Fated to be his Ch. 1

Fated to be his - Chapter 1

Posted by Sayra kozan • Nov 04, 2026 10:09 AM

अध्याय 1: दुल्हन कहाँ है?

शादी के घर में जब दुल्हन ही गायब हो जाए, तो शहनाई की गूँज भी सीने में चुभने लगती है।

और आज रायज़ादा हवेली में ठीक यही खामोश तूफान चल रहा था।

पूरी हवेली किसी जन्नत की तरह सजी हुई थी। दीवारों से लेकर मुख्य द्वार तक सफेद और गुलाबी फूलों की लड़ियाँ झूल रही थीं। सुनहरी फेयरी लाइट्स रात के अंधेरे में जगमगा रही थीं, मानो आसमान के सारे सितारे उतरकर हवेली को रोशन करने आ गए हों।

मुख्य द्वार पर गेंदे और लाल गुलाब के फूलों से बनी एक विशाल मेहराब थी, जिसके बीचों-बीच सुनहरे अक्षरों में चमक रहा था—

“माही ♥ शिवांश”

आँगन के बीचों-बीच भव्य मंडप सजा था। चारों तरफ ताज़े फूलों की खुशबू फैली हुई थी और बीच में लाल मखमली गद्दियाँ बिछी थीं। मेहमानों से पूरा घर भरा हुआ था। कहीं चूड़ियों की खनक थी, तो कहीं हँसी के ठहाके।

लेकिन इस रौनक के बीच हवेली के एक अंदरूनी कमरे में रायज़ादा परिवार के चेहरों पर खौफ का साया था।

क्योंकि दुल्हन अभी तक घर नहीं पहुँची थी।

“राघव! तुमने पार्लर में फिर से फोन किया या नहीं?”

रागिनी रायज़ादा की काँपती हुई आवाज़ कमरे में गूँजी। इक्यावन साल की रागिनी लाल और सुनहरे रंग की कांजीवरम साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, लेकिन उनकी आँखों में खुशी की जगह सिर्फ बेचैनी थी।

“माँ, तीन बार फोन कर चुका हूँ,” राघव ने अपना फोन जेब में रखते हुए कहा।

इकतीस साल का राघव रायज़ादा परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। लंबा कद, गेहुँआ रंग और सलीके से सेट किए हुए बाल उसकी पहचान थे। आज क्रीम रंग की बंदगला शेरवानी में वह शांत दिखने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसकी बेचैनी छिप नहीं पा रही थी।

“उन्होंने कहा है कि माही करीब दो घंटे पहले ही तैयार होकर पार्लर से निकल गई थी।”

“दो घंटे?” रागिनी के चेहरे का रंग उड़ गया। “तो फिर वो घर क्यों नहीं पहुँची? राघव, उसका फोन?”

“स्विच ऑफ आ रहा है, माँ।”

“हे भगवान… मेरी बच्ची कहाँ रह गई!”

रागिनी ने घबराकर अपना माथा पकड़ लिया।

तभी सीढ़ियों से किसी के उतरने की आहट आई।

वह राही रायज़ादा थी—राघव और माही की सबसे छोटी बहन।

तेईस साल की राही हल्के गुलाबी रंग के लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही थी। उसके घने काले बाल आधे बंधे थे, जिनमें छोटे-छोटे सफेद फूल लगे थे।

घर का तनाव देखकर उसके कदम वहीं ठिठक गए।

“माँ? भैया? क्या हुआ है?” उसने पास आकर पूछा। “आप लोग इतने परेशान क्यों हैं?”

राघव ने उसकी तरफ देखा।

“राही… माही अभी तक पार्लर से नहीं आई है। दो घंटे हो चुके हैं और उसका फोन भी नहीं लग रहा।”

राही की आँखों में चिंता उतर आई।

“दी का फोन ऑफ है? क्या किसी सहेली से बात हुई? रास्ते में गाड़ी खराब तो नहीं हो गई?”

