अग्नि प्रतिज्ञा - Chapter 3
रोनित ने अपना सर पीट लिया और कहा, "अरे बुद्धू! तेरी हल्दी की रस्म होनी है, तुझे मैरिनेड किया जाएगा, उसी के बाद ना तुझे धीमी आँच पर भुना जाएगा।"
अग्नि हँसते हुए रोनित के माथे पर एक टपकी मारी और कहा, "कभी तो सुधर जा!"
अग्नि ने रोनित को जल्दी चलने के लिए कहा। रोनित ने बाकी सारा काम म्यूजिक डायरेक्टर को बताकर वहाँ से निकल गया।
रोनित और अग्नि सभरवाल मेंशन की तरफ़ जा रहे थे। रास्ते में अग्नि ने गाड़ी मोड़ दी और दूसरी दिशा में ले गया। रोनित हैरान होकर कह रहा था, "अरे यार! अब गाड़ी क्यों मोड़ दी? कौन से रास्ते से घर चलना है? अंकल वैसे ही मुझ पर भड़क रहे हैं, तू लगता है आज मुझे मारकर ही मानेगा।"
अग्नि ने हँसते हुए रोनित को देखा, लेकिन उसने अपनी गाड़ी नहीं रोकी और उसी दिशा में चलता रहा। अग्नि की गाड़ी के पीछे उसके बॉडीगार्ड की गाड़ी आ रही थी। थोड़ी देर में सारी गाड़ियाँ एक मॉल के एंट्रेंस पर आकर रुक गईं।
रोनित ने अग्नि से कहा, "तुझे शॉपिंग करनी है? क्या तू पागल हो रहा है? जल्दी से घर चल! क्योंकि अगर मैं तुझे घर ले जाने में लेट हो गया ना, तो मेरी इतनी पिटाई होगी कि जो हल्दी तुझे लगानी है ना शगुन के तौर पर, वह मुझे लगेगी मरहम के तौर पर।"
अग्नि ने डैशबोर्ड से अपना मास्क और सनग्लास निकाला, मास्क लगाते हुए कहा, "घर वाले तो मेरी शक्ल देखकर पिघल जाएँगे, पर वहाँ पर इस अग्नि के लिए कोई फायर बनी बैठी है। वह इतनी आसानी से नहीं पिघलने वाली।"
अग्नि के कहने के अंदाज़ से रोनित समझ गया कि अग्नि निशा की बात कर रहा था।
अग्नि ने बॉडीगार्ड को आने से मना कर दिया और खुद रोनित के साथ मॉल के अंदर चला गया।
वह जल्दी से एक ज्वेलरी शॉप में गया और वहाँ पर बहुत ही प्यारी और खूबसूरत सी इयररिंग्स निशा के लिए सेलेक्ट की।
अग्नि के सनग्लासेस और मास्क की वजह से उसका चेहरा रिवील नहीं हो रहा था, वरना अब तक तो इस मॉल में भीड़ इकट्ठी हो जाती।
रोनित कैश काउंटर पर बिलिंग करवा रहा था और अग्नि कुछ और सर्च कर रहा था। एक दूसरी शॉप में फूल दिखे तो अग्नि उस शॉप की तरफ़ चल दिया, पर इससे पहले कि वह उस शॉप की तरफ़ बढ़ता, वह किसी से टकरा गया।
अग्नि का सनग्लास उसके चेहरे से उतर गया। उसने जल्दी से सनग्लास हाथ में कैच किया और दोबारा लगाते हुए सामने वाले शख्स को देखा।
अग्नि की आँखों में गुस्सा उतर आया, क्योंकि उसके सामने उस वक्त उसका म्यूजिक राइवल, शुभ सक्सेना, खड़ा था।
अग्नि के आने से पहले शुभ ही इस इंडस्ट्री का नंबर वन रॉकस्टार हुआ करता था, लेकिन अग्नि ने आकर शुभ की पोजीशन छीन ली थी। वह ना सिर्फ़ नंबर वन बना, बल्कि नंबर वन की पोजीशन को उसने मेंटेन रखा।
शुभ अभी भी म्यूजिक इंडस्ट्री में काम करता था, लेकिन उसकी पहचान घटती जा रही थी, और अब वह अग्नि जितना फेमस नहीं था, बल्कि उसके कुछ ही फैंस थे। जो सब कुछ पहले शुभ का हुआ करता था, अब वह अग्नि का था।
शुभ और अग्नि हमेशा म्यूजिक इवेंट्स और म्यूजिक पार्टी में मिलते रहते थे। इन दोनों के बीच सिर्फ़ काम की दुश्मनी थी, ये दोनों एक-दूसरे की पर्सनल लाइफ़ में कोई इंटरफेयर नहीं करते थे, लेकिन आज शुभ के इरादे नेक नहीं लग रहे थे।
हालाँकि शुभ अब उतना फेमस नहीं था, लेकिन फिर भी वह एक सेलिब्रिटी ही था, इसलिए उसने भी अपना चेहरा ढँककर रखा हुआ था।
उसने घूरते हुए अग्नि को देखकर कहा, "कंग्रैचुलेशंस!"
