Destined to be mine Ch. 1

Destined to be mine - Chapter 1

Posted by Aarya Rai • Apr 09, 2025 08:08 PM

पुणे, मुंबई। सुबह छह बजे। एक पचास गज का घर, जिसमें दो कमरे, एक रसोई और एक बड़ा सा हॉल था। हॉल के बायें ओर खुली रसोई थी, जहाँ एक सुन्दर युवक खाना बना रहा था। तभी एक कमरे से एक लड़की, अपने लम्बे सुनहरे बालों को जूड़े में बाँधते हुए, बाहर निकली।

उसकी उम्र लगभग तेईस-चौबीस साल रही होगी। दूधिया रंग, वह बेहद दुबली-पतली नहीं थी; थोड़ी हेल्दी लग रही थी, और यह उस पर खूब जँच रहा था। गोल-मटोल गाल, जिन्हें देखकर खींचने का मन करता था। शांत चेहरा, भूरी-भूरी आँखें, और गुलाब की पंखुड़ियों जैसे कोमल, गुलाबी, पतले होंठ, जिन पर हल्की मुस्कान थी। देखने में बेहद खूबसूरत, जैसे भगवान ने अपनी सारी कला उसके रूप में उकेरी हो। उसने एक सादा हरा कुर्ता और सलवार पहना हुआ था, गले में चुनरी लटक रही थी। वह उस युवक के पास जाकर खड़ी हुई और मुस्कुराकर बोली,

"तुम क्यों बनाने लगे? मुझे उठा दिया होता, मैं बना देती।"

आवाज़ सुनकर युवक ने उसकी ओर देखा और मुस्कुराकर बोला, "गुड मॉर्निंग।" फिर उसने चाय का एक कप उसकी ओर बढ़ाते हुए कहा, "लो, चाय पियो और काम की चिंता मत किया करो, मैं मैनेज कर लूँगा। और केयरटेकर के लिए बोला हुआ है, जल्दी ही कोई न कोई काम करने वाली मिल जाएगी, जो काम भी करेगी और हमारी प्रिंसेस का ध्यान भी रखेगी।"

लड़की ने कप लिया और घूँट लेने के लिए उसे उठाते हुए बोली, "जितना आसानी से तुमने कहा, यह उतना आसान नहीं है। जानते हो, मिष्टि किसी को टिकने ही नहीं देती।"

उसकी बात सुनकर वह युवक मुस्कुराया। फिर चाय की चुस्की लेते हुए बोला, "अब ढंग की कामवाली मिलती ही नहीं, तो इसमें मिष्टि की क्या गलती है?"

"हाँ, तुम और तुम्हारी प्रिंसेस, कोई पसंद आती ही नहीं उसे, और तुम उसके नखरे उठाते रहते हो। ऐसे तो मिल गई हमें काम करने वाली, जानते नहीं हो, वह जानबूझकर हर आने वाले को इतना परेशान करती है कि बेचारी एक दिन से ज़्यादा टिक ही नहीं पाती।"

लड़की ने नाक सिकोड़ते हुए कहा। जवाब में युवक के होंठों पर हल्की मुस्कान छा गई। "ठीक ही तो है। किसी और के भरोसे अपनी गुड़िया को कैसे छोड़ सकता हूँ मैं? उसका ध्यान मैं खुद ही रख लिया करूँगा। और यह हम दोनों के बीच की बात है, तो तुम्हें बीच में पड़ने की ज़रूरत नहीं है। चलो, चाय पीकर बताओ कैसे बनी है।"

लड़की ने मुँह बनाते हुए घूँट लिया और चाय का घूँट भरते ही उसकी आँखें बंद हो गईं। उसने चाय के स्वाद में खोते हुए कहा, "उम्मह.........तुम्हारी चाय का तो कोई जवाब ही नहीं। इंसान की सारी थकान इसके एक घूँट भरने से ही उतर जाती है। मैं तो कहती हूँ, यह इंजीनियरिंग तो तुमने बेवजह ही कर ली, अपने टैलेंट को पहचानते और चाय की दुकान खोल ली होती। मैं गारंटी के साथ कह सकती हूँ, खूब कमाई होती तुम्हारी।"