“कुछ पता नहीं चल रहा,” राघव ने बेबसी से कहा।

तभी परिवार के मुखिया राजीव रायज़ादा कमरे में दाखिल हुए। सत्तावन साल के राजीव का व्यक्तित्व हमेशा प्रभावशाली रहता था, लेकिन इस वक्त उनके चेहरे की चिंता साफ झलक रही थी।

“मैंने अपने कुछ भरोसेमंद लड़कों को पार्लर वाले रास्ते पर भेजा है,” उन्होंने गंभीर आवाज़ में कहा। “लेकिन बारात हवेली के मोड़ तक पहुँच चुकी है। हम बाहर किसी को इसकी भनक नहीं लगने दे सकते।”

राही ने अपने पिता का हाथ थाम लिया।

“पापा, आप परेशान मत होइए। हो सकता है रास्ते में जाम हो या नेटवर्क का मसला हो। लड़के ढूँढ लेंगे दी को।”

राजीव ने अपनी बेटी के सिर पर हाथ रखा, लेकिन उनके दिल का डर कम नहीं हुआ।

---

हवेली के बाहर ढोल-नगाड़ों की गूँज आसमान छूने लगी। पटाखों की रोशनी से पूरी सड़क जगमगा उठी।

बारात के बीच एक शानदार सफेद अरबी घोड़े पर सवार था दूल्हा—शिवांश सिंह राठौड़।

सत्ताईस साल का शिवांश छह फीट तीन इंच लंबा था। गठीली कद-काठी, तीखी जॉलाइन, चौड़े कंधे और ऑफ-व्हाइट सिल्क की शेरवानी में वह किसी रियासत के राजकुमार जैसा लग रहा था। उसके गले पर मौजूद छोटा-सा तिल उसकी खूबसूरती को और खास बना रहा था।

उसकी गहरी आँखों में राजसी गंभीरता थी। वह न बेवजह मुस्कुराता था, न छोटी-छोटी बातों पर घबराता था।

बारात जैसे ही हवेली के मुख्य द्वार पर पहुँची, राजीव रायज़ादा और राघव ने आगे बढ़कर पूरे मान-सम्मान और रीति-रिवाज़ों के साथ बारात का स्वागत किया।

शिवांश के पिता रुद्रप्रताप सिंह राठौड़ और माँ देविका सिंह राठौड़ के चेहरों पर शादी की खुशी साफ झलक रही थी। वहीं शिवांश का सबसे अच्छा दोस्त आयांश राजपूत पूरे वक्त हँसी-मज़ाक का माहौल बनाए हुए था।

शिवांश ने बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और फिर उसे आदर सहित मंडप की ओर ले जाया जाने लगा।

हवेली में शहनाई बज रही थी। मेहमान हँसते-मुस्कुराते पकवानों का मज़ा ले रहे थे। बाहर से सब कुछ एकदम मुकम्मल लग रहा था।

शिवांश मंडप की ओर बढ़ ही रहा था कि पीछे से आयांश ने उसकी शेरवानी की जेब खींच दी।

“ओए राजा साहब… एक मिनट।”

शिवांश ने बिना पीछे देखे कहा, “क्या है?”

“बहुत एटीट्यूड में चल रहे हो। याद रखना, आज से तुम शादीशुदा होने वाले हो।”

शिवांश रुक गया और धीरे से पलटकर उसे घूरने लगा।

“और?”

आयांश ने बड़ी मासूमियत से कंधे उचकाए।

“और क्या? बस बता रहा हूँ कि आज के बाद तुम्हारी जिंदगी में तुम्हारी मर्ज़ी से ज्यादा तुम्हारी पत्नी की मर्ज़ी चलेगी।”

शिवांश की भौंह तन गई।

“तू अपनी शादी की चिंता कर।”

“मेरी शादी?” आयांश ने सीने पर हाथ रखते हुए कहा, “मैं तो अभी आज़ाद पंछी हूँ।”

शिवांश ने उसकी तरफ देखा।

“तू पंछी कम, मुसीबत ज्यादा है।”

आयांश हँस पड़ा।

“मानता हूँ। लेकिन भाई, आज तू इतना सीरियस क्यों है? शादी है तेरी, किसी की फ्यूनरल नहीं।”

शिवांश ने उसे घूरा।

“आयांश।”

“अच्छा बाबा, चुप।”

आयांश दो कदम पीछे हुआ, फिर धीरे से बोला—

“वैसे एक बात बताऊँ?”

“नहीं।”

“दुल्हन बहुत खूबसूरत होगी।”

शिवांश ने कोई जवाब नहीं दिया।

आयांश ने फिर छेड़ा, “और अगर भाभी ने पहली नज़र में ही तुम्हें रिजेक्ट कर दिया तो?”

