Forced by destiny Ch. 3

Forced by destiny - Chapter 3 मम्मा चाहिए

Posted by Aarya Rai • Jun 24, 2025 05:22 PM

शान अब एकदम गंभीर लग रहा था। उसकी बात सुनकर सुयश जी ने भी गंभीरता से जवाब दिया, "हमारी सालों की मेहनत अब रंग लाने वाली है। सालों से समाज की सेवा के में लगे हुए है, पार्टी में भी हमारी अच्छी पहचान बन गयी है इस बार टिकट भी हमें मिलेगा और जीत भी हमारी होगी, आप इस बात से निश्चिंत रहिये।"

शान के लबों पर शातिर मुस्कान फैल गयी। ठीक इसी वक़्त वहाँ अर्पिता जी ने कदम रखा तो दोनों चुप हो गए।

अर्पिता जी ने शान को घूरते हुए कहा, "आपने उन्हें डाँटा अब जाकर मनाइये उन्हें। नाराज़ है आपसे और अब न यहाँ आने को तैयार है, न ही खाने के तैयार है। ज़िद पर अड़ी हुई है, कह रही है कि जब तक उनके डैडी उनकी मम्मा को नही ले आते, वो न तो कुछ खाएंगे न ही किसी से बात करेंगी।"

"आप डैड को देख लीजिये, उन्हें खाना खिलाकर दवाई खिला दीजिये, हमारी प्रिंसेस को कैसे मनाना है ये हम देख लेंगे।" शान उठकर खड़ा हो गया।

अर्पिता जी तो उनसे नाराज़ थी उन्होंने मुँह बनाते हुए हामी भरी तो शान वहाँ से उठकर चला गया। अब अर्पिता जी ने सुयश जी के तरफ निगाहें घुमाई और नाराज़गी से बोली, "आप उन्हें कुछ समझाते क्यों नही है? वो तो ज़िद पर अड़े हुए है की अपनी ज़िंदगी बर्बाद करके ही रहेंगे और आप भी उनका साथ देते है, उनको रोकने के जगह उनको बढ़ावा देते है।

क्या मिलेगा इस दुश्मनी को निभाकर? सालों पहले जो हुआ उसके बाद हमने बड़ी मुश्किल से अपने परिवार को संभाला है, हम इसे दोबारा बिखरते नही दे सकते। वो इस दुश्मनी मे खुदको भुलाए बैठे है, आज भी उनकी ज़िंदगी वही अटकी हुई है यहाँ आर्यन उन्हें छोड़कर गए थे। ऐसे तो वो अपनी सारी ज़िंदगी इस दुश्मनी को निभाने मे ही बर्बाद कर देंगे। उन्हें तो न अपनी ज़रूरत दिखती है न ही उस मासूम सी बच्ची के आँसू नज़र आते है।

हम तो उन्हें कह कहकर थक गए है पर वो हमारी सुनते ही नही है, एक बार आप कहिये न उनसे की शादी करले, उन्हें एक साथी मिल जाएगा जो उन्हें जीना सिखा देगी और अंशिका को एक मां मिल जाएगी। हम सारी ज़िंदगी तो नही रहेंगे उनके साथ, अभी तो हम संभाल लेते है अंशिका को पर अगर कल को हमें कुछ हो गया तो कौन संभालेगा हमारी बच्ची को?"

अर्पिता जी की आँखे झिलमिला गयी, गला भर आया तो वो खामोश हो गयी। माहौल गंभीर हो गया था। सुयश जी खड़े हुए और उन्हें चेयर पर बिठाते हुए बोले, "आप बेवजह ही परेशान हो रही है। जानती है न वो कितने ज़िद्दी है, बचपन से ही तो ऐसे है जब तक वो जो करना चाहते है वो कर न ले वो पीछे नही हटते और वो कुछ गलत नही कर रहे तो हम उनका साथ ज़रूर देंगे और फिर वो किसी गलत रास्ते पर भी नही चल रहे है। अन्याय के खिलाफ लड़ना गलत तो नही है।

आप उनकी चिंता छोड़ दीजिये, हमें महादेव पर पूरा विश्वास है वो उनके लिए एक सुलझी हुई समझदार लड़की भेजेंगे जो उन्हें फिरसे जीना सिखा देगी और उन्हें जब शान की ज़िंदगी मे आना होगा वो खूद ब खूद ही उन तक पहुँच जाएंगी और हमें पता भी नही चलेगा, तब तक के लिए हम तो है ही उनके पास।