लड़की ने शरारत से मुस्कुराते हुए आँखें मटकाईं। लड़के ने नाराज़गी से उसे घूरा और उसके सर पर चपत लगा दी। "पागल लड़की! मैं क्या तुम्हें चाय बेचने वाला नज़र आता हूँ? इतनी अच्छी जॉब है मेरी, मुझे नहीं खोलनी चाय की दुकान। वैसे भी, मेरे हाथों की स्पेशल चाय सिर्फ़ कुछ स्पेशल लोगों के लिए ही है, हर किसी को इसका स्वाद चखाने का मेरा कोई इरादा नहीं है। इसलिए ज़्यादा ख्याली पुलाव मत बनाओ और चुपचाप चाय पियो।"

लड़की ने अपना सर सहलाते हुए मुँह फुलाकर उसे देखा। उसने उसके गालों को खींचते हुए कहा, "कितनी क्यूट हो तुम! बिल्कुल टेडी बियर जैसी। और हमारी प्रिंसेस बिल्कुल तुम पर गई है। माँ क्यूट तो बेटी सुपर क्यूट। वैसे, हमारी शैतान गुड़िया कहाँ है? अभी उठी नहीं क्या? घर में उसके रहते इतनी शांति कुछ हज़म नहीं होती।"

उसकी बात सुनकर लड़की के चेहरे पर प्यारी सी मुस्कान फैल गई। उसने कमरे की ओर देखते हुए मुस्कुराकर कहा, "रात को मस्ती कर रही थी, देर से सोई है, तो अभी जगी नहीं है। अगर जाग गई होती, तो तूफ़ान नहीं आ गया होता अभी तक।"

"तुमने बेवजह ही मेरी प्रिंसेस को बदनाम किया हुआ है। इतनी भी शैतानी नहीं करती है वह। अपनी उम्र के बच्चों से कहीं गुना ज़्यादा समझदार है।" उसने गर्व भरी मुस्कान के साथ कहा। तो लड़की अपने ख्यालों में खो गई।

"Hmm, सही कहा तुमने। अपनी उम्र से ज़्यादा समझदार है। कभी-कभी तो मुझे उसकी समझदारी देखकर डर लगता है। इतनी सी उम्र में इतनी बड़ी-बड़ी बातें करती है। डर लगता है, कहीं अपनी प्रॉब्लम के चक्कर में मैं उससे उसका बचपन तो नहीं छीन रही।"

"तुम्हें परेशान होने की ज़रूरत नहीं है। हमारी प्रिंसेस से उसका बचपन नहीं छिनेगा। वह समझदार है क्योंकि अपनी समझदार माँ पर गई है। पर उसका बचपना उससे छीना नहीं है और हमारे रहते ऐसा कभी होगा भी नहीं।"

उस लड़के ने प्यार से उसके सर को सहलाते हुए समझाया। लड़की पलकें उठाकर उसे देखने लगी। "मैं कभी-कभी सोचती हूँ कि अगर उस रोज़ मुझे तुम नहीं मिले होते, तो मेरा और मिष्टि का क्या होता? इसके बारे में सोचकर भी मुझे डर लगने लगता है। एक बिन बाप की बच्ची को दुनिया में लाना और उसकी परवरिश करना बहुत मुश्किल है। पता नहीं, मैं ऐसा कर भी पाती या अपने हालातों से लड़ते हुए कहीं अंधेरे में दम तोड़ देती। शायद मिष्टि इस दुनिया में आ ही नहीं पाती।"

वह आगे कुछ कह पाती, उससे पहले ही लड़के ने उसकी बात काटकर कहा, "जो हुआ नहीं, उसके बारे में सोचने की ज़रूरत नहीं। तुम और मिष्टि अकेली नहीं हो, मैं हूँ तुम्हारे साथ और हमेशा रहूँगा भी। बेवजह इन बेकार की बातों को सोचकर अपना और मेरा दिन खराब करने की ज़रूरत नहीं है। जाकर तैयार हो जाओ, फिर मिष्टि को भी उठा देना। जाते हुए उसे प्ले स्कूल में छोड़ दूँगा।"

उसकी बात सुनकर लड़की ने अपने आँसुओं को साफ़ किया और मुँह लटकाकर बोली, "मुझे आज कहीं नहीं जाना, तो तुम तैयार हो जाओ। मैं काम भी कर लूँगी और मिष्टि को स्कूल भी छोड़ आऊँगी।"