शिवांश ने उसकी तरफ देखकर हल्की-सी मुस्कान दी।

“तो तुझे सबसे पहले घर से निकालूँगा।”

“अरे वाह!” आयांश ने तालियाँ बजाने का नाटक किया। “शादी से पहले ही पति वाला एटीट्यूड आ गया।”

शिवांश उसके कंधे पर हाथ रखकर उसे एक तरफ करते हुए आगे बढ़ गया।

आयांश पीछे से चिल्लाया—

“भाई! ज्यादा हैंडसम बनने की कोशिश मत करना, कहीं भाभी तुझे देखकर मंडप से भाग न जाएँ!”

शिवांश ने चलते-चलते हाथ उठाकर उसे चुप रहने का इशारा किया।

आयांश वहीं खड़ा मुस्कुराया।

“देख लेना… आज कुछ ना कुछ कांड तो होगा।”

उसे क्या पता था कि उसकी कही बात कुछ ही देर में सच होने वाली थी।

बस फर्क इतना था कि कांड सिर्फ शादी में नहीं, पूरी जिंदगी में होने वाला था।

---

शिवांश मंडप में आकर बैठ गया।

पंडित जी ने वेदमंत्र पढ़ना शुरू किए। अग्नि प्रज्वलित की गई और करीब बीस मिनट तक शुरुआती पूजा चलती रही।

फिर पंडित जी ने हाथ जोड़कर कहा—

“अब वधु को बुलाया जाए। कन्यादान का शुभ मुहूर्त शुरू हो चुका है।”

रागिनी ने बेचैनी से राजीव की तरफ देखा। राजीव ने राघव को इशारा किया और वह तुरंत अंदर की तरफ चला गया।

पाँच मिनट बीत गए… फिर दस मिनट।

मंडप में सिर्फ हवन की लकड़ियों के चटकने की आवाज़ सुनाई दे रही थी।

पंडित जी ने दोबारा घंटी बजाते हुए कहा—

“यजमान जी, शुभ घड़ी निकली जा रही है। दुल्हन को जल्दी बुलाइए।”

शिवांश की माँ देविका ने मुस्कुराते हुए रागिनी से कहा—

“समधन जी, लगता है हमारी बहू आज कुछ ज्यादा ही शर्मा रही है। ज़रा भेजिए उसे, मुहूर्त निकल रहा है।”

रागिनी के होंठ काँप गए। वह कुछ बोल ही नहीं पाईं।

पंडित जी ने तीसरी बार टोक दिया—

“जल्दी कीजिए, नक्षत्र बदल जाएगा!”

अब तक शांत बैठे रुद्रप्रताप सिंह राठौड़ की भौंहें तन गईं। उन्होंने रायज़ादा परिवार के चेहरों पर पसरी घबराहट देखी और सीधे राजीव से पूछा—

“राजीव जी, बात क्या है? दुल्हन को आने में इतनी देर क्यों हो रही है? सब ठीक तो है न?”

शिवांश ने भी अपनी नज़रें उठाकर राजीव के चेहरे पर टिका दीं। उसकी गहरी आँखों में अब सवाल तैरने लगे थे।

आखिरकार राजीव के सब्र का बाँध टूट गया। उन्होंने काँपते हुए अपने दोनों हाथ जोड़ लिए।

“रुद्रप्रताप जी… शिवांश बेटा…” उनका गला रुँध गया। “हम बहुत बड़ी मुसीबत में हैं।”

पूरे मंडप में अचानक सन्नाटा छा गया। आयांश की हँसी रुक गई और देविका चौंककर राजीव को देखने लगीं।

“मुसीबत? कैसी मुसीबत?” रुद्रप्रताप ने कड़े लहजे में पूछा।

राजीव ने आँखें बंद कर लीं।

“माही… माही पार्लर से निकली जरूर थी, लेकिन अभी तक घर नहीं पहुँची है। उसका फोन भी बंद आ रहा है।”

“क्या?!” रुद्रप्रताप अपनी जगह से खड़े हो गए। “दुल्हन गायब है? और आप अब बता रहे हैं, जब हम मंडप में बैठे हैं?”

