The Ghost Hunters (A Rebirth Love Story) Ch. 3

The Ghost Hunters (A Rebirth Love Story) - Chapter 3

Posted by Sanyogita • Jan 25, 2025 12:27 AM

यहाँ केबिन में जॉर्डन अपनी कुर्सी पर सिर पकड़कर बैठे थे। नूना वहाँ काउच पर बैठी, केबिन में बिखरे सामान को देख रही थी। सनी और मून की लड़ाई से सामान बिखर गया था। सनी और मून नीचे फर्श पर गिरे पड़े थे। उन दोनों के बीच खड़ी गुन और पैरी आपस में बहस कर रही थीं।

"देखो, अब बहुत हुआ। तुम अपने कार्टून मून को समझा लो कि मेरे सनी से पंगा ना ले, वरना यह उसे नंगा कर देगा।" पैरी ने सामने खड़ी गुन से कहा।

"समझाने का ठेका क्या केवल मैंने लिया है? तुम नहीं समझा सकती अपने फनी सनी को कि मेरे मून से ना भिड़े, वरना वह इसके चिथड़े कर देगा।" गुन ने उसी लहजे में कहा।

तभी किंचु, निक, चैरिज़ा और रैपिड केबिन में आ गए। केबिन की हालत देखकर वे चारों हैरान रह गए।

"ऊ ला ला..ये क्या भूकंप आया यहाँ पर?" किंचु चारों तरफ देखते हुए बोला।

रैपिड और निक नीचे गिरे सनी और मून की तरफ भागे। निक ने सनी को सहारा देते हुए उठाने की कोशिश करते हुए कहा, "बिद ब्रदर! ये सब त्या तिया आपने?"

"ये सब मुझ अकेले का किया धरा नहीं है।" सनी ने सामने मून की तरफ देखकर बोला।

रैपिड भी मून को सहारा देकर उठाने की कोशिश कर रहा था। मून ने सनी की बात का जवाब देते हुए कहा, "सही कहा तुमने, ताली एक हाथ से थोड़े ही बजती है।"

"गलत कह रहे हो मून! ताली एक हाथ से बज जाती है, ऐसे.." रैपिड ने मून से कहा और उसे एक चांटा मार दिया। पूरे केबिन में उस पल के लिए सन्नाटा छा गया।

लेकिन फिर किंचु की हँसी की आवाज गूँजी। वह सनी के पास आते हुए बोला, "एकदम सही बोला रैबिट, ताली एक हाथ से बज जाती है और कभी-कभी एक हाथ से ताली बजाना बहुत ज़रूरी होता है।" यह कहकर उसने भी सनी को एक चांटा मार दिया।

सनी और मून ने दोनों का चांटा सह लिया क्योंकि किंचु और रैपिड टीम के सीनियर थे।

किंचु की उम्र 27 साल है। वह इस टीम का मुख्य रणनीतिकार है, नटखट और शरारती है, टीम का मिशन लीडर है और मिशन से संबंधित सारी प्लानिंग यही करता है।

रैपिड की उम्र भी 27 साल है। वह इस टीम का सिक्योरिटी स्पेशलिस्ट है, स्वभाव से हँसमुख है और अपनी टीम के लिए एक मोरल बूस्टर है। वह हर परिस्थिति में उनका मनोबल बढ़ाता है और अगर कोई धमा-धूम मचाने की कोशिश करे तो उसे चांटा भी जड़ देता है, जैसे अभी मून को जड़ दिया।

सनी और मून को चांटा पड़ने के बाद गुन और पैरी शांत हो गईं, यह सोचकर कि कहीं अब उनके सीनियर से उन्हें चांटा ना पड़ जाए।

चांटा खाने के बाद मून शांत हो गया, लेकिन सनी और भी भड़क गया। उसने सामने खड़े मून की तरफ देखकर कहा, "आप लोग चाहे कुछ भी कर लो, लेकिन मैं इसके साथ इस मिशन पर कभी नहीं जाऊँगा, दैट्स इट।" यह कहकर वह केबिन से बाहर निकल गया।

उसके जाने के बाद मून बोला, "अब मेरे कुछ भी बोलने का कोई मतलब नहीं है। जब वह ही मेरे साथ नहीं जाना चाहता तो मैं क्यों ज़बरदस्ती करूँ? मैं भी नहीं जाऊँगा।" यह कहकर वह भी केबिन से बाहर निकल गया।

उन दोनों के जाने के बाद केबिन में फिर से सन्नाटा छा गया। कुछ पल बाद इस सन्नाटे को पैरी ने तोड़ा और उन सबसे बोली, "लगता है आप लोगों को कोई और रास्ता निकालना होगा।"

"हाँ, एक ही मंजिल पर पहुँचने के कई रास्ते होते हैं। जब एक रास्ता बंद हो जाए तो दूसरा रास्ता ढूँढना चाहिए, दूसरे के बाद तीसरा, तीसरे के बाद चौथा…" गुन ने कहा।

"और चौथा ढूँढते-ढूँढते एक दिन चौथा हो जाएगा, है ना?" किंचु ने उसकी बात को अपने तरीके से पूरा करते हुए कहा और हँस दिया। उसकी बात पर उस तनावपूर्ण माहौल में भी सभी को हँसी आ गई।