अभी अगर हम उन्हें शादी के लिए कहते भी है तब भी वो नही मानेंगे इसलिए हमने सब वक़्त पर छोड़ा हुआ है क्योंकि वक़्त से बलवान और कोई नही है। जब जो होना होता है हो ही जाता है उसे कोई रोक नही सकता। चलिए अब रोना बन्द कीजिये और पानी पीजिये।"

उन्होंने उन्हें पानी पिलाया, अब वो कुछ शांत हो गयी थी। अर्पिता जी ने ट्रे मे खाने की प्लेट और जूस का ग्लास रखा और वहाँ से चली गयी। सुयश जी अब शान के आने का इंतज़ार करने लगे।

वही शान वहाँ से निकलकर उपर वाले फ्लोर पर पहुँचा, उसके कमरे के बगल वाले कमरे के गेट पर पहुँचकर उसके कदम रुक गए। उसने कुछ सेकंड बाद दरवाजा खोला और अंदर बढ़ गया।

अंदर जाकर देखा तो अंशिका बेड पर मुँह फुलाए बैठी थी पर वो अब भी बेहद क्यूट लग रही थी, उसके सुनहरे कर्ली बाल खुले हुए थे और कमर तक लहरा रहे थे जिनमें से कुछ छोटे-छोटे बाल उसके प्यारे से चेहरे पर आकर उनकी खूबसूरती को बढ़ा रही थी। दोनों गाल गुब्बारे जैसे फुले हुए थे और वो आलती पालती मारकर बेड के बीचों बीच बैठी हुई थी, दोनों हथेलियों को अपने गालों पर रखा हुआ था। उसके बगल मे ही छाया बैठी थी और परेशान सी उसे कुछ समझा रही थी।

शान को देखते ही वो चुप हो गयी, वही अंशिका ने उसे देखकर नाराज़गी से मुँह घुमा लिया।

"भैया मैंने बहुत समझाया पर अंशु नही मान रही, ज़िद पर..... " छाया ने शान को देखकर इतना कहा ही था कि शान ने उसके तरफ नज़रें घुमाई और आँखों से ही बाहर जाने का इशारा कर दिया तो वो बाहर चली गयी।

शान आकर अंशिका के पास बैठ गया पर अंशिका ने उसे देखा तक नही, यूँही मुँह फुलाए बैठी रही। शान ने उसके गाल पर से उसकी हथेली हटाई तो उसने वापिस रख लिया। उसने दो तीन बार यूँही किया पर अंशिका नही मानी तो शान ने उसको घूरते हुए कहा, "तो आप नही मानेंगी?"

"नही," अंशिका ने तुरंत ही अकड़ते हुए जवाब दिया, आखिर वो थी तो अपने डैडी की ही बेटी हर मामले मे उसी पर गयी थी। उसकी अदा पर शान मुस्कुरा उठा, उसने उसको उठाकर अपनी गोद मे बिठा लिया तो अंशिका उससे छूटने के लिए छटपटाने लगी पर शान ने उसको कसके अपनी बाहों मे भरते हुए कहा, "हमारी प्रिंसेस तो आज कुछ ज्यादा ही नाराज़ हो गयी अपने डैडी से।"

"हाँ बेबी डैडी से Too Much Angry है। डैडी बेबी को डांटते है, बेबी की विश भी पूरी नही करते। बेबी को मम्मा चाहिए, सब बेबी की मम्मा होती है बस अंशु की मम्मा नही है। अंशु को भी मम्मा चाहिए पर डैडी मम्मा को नही लाते इसलिए बेबी डैडी से नाराज़ है और अब बेबी डैडी से तब तक नाराज़ रहेगी जब तक डैडी मम्मा को लेकर नही आते। बेबी डैडी से बात भी नही करेगी," अंशिका ने मुँह फुलाए हुए ही कहा और उसकी गोद से उतरने लगी तो शान ने उसके गाल पर अपने चेहरे को रगड़ते हुए कहा, "अच्छा तो आप सच मे डैडी से नाराज़ है? दोबारा कहिये तो ज़रा, कितना नाराज़ है आप डैडी से?"