तभी हवेली के मुख्य दरवाजे से राघव और वे दो लड़के अंदर दौड़ते हुए आए, जिन्हें माही की तलाश में भेजा गया था। सबके चेहरे पसीने से भीगे हुए थे।

राघव सीधे मंडप के पास पहुँचा। उसकी आँखों में घबराहट साफ दिखाई दे रही थी।

राजीव ने तड़पकर पूछा—

“राघव! माही मिली? कहाँ है वो?”

राघव ने जो बताया, उसने पूरे मंडप के पैरों तले से जमीन खिसका दी।

“पापा… माही नहीं मिली। उसकी गाड़ी पार्लर की पार्किंग में ही सही-सलामत खड़ी है। उसका हैंडबैग और शगुन की चुन्नी भी कार की पिछली सीट पर पड़ी है। लेकिन माही वहाँ नहीं है! पार्लर वालों का कहना है कि वो दो घंटे पहले अपनी कार की चाबी लेकर निकली थी, लेकिन पार्किंग का गार्ड कह रहा है कि उसने माही को पार्किंग में आते देखा ही नहीं!”

रागिनी वहीं सोफे पर गिर पड़ीं।

गाड़ी पार्किंग में खड़ी थी, सारा सामान वहीं था… तो फिर दुल्हन कहाँ गायब हो गई?

क्या वह अपनी मर्ज़ी से गई थी? या फिर बीच रास्ते से कोई उसे उठा ले गया था?

रुद्रप्रताप का पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया।

“यह क्या तमाशा बना रखा है? हमारी बारात यहाँ मंडप में बैठी है और आपकी बेटी गायब है? अगर यह रिश्ता नहीं करना था तो पहले बताते! पूरे शहर में हमारे खानदान की क्या इज़्ज़त रह जाएगी?”

रायज़ादा खानदान की पीढ़ियों की इज़्ज़त एक झटके में मिट्टी में मिलने की कगार पर खड़ी थी।

राजीव घुटनों के बल बैठने लगे।

तभी मंडप के कोने में खड़ी राही आगे बढ़ी। उसने लड़खड़ाते हुए अपने पिता को सँभाला।

उसकी आँखों में अपनी बहन के गायब होने का दर्द और डर था, लेकिन उसने अपने पिता का हाथ मजबूती से थाम रखा था।

राजीव ने रोते हुए रुद्रप्रताप और फिर शिवांश की तरफ देखा। उनके पास अब सिर्फ एक ही तिनके का सहारा बचा था।

उन्होंने हाथ जोड़कर शिवांश को देखा और काँपती आवाज़ में कहा—

“शिवांश बेटा… हमारी इज़्ज़त मिट्टी में मिलने से बचा लो। मेरी सबसे छोटी बेटी… राही। अगर तुम मंज़ूर करो, तो हम राही का विवाह तुम्हारे साथ करने को तैयार हैं।”

उन्होंने एक पल रुककर अपनी बात आगे बढ़ाई।

“मैं तुमसे कुछ छुपा नहीं रहा बेटा। मैं तुम्हारे सामने सच रखकर अपनी बेटी का हाथ तुम्हें सौंपना चाहता हूँ…”

पूरे मंडप में हवा तक थम गई।

राही के दिल की धड़कन एक पल के लिए रुक गई। उसने चौंककर अपने पिता को देखा, लेकिन उनका हाथ नहीं छोड़ा।

और मंडप में बैठे शिवांश सिंह राठौड़ ने धीरे-धीरे अपनी नज़रें उठाईं।

उसकी ठंडी, अंगारे जैसी आँखें सामने खड़ी राही की आँखों से जाकर टकराईं।

---

सबकी निगाहें शिवांश पर टिक गई थीं। इस वक्त उसकी मंज़ूरी ही सबसे जरूरी थी।

राही अपने पिता को देखकर आँसू भरी आँखों से उन्हें निहार रही थी। उसके मन में बस एक ही सवाल उठ रहा था—क्या उसकी जिंदगी में कभी कोई ऐसा रिश्ता होगा, जो सिर्फ उसका हो? जिस पर किसी और का हक न हो?

बचपन से लेकर आज तक उसे अपने रिश्ते बाँटने पड़े थे।

उसके मन में एक के बाद एक ख्याल आने लगे—

“पहले मुझे पापा मिले… जो पहले से किसी और के थे। फिर भाई… फिर बहन… और अब पति भी मिला—वो भी किसी और का fiancé।”

क्या होगा आगे?

जानने के लिए पढ़िए आगे की कहानी…

100%