उसके बाद अपनी कुर्सी पर बैठे जॉर्डन उठकर खड़े हुए और उन सबसे बोले, "देखो मेरी घोस्ट हंटर टीम के प्यारे-प्यारे बच्चों! इस मिशन के लिए हमारी टीम में सनी और मून से बेहतर कोई नहीं है। कहीं ना कहीं मुझे ऐसा लगता है कि ये दोनों ही उस महल की मिस्ट्री को सुलझा सकते हैं। इसलिए मैंने बहुत सोच-समझकर इन्हें इस मिशन के लिए चुना है और अब यह तुम सब की ज़िम्मेदारी है… कुछ भी करो, लेकिन इन दोनों को इस मिशन पर जाने के लिए तैयार करो।"

यह सुनकर किंचु, निक, गुन, पैरी, रैपिड और चेरिज़ा एक-दूसरे की तरफ देखने लगे।

नूना जल्दी से जॉर्डन के पास आई और बोली, "सर, हमने अभी कितनी कोशिश करके देख ली, कोई फ़ायदा नहीं हुआ। मैं तो कहती हूँ उन दोनों को छोड़िए और…" उसने वहाँ खड़ी गुन और पैरी की तरफ इशारा किया, "…इन दोनों को भेज दीजिए।"

"हमने एक बार कह दिया ना कि हम दोनों नहीं जाएँगी!" वे दोनों एक ही सुर में एक साथ बोलीं।

सब लोग अपनी फटी आँखों से उन दोनों को देखने लगे। सबको अपनी तरफ देखता पाकर वे दोनों एक-दूसरे को गुस्से में घूरने लगीं और मुँह बिचकाकर वहाँ से चली गईं।

"पक्का इन दोनों के बीच की दाल काली है।" रैपिड ने उन दोनों को अपनी शक़ी निगाहों से देखते हुए कहा।

"शायद दिल में प्यार और होंठों पर गाली है, है ना!" किंचु ने अपने पास खड़े निक को देखकर आँख मारी। निक चिढ़कर दूसरी तरफ मुँह फेर लिया। यह देख किंचु को हल्की सी हँसी आ गई।

निक इस टीम का सबसे छोटा और प्यारा मेंबर है, जिसकी उम्र 20 साल है। बेचारा तुतलाता भी है, जिस पर सब हँसते हैं, जिसमें किंचु कुछ ज़्यादा ही हँसता है, इसका मज़ाक बनाता है, इसे चिढ़ाता है, डराता है, लेकिन मन ही मन प्यार भी बहुत करता है, पर अभी मासूम निक उसके प्यार को नहीं समझ पाया है।

इधर चैरिज़ा रैपिड के थोड़ा करीब खड़ी होकर बोली, "दूसरों की काली दाल में तो तुम्हें बहुत इंटरेस्ट है, खुद की दाल कुकर में कब चढ़ाओगे?"

उसके करीब आने से रैपिड सकपका गया और एक कदम पीछे होकर बोला, "मुझे दाल पसंद ही नहीं है, हेहेहेहे।" वह ज़बरदस्ती हँस दिया, जिसे देख चैरिज़ा का मुँह बन गया।

चैरिज़ा काफी तेज-तर्रार, डेयरिंगबाज़ और स्ट्रोंग लड़की है, उम्र 29 साल। यह किंचु की बड़ी बहन है और रैपिड से भी बड़ी है। इन्हें अपनी स्कूल और कॉलेज लाइफ में कभी कोई पसंद नहीं आया, लेकिन जब इन्होंने टीम जॉइन की तो इनकी मुलाक़ात रैपिड से हुई, जो इन्हें पहली नज़र में ही भा गया, लेकिन रैपिड लड़कियों के मामले में थोड़ा शर्मीला है, इसलिए चैरिज़ा से दूर भागता है।

सनी ऑफिस के अंदर से निकलकर बाहर एक सुंदर से बगीचे में आ गया था। उसके पीछे-पीछे मून भी आ रहा था। सनी बगीचे में से होकर सामने महल के गलियारे तक आया।

"आआईईई....."

यह आवाज मून की थी। सनी ने पीछे पलटकर देखा तो बगीचे की फिसलन भरी मिट्टी में मून गिर गया था। उसे देखकर सनी के चेहरे पर ऐसे भाव थे जैसे वह कह रहा हो कि अच्छा हुआ, इसके साथ यही होना चाहिए था।

तभी गुन ने आकर मून की उठने में मदद की और सामने गलियारे में जा रहे सनी की तरफ देखकर बोली, "इंसान को इतना भी पत्थर दिल नहीं होना चाहिए, कम से कम गिरे हुए की उठने में मदद तो कर ही सकते थे।"

"इंसान को अपनी हेल्प खुद करनी चाहिए।" पैरी उन दोनों के पास से गुजरते हुए बोली और गलियारे में खड़े सनी के साथ आकर खड़ी हो गई।