उसकी हल्की बियर्ड्स थी जिसके चुभने पर अंशिका उससे दूर हटते हुए बोली, "नो डैडी... आपकी दाढ़ी बेबी को चुभ रही है।"

"पहले बोलिये कितना नाराज़ है आप डैडी से?" शान ने अब उसके पेट पर अपने सर को रगड़ते हुए सवाल किया तो अंशिका गुदगुदी होने से खिलखिलाकर हँसने लगी और हँसते हुए बोली, "नो डैडी That's चीटिंग।"

"Everything is fair in love and war My love ," शान ने उसको गुदगुदी करते हुए कहा तो अंशिका ने लंबी लंबी साँसे लेते हुए कहा, "Please डैडी नो।"

"पहले कहिये अब भी आप डैडी से नाराज़ है?" शान का सवाल सुनकर अब अंशिका ने हँसते हुए कहा, "नो डैडी...बेबी डैडी से नाराज़ नही है।"

उसके इतना कहते ही शान ने उसे छोड़ दिया, अंशिका बेड पर पड़ गयी और गहरी गहरी साँसे लेने लगी तो शान ने उसको अपनी गोद मे बिठाया फिर उसको पानी पिलाने लगा।

कुछ देर मे अंशिका नॉर्मल हुई तो उसने फिरसे मुँह फुलाकर कहा, "डैडी cheater है। बेबी डैडी से बात नही करेगी।"

"जान डैडी आपसे बहुत प्यार करते है। आप जानती है आपसे ज्यादा ज़रूरी उनके लिए और कुछ भी नही है पर डैडी आपकी ये विश पूरी नही कर सकते। आपके डैडी आपसे इतना प्यार करते है फिर भी आपको मम्मा चाहिए होती है। आपको डैडी से बिल्कुल भी प्यार नही है न? आपको अपनी मम्मा के पास जाना है पर अगर आपको मम्मा मिलेगी तो डैडी नही मिलेंगे। अब बोलिये क्या आपको अब भी मम्मा चाहिए?" शान अब एकदम गंभीर हो गया था।

अंशिका नम आँखों से उसे देखने लगी, वो उसकी बातों से इतना तो समझ गयी थी कि अगर मम्मा मिलेगी तो वो डैडी को खो देगी। वो शान के सीने से जा लगी और सुबकते हुए बोली, "नो डैडी बेबी को मम्मा नही चाहिए। बेबी को डैडी के साथ रहना है। बेबी डैडी से बहुत सारा लव करती है, अबसे बेबी कभी मम्मा को लाने नही कहेंगी, बस आप बेबी को छोड़कर मत जाना।"

"आप तो डैडी की जान है, आपको छोड़कर डैडी कहा जाएंगे? चलिए चुप हो जाइये आप तो ब्रेव डैडी की ब्रेव daughter है न। चलिए रोना बंद करिये, आपके दादू आपका इंतज़ार कर रहे है।" उसने बड़े प्यार से उसके आँसुओं को साफ किया फिर उसे गोद मे उठाकर बाथरूम मे चला गया।

कुछ देर मे उसका मुँह धुलवाकर बाहर लाया और नीचे चला गया। नीचे के फ्लोर पर सीढ़ियों के बाद के दो कमरे छोड़कर जो कमरा था दोनों वहाँ पहुँचे जैसे ही उन्होंने अंदर कदम रखा अर्पिता जी पर उनकी नज़र चली गयी जो वही लगे बैड के पास खड़ी थी।

वहाँ एक आदमी बेड पर बैठे हुए थे बिल्कुल शान जैसी शक्ल सूरत बस थोड़ा रंग मलीन (डाउन) हो गया था, थोड़े कमज़ोर लग रहे थे। जैसे सालों से बीमार हो।

ये सुभाष जी है शान के डैड और सुयश जी के छोटे भाई। सालों पहले एक कार एक्सीडेंट मे उनका आधा शरीर पैरालाइज् हो गया था, कमर से नीचे का हिस्सा काम नही करता था, खुदसे उठ बैठ नही पाते थे, इसलिए ज्यादातर उनके पास नर्स और एक नौकर रहा करता था। शान ने उनके इलाज मे कोई कमी नही छोड़ी थी पर कभी कोई इंप्रुवमेंट ही नही हुई उनकी हालत मे। उनका इलाज घर पर ही होता था बड़े से बड़े डॉक्टर घर आते थे।

वो ज्यादातर इसी कमरे मे रहते थे, कही भी बाहर जाने से इंकार कर देते थे। उदास से बैठे रहते थे, किसी से ज्यादा बात नही करते थे, खामोश रहते थे जैसे दिल मे बहुत बड़ा दर्द जफ्त किया हुआ हो, जीने की इच्छा ही बाकी नही थी उनमे पर शान के लिए ज़िंदा थे। एक अंशिका ही थी जिसके साथ वो खुश हो जाया करते थे।