"नहीं जाना मतलब?" लड़के ने भौंहें चढ़ाते हुए गहरी निगाहों से उसे देखा, जिसने उसे नज़रें चुराने पर मजबूर कर दिया। "मतलब तुम्हें बताने की ज़रूरत तो नहीं, तुम इसका मतलब बहुत अच्छे से समझते हो।"

"मतलब एक बार फिर तुमने जॉब छोड़ दी।" लड़के ने ऐसे कहा, जैसे मामूली सी बात हो। उसकी बात सुनकर लड़की ने मुँह बनाते हुए कहा, "तो और क्या करती? मैंने तो बस जॉब छोड़ी ही है। मन तो कर रहा था कि उस बूढ़े को इतना मारूँ कि सारी रंगीनी एक बार में ही निकल जाए।"

जिस अंदाज़ में उस लड़की ने यह बात कही, उस लड़के की हँसी छूट गई। "यार आध्या, तुमने तो वर्ल्ड रिकॉर्ड बना लिया है। इतनी तो लड़कियाँ बॉयफ्रेंड नहीं बदलतीं जितनी तुम जॉब बदलती हो। हर महीने के अंत में मुझे एक नई गुड न्यूज़ सुनने को मिलती है। अब तो इसकी इतनी आदत पड़ गई है कि गलती से अगर कभी किसी महीने तुम्हारे मुँह से यह बात नहीं सुनता, तो लगता ही नहीं कि तुम मेरी ही आध्या हो।"

उसको हँसता देख आध्या ने मुँह बना लिया। "अब इसमें मेरी क्या गलती है? हर आदमी को मेरा काम नहीं, बल्कि खूबसूरती दिखती है। मुझे तो समझ नहीं आता, मैं तो आजकल की लड़कियों की तरह स्लिम-ट्रिम भी नहीं हूँ, फ़ैशन सेंस भी बिल्कुल ज़ीरो है मेरा, मेकअप नाम की बाला से भी कोसों दूर रहती हूँ और इतने डिसेंट कपड़े पहनती हूँ, फिर भी लोग मेरे पीछे पड़ जाते हैं। मैं इज़्ज़त से दो पैसे कमाना चाहती हूँ, पर यह दुनिया मेरी इज़्ज़त के ही पीछे पड़ जाती है। जहाँ भी काम करने जाओ, वहाँ ऐसे लीचड़ इंसान मिल जाते हैं कि मुझे जॉब छोड़नी ही पड़ती है।"

आध्या के चेहरे पर उदासी और मायूसी देखकर लड़के ने उसके कंधे पर हाथ रखते हुए कहा, "मैंने तुम्हें इतनी बार कहा है कि तुम्हें काम करने की ज़रूरत नहीं है। मैं हूँ ना। तुम बस घर पर रहकर मिष्टि की परवरिश करो, तुम्हारी और उसकी ज़िम्मेदारी मैं उठाऊँगा। ऐसे तुम मिष्टि पर भी ध्यान दे पाओगी।"

"मैं ऐसा कैसे कर सकती हूँ? वैसे ही तुम मेरे और मिष्टि के लिए इतना करते हो। हर दूसरे महीने मुझे जॉब छोड़नी ही पड़ जाती है। तुम्हीं तो सब खर्च उठाते हो। अगर तुम नहीं होते, तो मैं कभी मिष्टि को इस दुनिया में ला ही नहीं पाती। तुम्हारे वैसे ही बहुत एहसान हैं, और कितना एहसान लूँ तुमसे? मैं मिष्टि को अपने बल पर पालना चाहती हूँ। उसे दुनिया में लाने का फैसला मेरा था, फिर भी तुम उसका सारा खर्च उठाते हो। मैं चाहकर भी तुम्हारी मदद नहीं कर पाती, पर मैं हार नहीं मानूँगी। अंत तक कोशिश करूँगी, भगवान कभी तो मुझ पर तरस खाएँगे। मैं फिर से जॉब ढूँढूँगी और कोशिश करूँगी कि इस बार किसी ऐसी कंपनी में काम मिले जहाँ का मालिक मेरे काम को देखे, मुझे नहीं।"