गुन कुछ कहना चाहती थी तो मून ने उसे रोका, "रहने दो गुन, मेरे लिए तुम इन दोनों से बार-बार लड़ाई मत किया करो, मैं अपनी लड़ाई खुद लड़ सकता हूँ।"

इधर सनी ने भी पैरी से तीखे लहजे में कहा, "और तू भी बार-बार मेरे फटे में टांग ना अड़ाया कर, तुझे अपनी दोस्त मान लिया वही बहुत बड़ी बात है, वरना तुझको तो मैं घास भी ना डालूँ।" यह कहकर वह आगे बढ़ गया।

इस वक्त पैरी की शक्ल देखने लायक थी, जिसे देख गुन होंठ भींचकर हँस दी। मून ने कोहनी मारकर उसे चुप कराया, लेकिन पैरी उसे हँसते हुए देख चुकी थी। लेकिन उसने गुन से कुछ नहीं बोला और पलटकर वहाँ से चली गई।

"अच्छा, अब मैं भी घर चलता हूँ, काफ़ी टाइम हो गया है।" मून भी जाते हुए बोला।

"ठीक है, संभल कर जाना।" गुन ने उसे बाय करते हुए कहा।

मून ने भी सिर हिला दिया और थोड़ा लड़खड़ाते हुए वहाँ से जाने लगा। शायद गिरने से उसका पैर थोड़ा मुड़ गया था।

सनी उस महल से बाहर निकल आया। बाहर उसकी बाइक खड़ी थी, वह उस पर बैठ गया। उसके पीछे पैरी भी बाहर आ गई। उसने सनी को बाय किया तो उसने भी बस हाथ हिला दिया और बाइक स्टार्ट करके वहाँ से चल दिया। कुछ पल बाद मून भी आया, वह भी वहाँ खड़ी अपनी बाइक पर बैठा और उसे स्टार्ट करके वहाँ से चला गया।

उन दोनों के जाने के बाद पैरी फिर से अंदर जाने लगी, लेकिन तभी उसकी नज़र महल के दरवाज़े पर खड़ी गुन पर पड़ी। उसे देखकर पैरी चिल्लाते हुए उसके पीछे भागी…

"गुन की बच्ची! बहुत हँसती है मेरे ऊपर, अभी बताती हूँ तुझे।"

गुन भी हँसते हुए अंदर भागी। वह भागी तो सही, लेकिन पैरी की पकड़ से बच नहीं पाई। पैरी ने उसे पकड़कर अपनी बाहों में भर लिया और बोली, "उस कार्टून मून के चक्कर में मुझे कितना कुछ सुना दिया तूने।"

"तो तूने भी तो उस फनी सनी के चक्कर में मुझे इतना सुनाया।" गुन उसकी बाहों में कसमसाते हुए बोली।

"हाँ, तो हिसाब बराबर हो गया ना! अब किस बात की नाराज़गी?" यह कहते हुए पैरी मुस्कुरा दी।

उसकी मुस्कान देख गुन के होंठों पर भी प्यारी सी मुस्कान आ गई और वह कसमसाना बंद कर उसकी बाहों में समा गई।

ये दोनों सनी और मून की दोस्त हैं। पैरी हमेशा सनी का पक्ष लेती है तो गुन हमेशा मून का पक्ष लेती है। यह देखकर सबको लगता है कि ये दोनों भी एक-दूसरे से बेहद नफ़रत करती हैं, लेकिन असल में तो ये दोनों एक-दूसरे से बहुत प्यार करती हैं। हालाँकि शुरुआत तो इनकी भी नफ़रत से ही हुई थी, लेकिन यहाँ साथ काम करते-करते इन्हें एक-दूसरे से कब प्यार हुआ, पता ही नहीं चला।

पैरी की उम्र 24 साल है और यह इस टीम की फ़ील्ड ऑपरेटर है। यह मिशन में आने वाली चुनौतियों के बारे में अपनी टीम को अलर्ट करती है, उनसे कैसे निपटा जाए इसके बारे में सजेशन देती है और उन चुनौतियों का सामना करने के लिए अपने मेंबर को तैयार करती है।

वहीं गुन की उम्र 22 साल है, यह इस टीम की मेडिकल स्पेशलिस्ट है। अब इनका काम डिस्क्राइब करने की इतनी ज़रूरत नहीं है, नाम से ही समझ आ रहा है कि मेडिकल स्पेशलिस्ट टीम में क्या करता होगा।

तो ये थी इन घोस्ट हंटर्स की पूरी टीम और उन सब की प्रेम कहानियाँ, जिन्हें अभी तक मंज़िल नहीं मिली।

सनी और मून अपनी मंज़िल की तरफ़ जा रहे थे, यानी घर जा रहे थे। सनी ने एक घर के आगे बाइक रोकी और उस पर से उतर गया। उसी समय मून भी अपनी बाइक लेकर आया और वहाँ रोक दी। सनी ने उसे एक नज़र भी नहीं देखा और घर की तरफ़ बढ़ गया। मून भी बाइक खड़ी कर उस पर से उतरा और सनी के पीछे-पीछे लड़खड़ाते कदमों से उस घर की तरफ़ बढ़ गया।

जारी है…

100%