ज्यादातर अंशिका उनके साथ ही रहती थी, वो अंशिका को ड्राविंग करवाते, स्टोरीज सुनाते, इसी बीच वो नॉर्मल रहते थे जिससे सबको सुकून मिलता था। शान उनसे मिले बिना घर से बाहर नही जाया करता था। उनको खुद ही खाना खिलाता फिर दवाई खिलाता क्योंकि वो किसी और से दवाई नही खाते थे।

आज भी यही हो रहा था। अर्पिता जी ने उन्हें खाना खिलाया पर दवाई के नाम पर सुभाष जी ने दवाई खाने से इंकार कर दिया। शान के वहाँ आते ही अर्पिता जी ने उसे देखते हुए कहा, "अच्छा हुआ तुम आ गए। भैया दवाई नही खा रहे अब तुम ही देखो इन्हें।"

शान उनके पास आ गया। उनके हाथ से दवाई ली और ग्लास लेकर दवाई सुभाष जी के आगे बढ़ा दिया तो उन्होंने चुपचाप दवाई ली और खाकर ग्लास वापिस उसे दे दिया।

अर्पिता जी ये देखकर मुस्कुरा कर बोली, "तुम्हे देखकर ही भैया ने दवाई खा ली। चलो अच्छा है किसी की तो सुनते है भैया। अब तुम इनसे बात करो, मैं खाना लगाती हूँ, जल्दी बाहर आ जाना।"

शान ने हाँ मे सर हिला दिया, वो बाहर चली गयी। शान ने अंशिका को नीचे उतारा तो वो बेड पर चढ़ गयी और जाकर उनकी गोद मे बैठ गयी। उसे देखकर सुभाषजी हल्का सा मुस्कुरा दिये। शान ने अब उनके पास बैठते हुए कहा, "डैड आप क्यों किसी से दवाई नही लेते? ऐसे आप कैसे ठीक हो पाएंगे?"

उसकी आवाज़ मे उनके लिए परवाह और फिक्र झलक रही थी। उसकी बात सुनकर सुभाष जी ने उसे देखा और मायूस होकर बोले, "हम जीकर क्या करेंगे बेटा? हमारे जीने की वजह तो सालों पहले हमें छोड़कर जा चुकी है अब तो बस इंतज़ार है कि इस देह से और इस संसार के बंधनों से हमें आज़ादी मिल जाए।"

"आप ऐसी बातें क्यों करते है डैड? क्या मैं आपका कुछ नही लगता? क्या आप मेरी खुशी के लिए ठीक नही हो सकते? सब डॉक्टर यही कहते है कि आप ठीक होना ही नही चाहते। जबतक आपकी इच्छा शक्ति साथ नही देगी आपका ठीक होना नामुमकिन है। मैं अपने डैड को फिरसे उनके पैरों पर खड़े होते, बिना सहारे के चलते देखना चाहता हूँ। क्या आप अपने बेटे के लिए इतना नही कर सकते? मेरी खुशी के लिए ठीक हो जाइये।"

शान की आँखों मे नमी तैर गयी थी जिसे उसने अंदर ही सुखा लिया। उसकी बातों से सुभाष जी भावुक हो उठे उन्होंने भारी गले से कहा,

"हम बहुत बुरे बाप है न? जब बाप बेटे को संभालता है तबसे आप हमें संभाल रहे है। हमने अपनी किस्मत के दुखो को आपके नसीब से जोड़ दिया। पर हम क्या करे, हम आपके लिए कुछ नही कर सकते। आप चाहते है की हम फिरसे पहले जैसे हो जाए पर बेटा ये नामुमकिन है, हमारी ज़िंदगी थी और अपने साथ साथ वो हमारे जीने की चाह को भी ले गयी। अब ये जीवन बोझ लगता है हमें।"

"आप फिरसे वही बात लेकर बैठ गए, भूल जाइये न सब। जिनके लिए आप अपनी ज़िंदगी कुर्बान कर रहे है वो तो आपको सालों पहले छोड़ गयी, अब तो वो सुकून से अपनी ज़िंदगी बिता रही होंगी।... वो मेरी माँ नही थी डैड जिन्होंने मेरे डैड को धोखा दिया अपने आठ साल के बच्चे को छोड़कर चली गयी, किसलिए सिर्फ पैसों के लिए, वो मेरी क्या किसी की भी माँ कहलाने के लायक नही है।

जब वो आपको भुलाकर अपनी ज़िंदगी जी रही है तो आप क्यों उनकी याद मे आज तक खुदको तड़पा रहे है? वो हमारी कोई नही लगती। मेरे लिए आप है और आपके लिए आपका बेटा। मेरे लिए ठीक हो जाइये please" शान का चेहरा दर्द से सराबोर था, वही सुभाष जी की आँखों मे नमी तैर गयी थी उन्होंने अंशिका को गोद से उतारते हुए कहा, "बाहर जाइये हमें अकेला रहना है।"