आध्या की बात सुनकर समीर ने गंभीरता से कहा, "आध्या, तुम मेरे लिए मेरी बहन और दोस्त दोनों हो। मैंने कभी तुम्हें या मिष्टि को पराया नहीं समझा है, और न ही मैंने तुम पर या मिष्टि पर कोई एहसान किया है। तुम्हारे आने से तो मुझे कंपनी मिल गई, फिर मिष्टि जैसी प्यारी सी गुड़िया भी तो तुम ही ने मुझे दी है। चाहे कितना ही परेशान होऊँ, पर उसकी एक मुस्कान मेरी सारी परेशानी खत्म कर देती है। तुम अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती हो तो मैं तुम्हें रोकूँगा नहीं, पर इतना याद रखना कि मैं हूँ तुम्हारे साथ और हमेशा रहूँगा। अगर जॉब नहीं भी मिलती, तब भी मैं हूँ। मैं अपनी बहन और प्रिंसेस को एक आराम की ज़िंदगी दे सकूँ, इतना कमा लेता हूँ।"

"हाँ, पता है मुझे। एक यही वजह है जो मैं भगवान से कभी शिकायत नहीं करती। उन्होंने भले ही मुझसे सब छीन लिया हो, मेरी ज़िंदगी को बस मुश्किलों से भर दिया हो, फिर भी उन्होंने उन सब के बदले मुझे तुम्हारे जैसा दोस्त दिया है। तुम्हारे और शिल्पा के वजह से ही मैं इतनी परेशानियों के बाद भी, यहाँ तक पहुँच पाई हूँ। मिष्टि को जन्म देने के बाद से तुमने उसे ऐसे संभाला जैसे मैं भी नहीं संभाल पाई। मेरी ज़िंदगी में आज जो भी है, सब तुम्हारे और शिल्पा के वजह से ही है।

किसी ने सही ही कहा है कि अगर आपके पास सच्चे दोस्त हैं तो आप बहुत खुशकिस्मत हो, क्योंकि वे तुम्हारा साथ हर मुश्किल में देंगे, जब हर कोई आपके खिलाफ़ हो, तब भी वे तुम्हारे साथ खड़े रहेंगे। दोस्ती का रिश्ता बहुत खास होता है और मैं बहुत खुशकिस्मत हूँ जो मुझे एक नहीं, दो-दो दोस्त मिले हैं जो हर मुश्किल घड़ी में मेरी हिम्मत बनकर मेरे साथ खड़े रहते हैं।"

उसकी बात सुनकर समीर ने मुस्कुराकर कहा, "चलो, अब बहुत तारीफ़ कर ली तुमने हमारी। अब जाकर फ़्रेश हो जाओ और मेरी जादू की छड़ी को भी उठा देना। मैं ब्रेकफ़ास्ट तैयार करता हूँ।"

आध्या कुछ कहने जा ही रही थी कि समीर ने उसे धक्का देते हुए किचन से बाहर निकाल दिया। आध्या भी मुस्कुराकर अपने कमरे की ओर बढ़ गई। कमरे में जाते ही उसकी नज़र बिस्तर पर सोई हुई बच्ची पर गई। तीन से चार साल की लड़की लग रही थी, जिसके जूड़े में बंधे बाल उसके कंधे से थोड़े नीचे तक आ रहे थे। उनमें से निकलते छोटे-छोटे बाल उसके माथे और गर्दन पर फैले हुए थे। अपनी माँ की तरह ही एकदम गोरा रंग, गुलाबी पतले-पतले होंठ, सुपर क्यूट चेहरा, चबी चीक्स, इतनी क्यूट लग रही थी वह कि उसे देखकर हर किसी के चेहरे पर मुस्कान आ ही जाए।

कितनी ही बड़ी प्रॉब्लम हो, पर बस उसकी एक झलक दिल को सुकून देने के लिए काफी थी। उसे देखकर आध्या की मुस्कान बड़ी हो गई। उसने उसकी ओर कदम बढ़ा दिए। उसके पास जाकर उसने उसके माथे और चेहरे पर फैले बालों को पीछे किया और प्यार से उसके माथे को चूम लिया। तो मिष्टि के चेहरे पर हल्की सी मुस्कान फैल गई।

पर आध्या के मुस्कुराते लब सिमट गए और वह आँखें छोटी-छोटी करके उसे घूरने लगी।

जल्द ही...

100%