुड़ी हुई वही देवी हो?”

स्त्री ने जवाब देने के बजाय कहा, “ऋषभ... ये पत्थर बहुत शक्तिशाली है और ये अपने में काफी राज समेटे हुए है इसके अंदर ऐसे गुप्त राज़ हैं जिससे कि इंसान अमर तक हो सकता है लेकिन इन गुप्त ज्ञान की रक्षा करना मेरा कर्तव्य है इसी के साथ ही किसी ऐसे इंसान तक इस ज्ञान को पहुंचाना जो इसके लायक हो ढूंढना भी मेरा काम भी है इसलिए तुम इसके पहले पड़ाव पर पहुंच चुके हो… तुम्हारे दादा ने इससे जो सूत्र पता किए थे उनका पता तुम्हें अभी चल जाएगा और आगे के सूत्र जानने के लिए मैं समय समय पर तुम्हारी परीक्षा लेती रहूंगी।”

“और मेरी पहली परीक्षा क्या होगी?” ऋषभ ने पूछा।

वो स्त्री वाली मुस्कुराई, “वो तुम्हें बहुत जल्द पता चल जाएगा।”

“ऋषभ! किससे बातें कर रहे हो?” उनकी आवाजें सुनकर बिस्तर पर सो रही इशिता जाग उठी।

“108 रहस्यों की पहली परीक्षा आखिर क्या होगी?”

100%