वो खुदसे ही लेटने लगे तो शान ने उन्हें अच्छे से लिटाया फिर अंशिका को देखा जो अपनी नीली नीली आँखों से उसे ही देख रही थी क्योंकि उसे तो कुछ समझ ही नही आ रहा था।

शान ने उसे अपनी गोद मे उठा लिया, सुभाष जी को देखा जो उसके तरफ पीठ किये लेटे थे और फिर मायूस होकर बाहर निकल गया।

डाइनिंग एरिये मे जाकर वो खामोशी से अपनी चेयर पर बैठ गया। उसने अंशिका को खाना खिलाया पर एक शब्द नही बोला तो दोनों समझ गए कि अंदर क्या हुआ होगा। क्योंकि हरकुछ दिनों मे यही होता था। जब भी इस बात पर सुभाष जी और शान की बात होती तो यही होता था। उसका मूड ठीक करने के लिए अर्पिता जी ने मुस्कुराकर कहा, "हम आप दोनों को कुछ बताना तो भूल ही गए।"

"क्या बताना भूल गयी आप? हमें भी पता चले कि ऐसी कौनसी बात है जिसे बताते वक़्त आप इतना खुश हो गयी है," सुयश जी ने मुस्कुराकर सवाल किया तो अर्पिता जी ने शान को देखा वो भी उन्हें भी देख रहा था। अब उन्होंने आगे कहा,

"कल हम छाया के साथ मार्केट गए थे। वहाँ हमें हमारी कॉलेज की फ्रेंड मिली। उनकी बेटी की शादी है चार दिन बाद और उन्होंने हमें सह परिवार आमंत्रित किया है। हम तो सोच रहे है बहुत अच्छा मौका है।

सालों बाद हमें हमारी दोस्त मिली है तो हम तो शादी के हर फंक्शन मे शामिल होना चाहते है इसी बहाने अपनी दोस्त के साथ वक़्त भी बिता लेंगे और उसकी मदद भी करवा देंगे। वो अकेली है ना, उसके पति की एक हादसे मे मौत हो गयी है है, तो उसे सब अकेले संभालना पड़ रहा है। हम रहेंगे तो उन्हें सहारा मिल जाएगा। आप दोनों क्या कहते है?"

अब उन्होंने दोनों को देखा तो सुयश जी ने मुस्कुराकर कहा, "ये तो आपने बहुत अच्छा सोचा है, बेटी की शादी है तो बहुत काम होगा, उन्हें आपकी मदद की ज़रूरत होगी। हम तो कहते है आप कुछ नौकरों को भी ले जाइयेगा और अगर पैसों की ज़रूरत हो तो भी उनकी मदद कर दीजियेगा। वैसे कबकी है शादी?"

"कल हल्दी है, फिर अगले दिन मेहंदी और लेडिज़ संगीत और फिर शादी। हम सोच रहे थे की शादी मे हम सब चलेंगे उसे अच्छा लगेगा," अर्पिता ने मुस्कुराकर जवाब दिया।

शान अब तक बिना किसी भाव के सब सुन रहा था अब उसने उनकी बात खत्म होते ही झट से कहा, "बड़ी माँ आप और बड़े चले जाइयेगा।

मेरे पास वक़्त नही है और वैसे भी मैं वहाँ जाकर क्या करूँगा? मैं अंशिका के साथ रुक जाऊंगा। मैं नही चाहता अभी वो दुनिया की नजर मे आए इसलिए वो कही बाहर नही जाएगी।"

"ठीक है बेटा पर आप कब तक उन्हें घर मे रखेंगे? वो अब बड़ी हो गयी है उन्हें स्कूल तो जाना होगा। क्या आप उनका एडमिशन नही करवाएंगे?" अब सुयश जी ने उससे सवाल किया तो शान ने अंशिका को देखते हुए कहा, "अभी एडमिशन मे टाइम है मैं तब तक कुछ सोच लूंगा। आप दोनों खाना खाइये, मेरी फाइनेंशियर्स के साथ मीटिंग है तो मुझे जाना होगा।" इतना कहकर शान ने अंशिका के माथे के चूम लिया, उसे ध्यान रखने का कहा फिर छाया को कुछ इशारा किया और वहाँ से निकल गया।

To be continued...

आगे की स्टोरी अगले चैप्टर में।

100%