अग्नि ने तंज मारते हुए कहा, "तुम मेरी खुशी से कब से खुश होने लगे?"
शुभ ने कहा, "मुझे तुम्हारी खुशी से घंटा फ़र्क नहीं पड़ता है। पर वो क्या है ना, दुश्मन की खुशी का पता होना चाहिए, क्या पता यही वो वक्त हो जब हम दुश्मन पर वार कर सकें।"
दोनों के मास्क की वजह से उनके चेहरे के एक्सप्रेशन नज़र नहीं आ रहे थे, लेकिन बातों से माहौल की गर्माहट पता चल रही थी।
शुभ के ऐसा कहने पर अग्नि के चेहरे पर एक मुस्कान आ गई और वह शुभ को देखते हुए कहता है, "तुम्हें पता है मेरी कामयाबी की असली वजह तुम हो। अगर तुम मुझसे दुश्मनी मोल नहीं लेते और मुझे हराने की कोशिश नहीं करते, तो तुमसे जीतने की चाह में मैं कभी आगे नहीं निकल पाता।"
शुभ ने घूरकर अग्नि को देखा और कहा, "तुमने जानबूझकर अपने कॉन्सर्ट की डेट तब रखी जब मेरा म्यूजिक एल्बम रिलीज़ होने वाला था ना?"
अग्नि ने कहा, "पहली बात, मुझे तुम्हारे काम से कोई मतलब नहीं है। मुझे नहीं पता था कि तुम अपना म्यूजिक एल्बम इसी डेट पर रिलीज़ कर रहे हो। और वैसे भी, मेरे कॉन्सर्ट की डेट्स और मेरे काम का सारा हिसाब मेरी PR टीम देखती है। वह बस मुझे डेट कन्फ़र्म करती है, इसलिए मुझे नहीं पता था कि तुम्हारा म्यूजिक एल्बम भी रिलीज़ होने वाला था। क्या फ़र्क पड़ता है अगर मेरा कॉन्सर्ट हो गया तो? तुम्हारा म्यूजिक एल्बम अगर अच्छा है, तो लोग अपने आप ही उस तरफ़ खिंचे चले जाएँगे। मैं किसी को ज़बरदस्ती से तो अपने कॉन्सर्ट में नहीं बुलाता, और ना ही तुम पैसे देकर अपना म्यूजिक एल्बम हिट करवा सकते हो। यह सब तो ऑडियंस के हाथ में है।"
ऑडियंस चाहे तो कुछ भी कर सकती है, वह चाहे तो मुझे फ़र्श से उठाकर अर्श पर बिठा सकती है और तुम्हें अर्श से उठाकर फ़र्श पर।
शुभ ने घूरकर अग्नि को देखा और कहा, "देखना... एक दिन तुम्हें ऐसा फ़र्श पर पटकाऊँगा कि जिन ऑडियंस के दम पर तुम इतना उछल रहे हो ना, वही तुम्हारे मुँह पर थूक जाएँगी।"
अग्नि ने अपने चेहरे पर एटीट्यूड वाली मुस्कान बरकरार रखते हुए कहा, "मेरे फ़ैंस मुझे बहुत प्यार करते हैं, वे मेरी हर गलती को एक्सेप्ट करते हैं, इसलिए मुझे इस बात की कोई चिंता नहीं है कि वे मुझे कभी गिरी हुई नज़र से देखेंगे... क्योंकि मेरे फ़ैंस तुम जैसे दोगले नहीं होते हैं।"